Parliament Winter Session 2024: लोकसभा-राज्यसभा कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित

Parliament Winter Session Updates: संसद में आज फिर अंबेडकर पर टिप्पणी मुद्दे पर हंगामा हुआ है। कांग्रेस आज फिर देशभर में भाजपा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। वहीं आज संसद में भाजपा वालों ने भी कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और इस दौरान एक बड़ा बवाल भी हो गया।

Parliament Winter Session Day 20 Live Updates

Parliament Winter Session 2024 Update: संसद का शीतकालीन सत्र चल रहा है और आज इसका 20वां दिन था। गत सोमवार को राज्यसभा में संविधान पर चर्चा के बीच गृहमंत्री अमित शाह ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर पर टिप्पणी कर दी थी, जिसे कांग्रेसियों ने बाबा साहेब का अपमान माना। तब से इस मुद्दे पर हंगामा हो रहा है। कांग्रेस संसद से लेकर पूरे भारत में भाजपा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। आज भी विपक्षी सांसदों ने राहुल-प्रियंका के नेतृत्व में संसद के बाहर विरोध मार्च निकाला।

विज्ञापन

LIVE UPDATES

राज्यसभा मेें जेपी नड्डा का बयान

राज्यसभा में बोलते हुए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा कहते हैं कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आज जो किया है, मैं उसकी निंदा करते हुए एक प्रस्ताव लाना चाहता हूं। यह सुनने के बाद राज्यसभा अध्यक्ष ने सदन को कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

राज्यसभा में किरेन रिजिजू का बयान

राज्यसभा में बोलते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू कहते हैं कि राहुल गांधी ने आज 2 बीजेपी सांसदों को धक्का दिया, जो अब अस्पताल में भर्ती हैं। राहुल गांधी के व्यवहार के लिए पूरी कांग्रेस को संसद और देश से माफी मांगनी चाहिए। संसद कोई कुश्ती का अखाड़ा नहीं है।

लोकसभा सदन कल तक के लिए स्थगित

लोकसभा सदन की कार्यवाही स्थगन के बाद ठीक 2 बजे शुरू हुई, लेकिन कांग्रेस के हंगामे को देखते हुए इसे कल 20 दिसंबर दिन शुक्रवार की सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। राज्यसभा सदन की कार्यवाही जारी है।

भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी का बयान

भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि अगर कांग्रेस को कुछ आपत्तिजनक लगा तो उन्होंने संसद में मौके पर इसका जवाब क्यों नहीं दिया? 12 घंटे बाद उन्होंने 12 सेकंड का वीडियो पोस्ट किया। क्या सोरोस सीक्रेट सर्विस ने उन्हें संकेत भेजा था कि अगली सुबह उन्हें 12 सेकंड का वीडियो तैयार करना है। कांग्रेस चाहे लाख चेहरे बदल ले, लेकिन आईना कभी झूठ नहीं बोलता।

कांग्रेस ने सांसद प्रियंका गांधी और पार्टी प्रमुख एवं राज्यसभा नेता मल्लिकार्जुन खड़गे का एक वीडियो साझा किया है, जब उन्हें संसद में प्रवेश करते समय सत्तारूढ़ पार्टी के सांसदों ने कथित तौर पर रोका था। लोकसभा नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा के नेतृत्व में इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने संसद परिसर में बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमा से मकर द्वार तक विरोध मार्च निकाला और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनकी टिप्पणी पर माफी मांगने और इस्तीफे की मांग की।

मल्लिकार्जुन खड़गे का विशेषाधिकार नोटिस

राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 17 दिसंबर 2024 को राज्यसभा में डॉ. अंबेडकर पर अपमानजनक टिप्पणी के लिए केंद्रीय गृह मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार नोटिस प्रस्तुत किया है, लेकिन हंगामे के चलते राज्यसभा सदन को 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। इससे पहले लोकसभा को भंग किया गया था।

प्रमोद तिवारी ने भाजपा पर सवाल उठाए

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी का कहना है कि गृहमंत्री अमित शाह ने जो कहा है, उसे पूरी दुनिया ने देखा है। यह लाइव टेलीकास्ट था। उसके बाद भी वह झूठ बोल रहे हैं। यह देश बाबा साहेब अंबेडकर का अपमान बर्दाश्त नहीं कर सकता। जब तक अमित शाह इस्तीफा नहीं देते और माफी नहीं मांगते, तब तक यही होगा। शांतिपूर्वक अपनी आवाज उठाना जारी रखेंगे।

अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर आरोप लगाया

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि नेहरू-गांधी परिवार ने हमेशा अंबेडकर का अपमान किया। नेहरू ने खुद अंबेडकर के खिलाफ साजिश रची, ताकि वे चुनाव हार जाएं। राजनीति छोड़ने पर मजबूर हो जाएं। कांग्रेस की 3 पीढ़ियों ने बाबा साहेब को भारत रत्न नहीं दिया। जो गांधी परिवार उन्हें प्रताड़ित करता था और नजरअंदाज करता था, आज जब संसद सत्र में देश के सामने उनकी पोल खुल गई है तो वे बाबा साहेब की तस्वीर लेकर बाहर निकलने को मजबूर हैं।

राहुल गांधी भी नीले रंग की टीशर्ट पहनकर आए

रायबरेली से सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी आज नीले रंग की टीशर्ट पहनकर संसद आए। उन्होंने राज्यसभा में बाबा साहेब अंबेडकर पर की गई टिप्पणी पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से माफी मांगने को कहा और इस्तीफे की मांग भी की। इसके बाद राहुल गांधी ने INDIA ब्लॉक के साथ बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा से लेकर मकर द्वार तक मार्च किया। राहुल गांधी ने कांग्रेस सांसदों के साथ संसद भवन में मीटिंग भी की।

प्रियंका गांधी नीले रंग की साड़ी पहनकर आई

वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी आज नीले रंग की साड़ी पहनकर संसद आईं। उन्होंने कहा कि संसद में भाजपा ने बाबा साहेब अंबेडकर का अपमान किया है। आज सुबह भाजपा का ट्विटर (X) हैंडल देखा। क्या है इनके ट्विटर हैंडल पर? इन्होंने बाबा साहेब की तस्वीर के साथ खिलवाड़ किया है। यह वही सोच है, जो बाबा साहेब की मूर्तियों के हाथ-पैर काट देते हैं। इन पर कौन भरोसा करेगा? भाजपा संविधान को खत्म नहीं करना चाहते, संविधान को बदलना नहीं चाहते तो यह क्या कर रहे हैं? एक बेसिक रिस्पेक्ट होती है। एक आदर जो होना चाहिए, वह आदर ही नहीं है। बाबा साहेब अंबेडकर संविधान निर्माता हैं। उनके बारे में आप ऐसा कह रहे हैं।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Khushbu Goyal

Khushbu Goyal

खुशबू गोयल News24 हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वेब जर्नलिज्म में 13 साल का अनुभव रखने वाली खुशबू गोयल राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्यस्तरीय न्यूज और चुनावी कवरेज करती हैं. खुशबू गोयल ने अक्टूबर 2013 में अमर उजाला डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत की थी, जहां 7 साल सेवाएं देने के बाद साल नवंबर 2020 में दैनिक भास्कर डिजिटल जॉइन किया और सितंबर 2023 से News24 के डिजिटल में सेवाएं दे रही हैं. 13 साल के करियर में खुशबू गोयल ने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिकल, क्राइम टॉपिक कवर करने में विशेषज्ञता हासिल की. खुशबू गोयल का पत्रकारिता में अनुभव: 13 साल योग्यता: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के IMC&MT इंस्टीट्यूट से मास्टर ऑफ कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म (MJ) के बाद जर्नलिज्म में MPhil की डिग्री ली. खुशबू गोयल ने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव की विस्तृत रिपोर्टिंग की है, जिसमें उन्हें ग्राउंड कवरेज करने का भी अनुभव है. इसके अलावा पिछले 13 साल में विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव को भी उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग के साथ कवर किया.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ