संसद के मानसून सत्र के दौरान दिल्ली स्थित संसद परिसर में शुक्रवार को एक अनोखा नजारा देखने को मिला. पूर्णिया से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव साधु का भेष धारण कर संसद परिसर पहुंचे. माथे पर बड़ा तिलक, शरीर पर भगवा वस्त्र और हाथ में कमंडल व दानपात्र लेकर उन्होंने अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ विरोध जताया. सांसद पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि राम मंदिर में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के चढ़ावे का सही हिसाब नहीं रखा जा रहा है. उन्होंने मांग की कि राम मंदिर ट्रस्ट और प्रशासन मंदिर में आने वाले हर एक पैसे के लेन-देन में पारदर्शिता लाए.
---विज्ञापन---
राहुल गांधी ने चढ़ाया चढ़ावा
इस प्रदर्शन के दौरान विपक्ष के कई प्रमुख नेता भी पप्पू यादव के समर्थन में आ गए. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी खुद पप्पू यादव के पास पहुंचे और उनके पात्र में सांकेतिक रूप से चढ़ावा डाला. इस मौके पर विपक्ष के अन्य सांसदों ने भी नारेबाजी की और सरकार के खिलाफ अपना विरोध जताया.
---विज्ञापन---