'पूरा देश गुस्से में है, खून खौल रहा है', आतंकी हमले पर बोले J&K के उपराज्यपाल
Author: Avinash Tiwari
Apr 22, 2025 07:53 PM IST
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में एक बड़ा आतंकी हमला हुआ है। इस हमले में कई पर्यटकों को गोली मारी गई है। चश्मदीदों का दावा है कि आतंकियों ने नाम पूछकर लोगों को गोली मारी। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि दस अन्य घायल बताए जा रहे हैं। इस हमले को लेकर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का बयान सामने आया है। वहीं उपराज्यपाल ने X पर लिखा कि पूरे देश गुस्से में हैं, खून खौल रहा है।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा का पोस्ट
उपराज्यपाल की तरफ से X पर पोस्ट किया गया कि आतंकवादियों के खात्मे के लिए आतंकवाद विरोधी अभियान शुरू किया गया है। पूरा देश गुस्से में है और हमारे जवानों का खून खौल रहा है। मैं देश को आश्वस्त करना चाहता हूं कि पहलगाम हमले के अपराधियों को उनके जघन्य कृत्य के लिए बहुत भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।
क्या बोले सीएम उमर अब्दुल्ला?
मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “मैं स्तब्ध हूं। हमारे पर्यटकों पर हुआ यह हमला एक घृणित और कायराना कृत्य है। इस हमले के अपराधी अमानवीय और घृणा के पात्र हैं। निंदा के लिए कोई भी शब्द पर्याप्त नहीं है। मैं मृतक के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं तुरंत श्रीनगर वापस लौट रहा हूं।”
उन्होंने यह भी कहा कि मृतकों की सही संख्या का फिलहाल पता लगाया जा रहा है, इसलिए वह किसी भी विवरण में नहीं जाना चाहते। स्थिति स्पष्ट होने के बाद आधिकारिक रूप से जानकारी साझा की जाएगी। कहने की जरूरत नहीं कि यह हमला हाल के वर्षों में नागरिकों पर हुए किसी भी हमले से कहीं अधिक गंभीर है।” उन्होंने यह भी कहा कि आतंकी हमला करने वालों को हम नहीं छोड़ेंगे।
वहीं उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पहलगाम, अनंतनाग में पर्यटकों पर हुए कायराना आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। उपराज्यपाल ने आतंकी हमले पर डीजीपी और सुरक्षा अधिकारियों से बात की। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि इस घृणित हमले के पीछे जो लोग हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य अधिकारियों को घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया।
उपराज्यपाल ने एक्स पर पोस्ट किया: “मैं पहलगाम में पर्यटकों पर हुए कायराना आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। मैं लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि इस घृणित हमले के पीछे जो लोग हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। डीजीपी और सुरक्षा अधिकारियों से बात की। सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीमें इलाके में पहुंच गई हैं और तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य अधिकारियों को पहलगाम में भर्ती लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया। एक घायल पर्यटक को जीएमसी अनंतनाग ले जाया गया है। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”