Odisha Train Crash: बालासोर के लापता स्टेशन इंजीनियर के घर को CBI ने किया सील, रेलवे के 4 अन्य कर्मचारी रडार पर
Edited By Om Pratap

Edited By Om Pratap

Odisha Train Crash: ओडिशा ट्रिपल ट्रेन हादसे की जांच कर रहे केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने सोमवार को बालासोर के लापता स्टेशन इंजीनियर के घर को सील कर दिया। बता दें कि बालासोर में किराए के मकान में रहने वाले इंजीनियर से जांच एजेंसी ने पूछताछ की थी, लेकिन अब इंजीनियर पूरे परिवार के साथ लापता हो गया है।
सीबीआई ने अपनी प्रारंभिक जांच के दौरान एक अज्ञात स्थान पर इंजीनियर से पूछताछ की थी। बता दें कि ट्रेन संचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में एक सिग्नल जूनियर इंजीनियर महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वो सिग्नल, ट्रैक सर्किट, पॉइंट मशीन और इंटरलॉकिंग सिस्टम सहित सिग्नलिंग उपकरण की स्थापना, रखरखाव और मरम्मत में शामिल होता है। लेकिन ये भी बता दें कि सिग्नल जूनियर इंजीनियर की भूमिका भारतीय रेलवे के भीतर विशेष मंडल या क्षेत्र के आधार पर भिन्न हो सकती है।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, बालासोर में ट्रेन हादसे में बहनागा बाजार के स्टेशन मास्टर समेत पांच रेलवे कर्मचारियों की संलिप्तता की जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, चार अन्य कर्मचारी सिग्नलिंग से संबंधित काम के लिए जिम्मेदार थे और दुर्घटना के समय ड्यूटी पर थे।
सीबीआई ने 6 जून को ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रेन हादसे की जांच अपने हाथ में ली थी। हादसे के बाद इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम से छेड़छाड़ के आरोप लगे थे। ये सिस्टम ट्रेनों की स्थिति के बारे में जानकारी देता है। कहा जा रहा है कि रेलवे सुरक्षा और फोरेंसिक विशेषज्ञों की विशेषज्ञता की आवश्यकता जांच में हो सकती है, क्योंकि रेलवे से संबंधित मामलों को संभालने में सीबीआई अधिकारियों को व्यापक अनुभव नहीं है।
ट्रेन हादसे की जांच जैसे ही सीबीआई ने शुरू की थी, लॉग बुक, रिले पैनल और अन्य उपकरण जब्त करने के बाद स्टेशन को सील कर दिया गया। रिले इंटरलॉकिंग पैनल को भी सील कर दिया गया था। अगली सूचना तक कोई यात्री या मालगाड़ी बहनागा बाजार स्टेशन पर नहीं रुकेगी।
एक अधिकारी ने कहा कि बालासोर ट्रेन दुर्घटना में मरने वालों की संख्या रविवार को बढ़कर 292 हो गई। पश्चिम बंगाल के एक 24 वर्षीय यात्री की कटक के एक सरकारी अस्पताल में मौत हो गई। कुल मिलाकर, इस महीने की शुरुआत में ट्रिपल ट्रेन दुर्घटना में 287 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और पांच अन्य ने अस्पतालों में दम तोड़ दिया, जबकि 1,208 घायल हो गए थे।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: