Breaking News: तिहाड़ जेल में सीएम केजरीवाल से मिले मंत्री गोपाल राय

Today News Headlines: कोलकाता में रेप करके डॉक्टर की हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद पश्चिम बंगाल में बवाल मचा है। वारदात के विरोध में आज देशभर के डॉक्टरों ने हड़ताल का आह्वान किया। राहुल गांधी केस की सुनवाई आज टल गई।

News24 Breaking News In Hindi Live Updates

देश-दुनिया की घटनाओं के पल-पल का अपडेट्स...

Today Breaking News Live Updates: नमस्कार, आज की खबरों की दुनिया में आपका स्वागत है। आज की प्रमुख खबर डॉक्टरों की हड़ताल की रही। आज देशभर के डॉक्टर हड़ताल पर रहे। कोलकाता में रेप के बाद डॉक्टर की हत्या का मामला गरमाया हुआ है। राहुल गांधी की आज सुल्तानपुर कोर्ट मे पेशी था, लेकिन सुनवाई टल गई। उन्होंने साल 2018 में एक रैली के दौरान गृहमंत्री अमित शाह को हत्यारा कह दिया था। आज चुनाव आयोग की टीम 2 दिन के दौरे पर हरियाणा पहुंची। राज्य की 90 विधानसभा सीटों पर इसी साल चुनाव होने हैं। इसके अलावा आज दिनभर की ताजा खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें News24 के साथ…

विज्ञापन

LIVE UPDATES

कोलकाता रेप-मर्डर के खिलाफ KJMU में प्रदर्शन

कोलकाता में डॉक्टर के साथ हुई दरिंदगी के विरोध में केजीएमयू लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन हुआ। मांगें न पूरी होने पर हड़ताल की चेतावनी दी गई है। KGMU की ओपीडी और इमरजेंसी सर्विस सुचारू रूप से चालू हो गई है। CPA यानि सेंट्रल प्रोटेक्शन एक्ट को लागू किए जाने की मांग हो रही है। पारदर्शी तरीके से जांच और केस CBI को सौंपे जाने की भी मांग है। मांगें नहीं माने जाने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

राहुल गांधी के केस की सुनवाई टली

सुल्तानपुर के MP/MLA कोर्ट के विशेष मजिस्ट्रेट सोमवार को अवकाश पर रहे। इस कारण नेता प्रतिपक्ष व रायबरेली से सांसद राहुल गांधी के मानहानि से जुड़े मामले में सुनवाई नहीं हो सकी। अब कोर्ट ने सुनवाई के लिए 23 अगस्त की तिथि नीयत की है। इससे पूर्व 26 जुलाई को राहुल गांधी कोर्ट में पेश हुए थे, जहां उनका बयान दर्ज हुआ था। कर्नाटक चुनाव के दौरान साल 2018 में राहुल गांधी ने तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष वर्तमान में देश के गृहमंत्री अमित शाह को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी। राहुल के बयान से आहत होकर कॉपरेटिव के पूर्व चेयरमैन व भाजपा नेता विजय मिश्रा ने अगस्त 2018 को सुल्तानपुर की MP/MLA कोर्ट में रिट दायर की।

रोहिंग्या शरणार्थियों की हिरासत का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा

भारत में रोहिंग्या शरणार्थियों की अनिश्चितकालीन हिरासत को चुनौती देने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया है। 4 सप्ताह में जवाब देने का निर्देश भी है। वकील का कहना है कि याचिका उनके लिए पर्याप्त चिकित्सा सुविधाओं के न होने और उनके द्वारा उठाई जा रही कठिनाइयों को लेकर है। 2 मौत होने का रिकॉर्ड भी है। एक जम्मू में रहता था और नाबालिग था। दूसरा दिल्ली में रहता था।

पूजा खेडकर को दिल्ली हाईकोर्ट से मिली राहत

बर्खास्त आईएएस आधिकारी पूजा खेडकर को दिल्ली हाईकोर्ट से राहत मिली है। दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली पुलिस को 21 अगस्त तक पूजा खेडकर को गिरफ्तार न करने का आदेश दिया है। दिल्ली पुलिस ने पूजा पर कथित तौर पर धोखाधड़ी करके सिविल सेवा परीक्षा पास करने का मामला दर्ज किया है।

CBI केस में CM केजरीवाल पहुंचे सुप्रीम कोर्ट

दिल्ली शराब घोटाले के आरोपी अरविंद केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। मामले में सीबीआई की गिरफ्तारी और रिमांड के खिलाफ याचिका दायर की गई है। याचिका में दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले को भी चुनौती दी गई है। केजरीवाल की सुनवाई पर जल्द सुनवाई होने की संभावना है।

मैनपुरी में देवर ने भाभी को गोली मारी

उत्तर प्रदेश के मैनपुर में देवर ने भाभी की गोली मारकर हत्या कर दी है। बंटवारे को लेकर विवाद में वारदात अंजाम दी गई। हत्या करने के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने मृतका सीता का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी देवर और सास के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है। थाना भोगांव के चंदरपुर गांव की घटना है।

डॉक्टरों की हड़ताल से चरमराई सुविधाएं

कोलकाता में महिला डॉक्टर से रेप-मर्डर होने के बाद देशभर के डॉक्टर्स गुस्साए हुए हैं। आज देशभर के रेजिडेंट डॉक्टर्स वारदात के विरोध में हड़ताल पर हैं, जिससे OPD सेवाओं पर बुरा असर पड़ रहा है। मरीज और उनके तीमारदार परेशान होकर इधर उधर भटक रहे हैं। वहीं कोलकाता मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल संदीप घोष ने पद से इस्तीफा दे दिया है। दूसरी ओर डॉक्टर्स अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। मामले की CBI जांच की मांग की जा रही है। सरकार ने मांगें मनवाने पर डॉक्टर्स अड़े हैं।

सीतापुर में 2 पक्षों में हुआ विवाद

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में 2 पक्षों में विवाद हुआ है। पैर पर गाड़ी चढ़ाने को लेकर विवाद हुआ, जिसके चलते दबंगो ने ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग की। अंधाधुंध फायरिंग के बीच लोग जान बचाकर भागे। पुलिस फायरिंग की घटना से इनकार कर रही है। वहीं विवाद की वजह प्रधानी चुनाव बताया जा रहा है। इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के तहत आने वाले गांव हाजीपुर का मामला है।

नोएडा में हादसे में 3 युवकों की मौत

ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर आज सुबह करीब साढ़े 7 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। एक टियागो कार पोल से टकरा गई और उसमें सवार 3 युवकों की मौत हो गई। कार की रफ्तार 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। DCP राम बदन सिंह ने हादसे की पुष्टि की। कार दिल्ली से आ रही थी कि अचानक संतुलन बिगड़ने से सेक्टर-125 में एमिटी यूनिवर्सिटी के पास यूनीपोल के खंभे से टकरा गई। कार के एयरबैग नहीं खुले। मृतकों में से 2 की पहचान ईशान और आर्यन पुत्र सुनील कश्यप निवासी नोएडा एक्सटेंशन पाम ओलंपिया के रूप में हुई है।

अमरनाथ यात्रा एक दिन के लिए स्थगित

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के बाद अमरनाथ यात्रा एक दिन के लिए स्थगित कर दी गई है। पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों पर रखरखाव का कार्य किया जाएगा। इसके लिए आज अमरनाथ यात्रा को बालटाल मार्ग पर स्थगित कर दिया गया है। पहलगाम से भी यात्रियों को जाने नहीं दिया जाएगा। श्रीनगर के पंथा चौक बेस कैंप में यात्री रुके हुए हैं। जम्मू पुलिस ने एडवाइजरी जारी करके यात्रियों से सहयोग करने की अपील की है।

तमिलनाडु में हादसे में 5 छात्रों की मौत

तमिलनाडु के जिले तिरुथानी के पास तिरुवल्लूर में चेन्नई-तिरुपति राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसा हुआ। एक लॉरी और कार की टक्कर में 5 छात्रों की मौत हो गई और 2 अन्य घायल हो गए। मरने वाले छात्र एक निजी विश्वविद्यालय के हैं। कॉलेज में छुट्टी होने से अपने घर जा रहे थे कि हादसे का शिकार हो गए।

कोलकाता रेप-मर्डर केस के खिलाफ विरोध

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर से रेप और मर्डर के विरोध में देशभर के रेजिडेंट डॉक्टर्स ने आज हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। इमरजेंसी को छोड़कर आज सभी मेडिकल सुविधाएं बंद रहेंगी। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (FORDA) ने अपनी मांगों को लेकर हेल्थ मिनिस्टर जेपी नड्डा को लेटर लिखा है। संगठन ने 5 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकाल तक काम का बहिष्कार करने की धमकी भी दी है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Khushbu Goyal

Khushbu Goyal

खुशबू गोयल News24 हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वेब जर्नलिज्म में 13 साल का अनुभव रखने वाली खुशबू गोयल राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्यस्तरीय न्यूज और चुनावी कवरेज करती हैं. खुशबू गोयल ने अक्टूबर 2013 में अमर उजाला डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत की थी, जहां 7 साल सेवाएं देने के बाद साल नवंबर 2020 में दैनिक भास्कर डिजिटल जॉइन किया और सितंबर 2023 से News24 के डिजिटल में सेवाएं दे रही हैं. 13 साल के करियर में खुशबू गोयल ने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिकल, क्राइम टॉपिक कवर करने में विशेषज्ञता हासिल की. खुशबू गोयल का पत्रकारिता में अनुभव: 13 साल योग्यता: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के IMC&MT इंस्टीट्यूट से मास्टर ऑफ कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म (MJ) के बाद जर्नलिज्म में MPhil की डिग्री ली. खुशबू गोयल ने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव की विस्तृत रिपोर्टिंग की है, जिसमें उन्हें ग्राउंड कवरेज करने का भी अनुभव है. इसके अलावा पिछले 13 साल में विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव को भी उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग के साथ कवर किया.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ