जन्माष्टमी उत्सव से लेकर बदलापुर केस तक, देखें 26 अगस्त की बड़ी खबरें

जन्माष्टमी पर आज मंदिरों में धूम मची है। त्योहार पर भाजपा ने जम्मू विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की। महाराष्ट्र के बदलापुर स्कूल यौन उत्पीड़न केस के आरोपी को एक फिर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। 26 अगस्त की ताजा खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें News24 के साथ…

Breaking News Live Updates

Breaking News Live Updates

नमस्कार, 26 अगस्त की खबरों में आपका स्वागत है। पूरे देश में जन्माष्टमी का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। देशभर के मंदिरों में श्रीकृष्ण के जयकारे गूंज रहे हैं। वहीं दूसरी ओर दुनिया तीसरे विश्व युद्ध के मुहाने पर खड़ी है। इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच तनाव बढ़ गया है। जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने 7 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। भाजपा ने भी अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया।

विज्ञापन

LIVE UPDATES

बदलापुर केस में आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा

महाराष्ट्र के बदलापुर में 4 साल की दो बच्चियों से दरिंदगी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी अक्षय शिंदे को कोर्ट में पेश किया। सुनवाई के बाद अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

कश्मीर पंडितों ने श्रीनगर में धूमधाम से मनाई जन्माष्टमी, लाल चौक पर निकला जुलूस

कश्मीरी पंडितों और कश्मीर में रहने वाले हिंदुओं ने श्रीनगर में जन्माष्टमी का जुलूस निकाला। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शहर के हब्बा कदल इलाके में गणपतियार मंदिर से जुलूस शुरू हुआ और ऐतिहासिक लाल चौक पर घंटाघर पहुंचने से पहले क्रालखुद और बरबरशाह से गुजरा। जुलूस अमीराकदल पुल को पार कर जहांगीर चौक से गुजरा और वापस मंदिर पहुंचा। पुरुषों, महिलाओं और बच्चों सहित भक्तों ने रथ के साथ नृत्य किया और लोगों के बीच मिठाइयां बांटीं। भक्तों ने कहा कि व्यवस्थाएं काफी अच्छी थीं। वे जुलूस का हिस्सा हैं।

जम्मू कश्मीर के रामबन में फटा बादल, पानी में बहे मां-बच्चे

जम्मू कश्मीर के रामबन में बादल फटने की खबर सामने आ रही है। इसे लेकर जिला प्रशासन की ओर से आसपास के गांवों को खाली कराया जा रहा है। मौके पर बचाव दल पहुंच गया है। जिला प्रशासन फंसे लोगों को बाहर निकाल रहा है। रामबन में बादल फटने से मां-बच्चों के बह जाने की आशंका जताई जा रही है।

केंद्रीय मंत्री का ममता बनर्जी को लेटर

केंद्रीय सामाजिक कल्याण मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिख है।इसमें मांग की गई है कि बंगाल में रेप केस निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाया जाए। पीड़ित डॉक्टर के दोषियों को सजा मिले। राज्य में पेंडिंग पड़े रेप केसों का जल्दी ही निपटारा हो।

सूरत की सूरत फिर बिगड़ने लगी!

गुजरात में पिछले 48 घंटे से लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण राज्य का दक्षिणी हिस्सा प्रभावित नजर आ रहा है। सूरत वलसाड वापी नवसारी डांग जिलों में लगातार बारिश हो रही है। तापी नदी के जल स्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऊपरी इलाकों में भारी बारिश के कारण तापी नदी में पानी आ रहा है। निचले इलाकों में पानी का भराव है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि डुम्मस के समुद्र के किनारे लोग न जाएं।

मायावती ने संन्यास लेने की खबरों का खंडन किया

बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने संन्यास लेने की खबरों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि राजनीति से मैं संन्यास नहीं लेने वाली। पहले मुझे राष्ट्रपति बनाने की अफवाह उड़ाई गई। कांशीराम ने भी ऐसे ऑफर को ठुकरा दिया था। कांशीराम ने ऑफर ठुकरा दिया था तो मैं कैसे स्वीकार लूंगी। राष्ट्रपति बनने का मतलब सक्रिय राजनीति से संन्यास लेना है और मैं ऐसा कतई नहीं करुंगी।

लद्दाख को लेकर मोदी सरकार का बड़ा फैसला

लद्दाख को लेकर मोदी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मोदी सरकार ने ऐलान किया है कि लद्दाख में 5 नए जिले बनाए जाएंगे। गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट करके पांचों जिलों के नाम बताए। नए जिलों के नाम ज़ांस्कर, द्रास, शाम, नुब्रा और चांगथांग होंगे।

संभाजी नगर में में भाजपा और UBT के कार्यकर्ता आमने सामने

संभाजी नगर में में भाजपा और UBT के कार्यकर्ता आमने सामने आ गए हैं। बीच बचाव करते हुए पुलिस ने बल प्रयोग किया। आदित्य ठाकरे आज संभाजी नगर में रामा होटल में है और उनका संभाजी नगर में कार्यक्रम है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में आदित्य के होटल के बाहर इकट्ठा हो गए और आदित्य के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। वे उनसे दिशा सालियन मौत मामले में जवाब मांग रहे थे। भाजपा के लोगों के इकट्ठा होने की सूचना मिलते ही UBT के नेता आंबादास दानवे और कार्यकर्ता भी इकट्ठा हो गए औरनारेबाजी करने लगे। पुलिस से झड़प भी हुई। उसके बाद पुलिस ने लोगो को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया।

गुजरात के मोरबी में ट्रैक्टर बहा

गुजरात के मोरबी जिले में हलवद इलाके के ढवाना गांव में ट्रैक्टर ट्रॉली पानी में बह गई। हादसे में अब तक कुल 10 लोगों को बचाया गया है। 7 लोग लापता बताए जा रहे हैं। बीती रात ट्रैक्टर कॉजवे के पानी में फंस के बह गया था। सूचना मिलते ही तहसीलदार और अग्निशमन दल ने खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया था। ट्रैक्टर कुछ लोगों को भरकर ध्रांगध्रा के जीवा गांव से निकला था। ट्रैक्टर में करीब 17 लोग सवार थे, जिनमें से 4 लोगों को तुरंत बचा लिया गया। रातभर चले खोज एवं बचाव अभियान में 6 और लोगों को बचाया गया। एनडीआरएफ और फायर की टीम बाकी लोगों की तलाश कर रही है।

असम के मंत्री अशोक सिंघल ने जताई चिंता

असम के मंत्री अशोक सिंघल प्रदेश को लेकर काफी चिंतित हैं। वे कहते हैं कि असम में बदलती जनसांख्यिकी असम और असमिया लोगों की पहचान के लिए एक बड़ा खतरा है। 24 बलात्कार की घटनाएं अकेली नहीं हैं...यह सभ्य लोगों और असंस्कृत लोगों के बीच की लड़ाई है।

महाराष्ट्र में कांग्रेस सांसद का निधन

महाराष्ट्र की नांदेड लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद वसंतराव चव्हाण का निधन हो गया है। वह पिछले कई दिन से बीमार चल रहे थे। तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें हैदराबाद स्थित क्रीम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था, लेकिन रविवार रात उनकी तबियत ज्यादा बिगड़ गई और आज सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

भारत में घुसने वाले 5 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

अवैध तरीके से भारत में एंट्री करने वाले 5 बांग्लादेशी नागरिकों को त्रिपुरा पुलिस और सीमा सुरक्षा बल ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पश्चिम अगरतला पुलिस स्टेशन के प्रभारी निरीक्षक पारितोष दास ने बताया कि एक गुप्त सूचना के बाद गिरफ्तारियां की गईं। अधिकारियों को अगरतला के बाहरी इलाके में सीमावर्ती लंकामुरा शहर में कुछ बांग्लादेशी नागरिकों की अवैध एंट्री के बारे में खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस और बीएसएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने बांग्लादेशी नागरिक होने की बात स्वीकार की।

आज भाजपा उम्मीदवारों की सूची आने की संभावना

जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा ने अपने उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए हैं। बीते दिन केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में 50 नाम फाइनल किए गए। वहीं उम्मीदवारों की पहली सूची भाजपा आज घोषित कर सकती है। धारा 370 निरस्त किए जाने के बाद प्रदेश में यह पहला चुनाव है। जम्मू-कश्मीर में 18 और 25 सितंबर और 1 अक्तूबर को मतदान होगा। 4 अक्तूबर को मतगणना होगी।

देश मना रहा आज जन्माष्टमी

देशभर में आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जा रही है। भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली मथुरा और वृंदावन में जन्माष्टमी के भव्य समारोह की तैयारियां हैं। मंदिरों को सजाया गया है और भक्तों के लिए व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर मशहूर सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने ओडिशा के पुरी में समुद्र तट पर ‘बुराई को मार डालो’ संदेश के साथ रेत पर कान्हाजी की मूर्ति बनाई है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Khushbu Goyal

Khushbu Goyal

खुशबू गोयल News24 हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वेब जर्नलिज्म में 13 साल का अनुभव रखने वाली खुशबू गोयल राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्यस्तरीय न्यूज और चुनावी कवरेज करती हैं. खुशबू गोयल ने अक्टूबर 2013 में अमर उजाला डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत की थी, जहां 7 साल सेवाएं देने के बाद साल नवंबर 2020 में दैनिक भास्कर डिजिटल जॉइन किया और सितंबर 2023 से News24 के डिजिटल में सेवाएं दे रही हैं. 13 साल के करियर में खुशबू गोयल ने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिकल, क्राइम टॉपिक कवर करने में विशेषज्ञता हासिल की. खुशबू गोयल का पत्रकारिता में अनुभव: 13 साल योग्यता: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के IMC&MT इंस्टीट्यूट से मास्टर ऑफ कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म (MJ) के बाद जर्नलिज्म में MPhil की डिग्री ली. खुशबू गोयल ने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव की विस्तृत रिपोर्टिंग की है, जिसमें उन्हें ग्राउंड कवरेज करने का भी अनुभव है. इसके अलावा पिछले 13 साल में विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव को भी उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग के साथ कवर किया.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ