लखनऊ में डबल मर्डर से CM योगी की राज्यपाल से मुलाकात का चर्चा तक, देखें आज 17 जुलाई की बड़ी खबरें

Aaj Ki Breaking News: अरविंद केजरीवाल से जुड़े 2 मामलों की आज सुनवाई हुई। उत्तर प्रदेश के लखनऊ में बीती रात गोलियां मार 2 हत्याएं की गईं। इसके अलावा आज दिनभर में कई घटनाक्रम, हादसे, कार्यक्रम या अन्य गतिविधियां हुईं।

News24 Breaking News

देखें देश-दुनिया की खबरों के पल-पल अपडेट्स...

Today Breaking News in Hindi: नमस्कार, आज की खबरों की दुनिया में आपका स्वागत है। आज की सबसे बड़ी खबर की बात करें तो बीती रात करीब 2 बजे उत्तर प्रदेश के लखनऊ में डबल मर्डर हुआ। 3 लोगों को गोलियां मारी गईं, जिनमें से 2 की मौके पर मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल है। आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से जुड़े 2 केसों की सुनवाई हुई। इसके अलावा आज दिनभर में होने वाले घटनाक्रमों, हादसों, कार्यक्रमों या अन्य गतिविधियों के बारे में जानने के लिए बने रहें News24 के साथ…

LIVE UPDATES

मुख्यमंत्री योगी आज गवर्नर से मिलेंगे

लखनऊ में आज शाम 6 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने मुलाकात का समय मांगा था, जो शाम का मिला। मुलाकात राजभवन में होगी। इसी महीने विधानसभा का मानसून सत्र बुलाने की और मंत्रिमंडल में बदलाव की चर्चा है। जुलाई के अंत में भाजपा ने शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाई है। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे। इसमें लोकसभा चुनाव के नतीजों और सरकार-संगठन के बीच समन्वय पर चर्चा होगी।

चंडीगढ़ में कल आम आदमी पार्टी करेगी बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस

चंडीगढ़ में कल आम आदमी पार्टी करेगी बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस होने जा रही है। हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। पंजाब सीएम भगवंत मान भी बैठक में मौजूद रहेंगे। चुनाव प्रचार को लेकर बड़े ऐलान हो सकते हैं। शीर्ष नेतृत्व संजय सिंह और डॉ संदीप पाठक भी बैठक में मौजूद रहेंगे।

आगरा में रोडवेज बस में जहरखुरानी

आगरा में रोडवेज बस में सफर के दौरान यात्री जहरखुरानी गैंग का शिकार हुआ है। रोडवेज बस में यात्रा के दौरान जहरखुरानी गैंग के लोगों ने नशीला पदार्थ खिलाकर यात्री से नकदी सामान लूट लिया। दिल्ली से रोडवेज बस में सफर करते युवक को बेहोशी की हालत में रोडवेज कर्मियों ने बस स्टैंड पर छोड़ा। पुलिस ने बेहोश युवक को इलाज के लिए सीएचसी बाह में भर्ती कराया। पिछले सप्ताह भी रोडवेज बस में 2 युवक जहरखुरानी गैंग का शिकार हुए थे। थाना बाह क्षेत्र के रोडवेज बस स्टैंड का मामला है।

MP के जबलपुर में घर से निकला सांप

मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक घर में वाशरूम के दरवाजे पर कोबरा सांप बैठा था, जिसे देखकर घर वालों की सांस सूख गई। गढ़ा थाने में पदस्थ पुलिस वाले के घर में बीती रात कोबरा मिला। संजीवनी नगर थाना इलाके गणेश नगर निवासी राजेश तिवारी ने फोन करके सर्प विशेषज्ञ गजेंद्र दूबे को बुलाया, जिन्होंने कोबरा सांप का रेस्क्यू किया। कोबरा को रेस्क्यू करके सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया है। पकड़ा गया कोबरा सांप बेहद जहरीला प्रजाति का है।

उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ और बागेस्वर में भारी वर्षा होने की चेतावनी जारी की गई है। देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत और नैनीताल में भी भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। आज सुबह से ही राजधानी देहरादून में काले बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए पुलिस प्रशासन और NDRF को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

NCP अजित गुट के 4 नेताओं ने इस्तीफा दिया

NCP नेता अजित पवार समर्थक 4 नेताओं ने इस्तीफा दे दिया है। विलास लांडे और कुछ नगरसेवक आज शरद पवार गुट में शामिल होंगे। अजित गुट के शहर अध्यक्ष अजित गहवाने भी शरद गुट में शामिल होंगे। 15 पूर्व नगरसेवक भी शरद पवार के साथ जाएंगे। पुणे में शरद पवार के घर मोदी बाग में इन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई जाएगी।

अमृतसर में नशे-हथियारों की खेप मिली

पंजाब के अमृतसर जिले में ग्रामीण पुलिस को ड्रग्स और हथियारों की खेप मिली है। पुलिस ने 2 संदिग्धों को भी पकड़ा है। 7 किलो हेरोइन, 5 पिस्तौल, 5 जिंदा कारतूस और 5 मैगजीन बरामद हुई हैं, जिससे सीमा पार से चल रहा ड्रग तस्करी नेटवर्क ध्वस्त हो गया। जांच में पाकिस्तान लिंक का पता चला है। आर्म्स एक्ट और NDPS एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई है।

आज केजरीवाल से जुड़े 2 केसों की सुनवाई

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से जुड़े 2 मामलों की सुनवाई आज होगी। केरजीवाल ने CBI द्वारा की गई गिरफ्तारी और 3 दिन की पुलिस हिरासत को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी हुई है। उनकी इस याचिका पर सुनवाई होगी। वहीं भ्रष्टाचार मामले में जमानत के लिए याचिका भी दायर की हुई है और इस मामले में आज CBI जवाब दाखिल कर सकती है।

डोनाल्ड ट्रंप पर फायरिंग केस में बड़ा खुलासा

AP की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की नाकाम कोशिश के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। अमेरिकी सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, ट्रंप पर हमले की साजिश ईरान में रची गई थी। ट्रंप और उनके पूर्व विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ को 2020 में ड्रोन हमले के बाद से तेहरान से लगातार धमकियां मिल रही थीं। इस बारे में ट्रंप ने अमेरिकी पुलिस को भी बताया था। उस ड्रोन हमले में इराक में ईरान के कुद्स बल के नेता कासिम सुलेमानी की मौत हो गई थी। इस खुलासे के बाद ट्रंप की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

बांग्लादेश में नौकरियों के आरक्षण पर हिंसा

बांग्लादेश में सरकारी नौकरियों में आरक्षण प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर 2 दिन से प्रदर्शन चल रहा है, जिसने हिंसक रूप ले लिया है। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच मंगलवार को झड़प हुई थी, जो आज सुबह भी जारी रही। झड़प में अब तक 3 छात्रों सहित 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। आज सुबह ढाका, चटगांव और रंगपुर में 4 मौतें हुईं। सरकार ने बढ़ती हिंसा के बीच स्कूलों और कॉलेजों को अगले आदेश तक बंद रखने का आदेश दिया है। हिंसा ने आमतौर भीड़भाड़ वाली राजधानी को लगभग खाली कर दिया। शहर में अज्ञात लोगों ने 2 बसों को आग लगा दी।

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में डबल मर्डर

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में इंदिरा नगर के तकरोही में पारिवारिक विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। एक युवक ने अपने मामा और मामी को गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया। फायरिंग में मां-बाप की मौत हो गई, लेकिन बेटा गंभीर घायल हुअ। वह अपनी जान बचाकर भाग गया। उसके हाथ में गोली लगी है। वहीं आरोपी नाबालिग है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है। मृतकों की शिनाख्त राजेंद्र सिंह (62) और सरोज सिंह के रूप में हुई है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Khushbu Goyal

Khushbu Goyal

खुशबू गोयल News24 हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वेब जर्नलिज्म में 13 साल का अनुभव रखने वाली खुशबू गोयल राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्यस्तरीय न्यूज और चुनावी कवरेज करती हैं. खुशबू गोयल ने अक्टूबर 2013 में अमर उजाला डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत की थी, जहां 7 साल सेवाएं देने के बाद साल नवंबर 2020 में दैनिक भास्कर डिजिटल जॉइन किया और सितंबर 2023 से News24 के डिजिटल में सेवाएं दे रही हैं. 13 साल के करियर में खुशबू गोयल ने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिकल, क्राइम टॉपिक कवर करने में विशेषज्ञता हासिल की. खुशबू गोयल का पत्रकारिता में अनुभव: 13 साल योग्यता: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के IMC&MT इंस्टीट्यूट से मास्टर ऑफ कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म (MJ) के बाद जर्नलिज्म में MPhil की डिग्री ली. खुशबू गोयल ने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव की विस्तृत रिपोर्टिंग की है, जिसमें उन्हें ग्राउंड कवरेज करने का भी अनुभव है. इसके अलावा पिछले 13 साल में विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव को भी उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग के साथ कवर किया.
... और पढ़ें
होम पेज पर वापस जाएँ