हिमाचल प्रदेश में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.3 मापी गई है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र क अनुसार, हिमाचल के चंबा में गुरुवार रात 21:34 बजे भूकंप आया। साथ ही पंजाब में भी भूकंप के झटके लगे हैं।
कांग्रेस ने गुजरात की तीन सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। सुरेंद्रनगर से रित्विकभाई मकवाना, जूनागढ़ से हिरभाई जोटवा और वडोदरा से जसपाल सिंह पढ़ियार को टिकट मिला है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यालय में लोकसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी करेंगे। पार्टी सुबह 11.30 बजे घोषणा पत्र जारी करेगी।
रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि मैं चाहता हूं कि पहले प्रियंका (गांधी) सांसद बनें और फिर मुझे लगता है कि मैं भी आ सकता हूं। मैं लोगों से बातचीत करता हूं और अलग-अलग पार्टियों के सांसद हैं। वे (सांसद) मुझे अपने साथ आने के लिए कहते हैं। पार्टी के नेता मुझसे देरी का कारण पूछते हैं। वे मुझे अपने समर्थन का आश्वासन भी देते हैं, इसलिए देश भर में विभिन्न पार्टियां मुझसे साथ आने के लिए कह रही हैं। पार्टी लाइन से ऊपर उठकर मेरी कई लोगों से दोस्ती है।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भूमि घोटाले के मामले में पीएमएलए 2002 के प्रावधानों के तहत अपराध की आय अर्जित करने, रखने और छिपाने के लिए झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन और चार अन्य के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया। रांची के बरियातू में 8.8 एकड़ की अचल संपत्ति है। हेमंत सोरेन की सहायता करने में भानु प्रताप प्रसाद, विनोद सिंह, प्रफुल्लित कच्छप और राज कुमार पाहन को आरोपी बनाया गया है।
एनसीपी शरद पवार ने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की। पार्टी ने बीड लोकसभा सीट से बजरंग सोनावणे को टिकट दिया है, जहां उनका मुकाबला बीजेपी की प्रत्याशी पंकजा मुंडे से होगा। भिवंडी से सुरेश म्हात्रे चुनाव लड़ेंगे। बीजेपी ने इस सीट से कपिल पाटिल को चुनावी मैदान में उतारा है।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस के बागी विधायक 15-15 करोड़ रुपए में बिके हैं। जो लोग आपकी भावना बेचकर जाते हैं, आपकी विधायकी नीलाम करते हैं, ऐसे लोगों को सबक सिखाने का वक्त आ गया है। उन्होंने कहा कि बागी विधायकों ने अपना ईमान बेचा है। ये सब जेल की सलाखों के पीछे जाएंगे। उन्होंने कहा कि इनकी भ्रष्टाचार से की हुई कमाई जनता की है और जनता में बंटनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग 14 महीने में ही बिक गए। वह किसी भी पार्टी से चुनाव लड़े। ऐसे लोगों की जमानत जब्त करा देंगे। रा
लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली पुलिस ने हथियारों का कंसाइनमेंट पकड़ा है। लॉरेंस बिश्नोई के करीबी गैंगस्टर हाशिम बाबा गैंग को सप्लाई होनी थी। नॉर्थ ईस्ट जिला पुलिस ने हथियार सप्लायर अदनान को गिरफ्तार किया है। इसके पास से 8 पिस्टल 80 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
डीसीपी नार्थ ईस्ट जॉय टर्की के मुताबिक, रोबरी के मामले में आरोपी जेल में बंद था। उसी समय वह इंटरस्टेट हथियार सप्लाई करने वाले सदस्यों के संपर्क में आया था। उसे गैंग के सदस्यों ने अच्छे पैसे और बेहतर जिंदगी जीने का लालच दिया गया, जिससे अदनान अपराध की दुनिया में शामिल हो गया।
मध्य प्रदेश के इंदौर में डबल मर्डर और सुसाइड का मामला सामने आया है। एकतरफा इश्क में एक युवक ने एक युवक और युवती को गोलियां मार दीं। इसके बाद खुद भी मौके पर खुदकुशी कर ली। वे मंदिर में दर्शन करने आए थे, लेकिन इस दौरान तीनों में किसी बात पर विवाद हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
दिल्ली शराब नीति मामले में आरोपी के कविता की अंतरिम जमानत याचिका पर राउज़ ऐवन्यू कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा है। कोर्ट 8 अप्रैल को मामले में फैसला सुनाएगी। के. कविता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मनु सिंघवी ने कहा कि आज मैंने सिर्फ अंतरिम ज़मानत पर बहस की।
के कविता का एक बच्चा है, जिसकी परीक्षाएं अप्रैल में होने वाली हैं। ऐसा नहीं है कि बच्चा गोद में है या छोटा है, वह 16 साल का है। इस उम्र में मां का नैतिक और भावनात्मक समर्थन होता है। जो कुछ हुआ है, उसे लेकर सदमा और एक अलग-सा सन्नाटा है। मां का दृष्टिकोण पिता या बहन या भाई द्वारा पूरा नहीं किया जा सकता।
भारत में आतंकी घटना को अंजाम देने का मंसूबा लिए घुसे 3 आतंकी दबोचे गए हैं। इनमें 2 पाकिस्तानी और एक कश्मीरी शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल अल्ताफ भट हिजबुल मुजाहिदीन से ट्रेनिंग ले चुका है। अन्य 2 आतंकियों के नाम सैयद गजनफर और जम्मू कश्मीर के नासिर अली हैं। तीनों को नेपाल सीमा पर सनौली से गिरफ्तारी किया गया है। आरोपियों से पाकिस्तानी और भारतीय पासपोर्ट बरामद हुए हैं। तीनों आतंकी खुद को भारतीय दिखाने की कोशिश में लगे थे। तीनों आरोपियों को ATS कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लेगी।
भारतीय वायुसेना के अपाचे हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग की कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दिए गए हैं। हेलिकॉप्टर की बीते दिन लद्दाख में इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई थी। लैंडिग के दौरान हेलिकॉप्टर क्षतिग्रस्त हुआ था। हेलिकॉप्टर उड़ा रहे दोनों पायलट सुरक्षित हैं।
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने पटवारी को गिरफ्तार किया है। वह 5 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा गया है। आरोपी पटवारी रामानुजनगर में नियुक्त है और उसने पीड़ित से फौती चढ़ाने की ऐवज में रिश्वत मांगी थी। पीड़ित जब स्टेट बैंक के ATM से पैसे निकालकर पटवारी को दे रहा था तो टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
तेलंगाना से कांग्रेस को खुशखबरी मिली है। BRS नेताओं ने पार्टी जॉइन की है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी आज भाजपा उम्मीदवार के सुरेंद्रन का चुनाव नामांकन भरवाने के लिए केरल के वायनाड पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर अपनी भड़ास निकाली।
मध्य प्रदेश में कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लग सकता है। छिंदवाड़ा से कद्दावर नेता दीपक सक्सेना पार्टी छोड़ेंगे। सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर आई है। दीपक सक्सेना के भाजपा में शामिल होने की अटकलें हैं।
6 अप्रैल को वे भाजपा जॉइन कर सकते हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में उन्हें भाजपा की सदस्याता दिलाई जा सकती है।
कांग्रेस छोड़ने वाले गौरव वल्लभ भाजपा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने आज सुबह ही कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। उनके साथ बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रहे अनिल शर्मा ने भी भाजपा जॉइन की। RJD नेता उपेन्द्र प्रसाद भी भाजपा जॉइन कर चुके हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के जमुई में चुनावी रैली कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने जहां चिराग पासवान की तारीफ की, वहीं उनके पिता राम विलास पासवान को भी याद किया।
सुप्रीम कोर्ट ने नवनीत राणा को बड़ी राहत देते हुए हाईकोर्ट के फैसले को रद्द किया है। सुप्रीम कोर्ट के अनुसार, नवनीत राणा के जाति प्रमाण पत्र में कोई कमी नहीं।
महाराष्ट्र के अमरावती से भाजपा प्रत्याशी नवनीत कौर राणा के जाति प्रमाण पत्र मामले पर जस्टिस जे.के. माहेश्वरी और जस्टिस संजय करोल की बेंच ने फैंसला सुनाया। हाईकोर्ट ने प्रमाण पत्र रद्द करने का फैसला दिया था।
नवनीत राणा फिलहाल निर्दलीय सांसद के तौर पर महाराष्ट्र के अमरावती निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं, जो अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है।
बॉम्बे हाईकोर्ट ने 8 जून 2021 को कहा था कि नवनीत ने मोची जाति का प्रमाण पत्र फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करके धोखाधड़ी से हासिल किया था। हाईकोर्ट ने उन पर 2 लाख रुपए जुर्माना भी लगाया था, लेकिन अब यह फैसला रद्द हो गया है।
शराब घोटाले में गिरफ्तारी के बाद अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री पद से हटाने की मांग वाली याचिका को दिल्ली हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है। हाईकोर्ट ने कहा कि अगर किसी तरह के संवैधानिक संकट की स्थिति है तो राष्ट्रपति या एलजी फैसला लेंगे, हाईकोर्ट इसमें दखल नहीं देगा।