Om Pratap
Read More
---विज्ञापन---
Mann Ki Baat 100th Episode: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो संबोधन ‘मन की बात’ का 100वां एपिसोड थोड़ी देर में प्रसारित होगा। मन की बात के 100वें एपिसोड को दुनिया के विभिन्न हिस्सों में लाखों लोगों के सुनने की उम्मीद है। न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में भी 100वीं कड़ी का सीधा प्रसारण किया जाएगा।
3 अक्टूबर 2014 को शुरू हुआ ये रेडियो कार्यक्रम काफी लोकप्रिय है। मन की बात हर महीने के आखिरी रविवार को प्रसारित की जाती है। इस कार्यक्रम के जरिए पीएम मोदी महिलाओं, युवाओं और किसानों जैसे कई सामाजिक मुद्दों पर बात करते रहे हैं। इनके अलावा भारत की उपलब्धियों समेत कई अन्य महत्वपूर्ण मौके को भी वे इस कार्यक्रम में शामिल करते रहे हैं। ये प्रोग्राम केंद्र सरकार के नागरिक-पहुंच कार्यक्रम का एक प्रमुख स्तंभ बन गया है और इसने सामुदायिक कार्रवाई को बढ़ावा दिया है।
The landmark 100th Episode of Prime Minister Shri @narendramodi's 'Mann Ki Baat' will be aired on April 30, 2023.
Listen live:
📺https://t.co/ZFyEVlesOi
📺https://t.co/vpP0MIos7C
📺https://t.co/lcXkSnOnsV
📺https://t.co/4XQ2GzrhRl pic.twitter.com/s5buc1cOJQ— BJP (@BJP4India) April 29, 2023
मन की बात 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, बर्मी, बलूची, अरबी, पश्तू, फारसी, दारी और स्वाहिली सहित 11 विदेशी भाषाओं में प्रसारित की जाती है। मन की बात का प्रसारण आकाशवाणी के 500 से अधिक प्रसारण केंद्रों द्वारा किया जा रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 100 करोड़ से अधिक लोग कम से कम एक बार मन की बात से जुड़ चुके हैं। पीएम मोदी इस रेडियो कार्यक्रम के जरिए सीधे लोगों से जुड़ते हैं, जमीनी स्तर के परिवर्तनकर्ताओं और लोगों की उपलब्धियों को लेकर बात करते हैं और सकारात्मक कार्यों के प्रति लोगों को प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन की ओर से देश भर के राजभवनों में किया जाएगा। मुंबई में राजभवन महाराष्ट्र के नागरिकों की मेजबानी करेगा, जिनका उल्लेख प्रधानमंत्री ने मन की बात के पिछले संस्करणों में राज्य की अन्य प्रतिष्ठित हस्तियों के साथ किया था।
बता दें कि हाल ही में मन की बात @100 राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन दिल्ली में किया गया था। कार्यक्रम के समापन सत्र में बुधवार को शामिल हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मन की बात एक अनूठा प्रयोग है जिसने देश में लोकतंत्र की नींव को मजबूत किया है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर भी शामिल थे। इस दौरान मन की बात के 100 एपिसोड की याद में एक डाक टिकट और सिक्का जारी किया गया।
अमित शाह ने कहा कि बदलते समय और संचार के विभिन्न माध्यमों के कारण लोग ऑल इंडिया रेडियो को लगभग भूल चुके थे, लेकिन प्रधानमंत्री ने मन की बात के माध्यम से युवा पीढ़ी को जोड़ा और ऑल इंडिया रेडियो को एक नया जीवन दिया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ऑल इंडिया रेडियो को देश के हर घर और गांव तक ले गए।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम ने देश की सकारात्मक ऊर्जा और रचनात्मक शक्ति की अभिव्यक्ति के लिए एक मंच प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने मन की बात के 99 एपिसोड के जरिए लोकतंत्र के मंत्र को जमीनी स्तर तक पहुंचाया है।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने कहा कि मन की बात का 300वां एपिसोड संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में ट्रस्टीशिप काउंसिल चैंबर में लाइव होगा। उधर, पर्यटन मंत्रालय ने अपने युवा पर्यटन क्लबों के माध्यम से ‘मन की बात’ की 100वीं कड़ी मनाने का फैसला किया है।
वहीं, भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) की ओर से किए गए एक विशेष अध्ययन में पाया गया कि 76 प्रतिशत भारतीय मीडियाकर्मियों का मानना है कि मन की बात ने देशवासियों को “वास्तविक भारत” से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
आईआईएम रोहतक के एक अन्य सर्वे में कहा गया है कि मन की बात 100 करोड़ श्रोताओं तक पहुंच चुकी है इसने कहा कि मन की बात के 23 करोड़ नियमित श्रोता थे और 96 प्रतिशत आबादी रेडियो कार्यक्रम से अवगत थी।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।