BJP taunts over Mamata Banerjee left Mahua Moitra : भाजपा ने तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा पर लगे आरोपों पर तंज कसा है। पार्टी का कहना है कि तृणमूल ने अब आधिकारिक तौर पर सांसद महुआ मोइत्रा की संसद में अडानी के खिलाफ सवालों के बदले दर्शन हीरानंदानी से नकदी लेने के आरोप में चल रही कार्रवाई से खुद को दूर कर लिया है।
अमित मालवीय ने कसा तंज
भाजपा के राष्ट्रीय आईटी प्रभारी अमित मालवीय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि यह आश्चर्य की बात नहीं है कि तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने महुआ मोइत्रा को छोड़ दिया है।
वह अभिषेक बनर्जी के अलावा किसी और का बचाव नहीं करेंगी, जो कम अपराधी नहीं हैं…मालवीय ने कहा, कई टीएमसी नेता गंभीर भ्रष्टाचार और आपराधिक आरोपों के चलते जेल में हैं, लेकिन ममता बनर्जी ने रेडियो चुप्पी बनाए रखी है।
तृणमूल ने बनाई महुआ से दूरी
बता दें कि यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ, जब भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर उन दावों की जांच की मांग की, जिसमे कहा गया था कि महुआ मोइत्रा ने गौतम अडानी के खिलाफ सवाल पोस्ट करने के लिए उद्योगपति दर्शन हीरानंदानी को अपना संसद लॉगिन और पासवर्ड दिया था, इस पर तृणमूल ने कहा कि पार्टी इस मामले में कुछ नहीं कहेगी। पार्टी के राज्य महासचिव कुणाल घोष ने कहा, आरोपों से संबंधित (व्यक्ति/महिला) ही इन सवालों का जवाब दे सकता है, तृणमूल कांग्रेस कोई जवाब नहीं देगी।