हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: DiwaliIndia blocGyanesh KumarBigg Boss 20

केरल सीरियल ब्लास्ट की जांच करेगी 20 सदस्यीय टीम, CM आज करेंगे सर्वदलीय बैठक; अब तक के 10 बड़े अपडेट्स

Kerala Serial Blasts Case Latest Updates Pinarayi Vijayan Dominic Martin: केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने आज सुबह 10 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई है।

विज्ञापन

Kerala Serial Blasts Case Latest Updates Pinarayi Vijayan Dominic Martin: केरल के एर्नाकुलम में रविवार को सिलसिलेवार धमाकों के मामले की जांच 20 सदस्यीय टीम करेगी। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने रविवार को इसकी घोषणा की। विजयन ने कहा कि सोमवार को मामले को लेकर एक सर्वदलीय बैठक होगी। इस बीच, डोमिनिक मार्टिन नाम के एक शख्स ने धमाकों जिम्मेदारी ली और त्रिशूर जिले में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। हालांकि, पुलिस ने मामले में उसकी संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है और उससे पूछताछ जारी है।

केरल के पुलिस महानिदेशक (DGP) शेख दरवेश साहेब ने पुष्टि की कि कलामासेरी क्षेत्र में कन्वेंशन सेंटर में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के कारण धमाके हुए थे। बता दें कि रविवार को  ईसाई समूह की ओर से आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान हुए एक के बाद एक तीन धमाकों में एक बच्ची और दो महिलाओं की मौत हो गई थी, जबकि 50 से अधिक अन्य घायल हो गए थे।

केरल सीरियल ब्लास्ट में अब तक के 10 बड़े अपडेट्स

1- केरल के एर्नाकुलम ब्लास्ट मामले में धारा 302, 307, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और UAPA के तहत FIR दर्ज की गई है।

2- डोमिनिक मार्टिन नाम के एक शख्स ने केरल के एर्नाकुलम जिले के एक कन्वेंशन सेंटर में हुए विस्फोट की जिम्मेदारी ली है। शख्स ने दावा किया है कि उसी ने प्रार्थना सभा स्थल पर बम रखा था। उसने दावा किया कि वो प्रार्थना सभा में शामिल समूह के लोगों में से एक है। फिलहाल, केरल पुलिस इसकी पुष्टि कर रही है। केरल ADGP एमआर अजित कुमार ने कहा कि हम इस मामले के सभी पहलुओं पर गौर कर रहे हैं।

3- केरल के एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि स्थिति का आकलन करने के लिए जांच जारी है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि धमाकों में IED का यूज किया गया था, जो एक टिफिन में रखा था। हालांकि, इस बारे में कोई सटीक जानकारी नहीं है और विस्फोटक की पहचान के बारे में फोरेंसिक जांच के बाद ही निश्चित तौर पर कुछ कहा जा सकता है।

4- केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा कि धमाकों के बाद 52 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मंत्री ने कहा कि गंभीर रूप से घायल छह लोगों में से एक 12 साल का बच्चा है। वहीं, 7 घायलों को कलामासेरी मेडिकल कॉलेज के ICU में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के क्षेत्रीय अधिकारी ने कहा कि दो लोगों को वेंटिलेटर पर रखा गया है जबकि एक मरीज की हालत गंभीर है।

5- स्वास्थ्य मंत्री ने डॉक्टरों समेत सभी स्वास्थ्य कर्मियों को ड्यूटी पर लौटने का निर्देश दिया है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के निदेशक और चिकित्सा शिक्षा विभाग के निदेशक को विस्फोटों में घायल हुए लोगों को बेहतर इलाज देने को कहा है। कलामसेरी मेडिकल कॉलेज, एर्नाकुलम जनरल हॉस्पिटल और कोट्टायम मेडिकल कॉलेज में अतिरिक्त सुविधाएं तैयार करने के भी निर्देश दिए गए। इन चिकित्सा सुविधाओं के लिए अतिरिक्त स्टाफ उपलब्ध कराया जाएगा।

6- केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने केरल में सिलसिलेवार धमाकों को राज्य में एक विरोध कार्यक्रम में हमास नेता के आभासी भाषण से जोड़ा है। चंद्रशेखर ने इंडिया टुडे टीवी को बताया कि हमास नेता को जिहाद फैलाने के लिए मंच दिए जाने के ठीक 24 घंटे बाद, विस्फोटों ने केरल को दहला दिया है। चंद्रशेखर ने कहा कि केरल एक ऐसे राज्य में तब्दील हो रहा है जो कट्टरपंथ को बढ़ावा देता है।

7- केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने आज सुबह 10 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई है। विस्फोटों के तुरंत बाद, विजयन ने कहा था कि ये बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी। हमारी सरकार घटना को काफी गंभीरता से ले रही है।

8- केरल में अधिकारियों की ओर से राज्य के सभी 14 जिला पुलिस प्रमुखों को सावधान रहने और विशेष रूप से रेलवे स्टेशनों और बस स्टेशनों के आसपास अलर्ट पर रहने का निर्देश जारी किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस गश्त सख्ती से सुनिश्चित की जानी चाहिए। केरल पुलिस ने विस्फोटों के बारे में गलत सूचना फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की भी चेतावनी दी है।

9- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आदेश के बाद, मामले की जांच में स्थानीय पुलिस की सहायता के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) की टीमों को केरल भेजा गया है। दिल्ली से दो वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एनएसजी की एक टीम भी स्थिति का जायजा लेने के लिए केरल गई है।

10- एर्नाकुलम में धमाकों के बाद कर्नाटक और तमिलनाडु ने केरल से सभी एंट्री प्वाइंट्स पर सुरक्षा और जांच बढ़ा दी है। अधिकारियों के अनुसार, केरल से कर्नाटक में 7 प्रमुख और 7 छोटे एंट्री प्वाइंट्स हैं और इनमें से प्रत्येक पर अधिक संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इस बीच, केरल के नजदीक तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले में चर्चों को विस्फोटों के मद्देनजर अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान की गई है।

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

ताज़ा खबरें