जम्मू और कश्मीर से एक बड़ी खबर सामने आई है. जम्मू और कश्मीर में पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठनों द्वारा आम नागरिकों और प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाए जाने की खुफिया रिपोर्ट मिली है. इसके बाद सुरक्षा बलों और स्थानीय प्रशासन ने पूरी घाटी में सुरक्षा इंतजाम बेहद कड़े कर दिए हैं. हाल ही में दक्षिण कश्मीर में हुई दो लक्षित हत्याओं के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क मोड में आ गई हैं. खुफिया एजेंसियों के अनुसार सीमा पार से आतंकी आकाओं ने अपने स्थानीय गुर्गों को असहाय नागरिकों को निशाना बनाने के निर्देश दिए हैं. इस गंभीर खतरे को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं.

---विज्ञापन---

सुरक्षित जगहों पर भेजे जा रहे प्रवासी मजदूर

सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों के बाद ईंट-भट्ठों पर काम करने वाले और अलग-थलग इलाकों में रहने वाले प्रवासी मजदूरों को सुरक्षा शिविरों के पास भेजा जा रहा है. अब किसी भी मजदूर या उनके परिवार को असुरक्षित या दूरदराज के इलाकों में रहने की अनुमति नहीं दी जाएगी. इसके अलावा घाटी में आने वाले नए प्रवासी मजदूरों का संबंधित पुलिस थाने में पंजीकरण अनिवार्य कर दिया गया है. पुलिस और सुरक्षा बलों ने रात में गश्त और संदिग्ध इलाकों की निगरानी बढ़ा दी है. मजदूरों को सलाह दी गई है कि वे अंधेरा होने के बाद बाहर न निकलें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें.

---विज्ञापन---

यह भी पढ़ें: यौन उत्पीड़न मामले में तरुण तेजपाल को 10 साल की सजा, कोर्ट का आदेश- दो हफ्ते में करना होगा सरेंडर

---विज्ञापन---

हमलावरों की तलाश तेज

हाल ही में हुए आतंकी हमलों के पीछे शामिल दोषियों को पकड़ने के लिए सुरक्षा बलों ने व्यापक तलाश अभियान शुरू कर दिया है. दक्षिण कश्मीर के कई जिलों में छापेमारी की जा रही है. अधिकारियों ने इन हमलों के मुख्य आरोपी और कथित मास्टरमाइंड लतीफ भट की गिरफ्तारी के लिए 15 लाख रुपये के इनाम का ऐलान किया है. प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि अगर उनके पास कोई सटीक जानकारी हो तो वे तुरंत साझा करें. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी ताकि दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जा सके.

---विज्ञापन---