कर्नाटक के एक जिले में आत्महत्या की कोशिश करने वाली महिला की जान पुलिस और स्थानीय लोगों ने बचा ली. महिला ने बुधवार रात कुमारधारा नदी में छलांग लगा दी थी. इसी दौरान एक मगरमच्छ ने उसे काट लिया. हालांकि, महिला को मामूली चोटें आई हैं. पुलिस के मुताबिक, यह घटना बुधवार रात कुक्के सुब्रह्मण्य में कुमारधारा पुल के पास हुई. बताया जा रहा है कि महिला कुछ निजी परेशानियों से जूझ रही थी. इसी वजह से उसने नदी में छलांग लगा दी.
महिला जब नदी में थी, तभी मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसे काट लिया. इसके बाद महिला ने मदद के लिए जोर-जोर से आवाज लगाई. पास के एक लॉज में काम करने वाले लोगों ने उसकी आवाज सुनी और तुरंत सुब्रह्मण्य पुलिस को सूचना दी. खबर मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने महिला को नदी से बाहर निकाला और उसकी जान बचाई. इसके बाद महिला को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया. पुलिस ने उसके परिवार को भी सूचना दी. महिला की काउंसलिंग करने के बाद उसे परिवार के साथ घर भेज दिया गया. पुलिस के अनुसार, इस मामले में अभी कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. परिवार के अनुरोध पर महिला की पहचान भी सार्वजनिक नहीं की गई है.
अगर आप या आपका कोई परिचित मानसिक परेशानी से गुजर रहा है, तो मदद लेने में संकोच न करें. किसी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें.