नई कार लेकर शोरूम से निकला ग्राहक, कुछ ही दूर बाइक से टकराई बेकाबू कार; 2 घायल, Video Viral
कर्नाटक के सागर शहर में मारुति शोरूम से बाहर निकलते ही एक नई कार बेकाबू होकर मोटरसाइकिल से टकरा गई. हादसे में बाइक सवार और पीछे बैठे व्यक्ति को गंभीर चोटें आईं. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
कर्नाटक के सागर में मारुति शोरूम से निकलने के बाद बाइक से टकराती बेकाबू कार. (Image- X/@news24tvchannel)
कर्नाटक के सागर शहर में नई कार खरीदने की खुशी उस समय हादसे में बदल गई, जब शोरूम से बाहर निकलते ही कार बेकाबू हो गई. कार ने सड़क से गुजर रही एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी. इस हादसे में बाइक सवार और उसके पीछे बैठे व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. यह हादसा सागर शहर में एक मारुति शोरूम के पास हुआ.
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, एक ग्राहक अपनी नई कार की डिलीवरी लेने के बाद खुद उसे चलाकर शोरूम से बाहर निकाल रहा था. वह अभी कुछ ही दूर पहुंचा था कि अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया. इसके बाद कार बेकाबू होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग को तोड़ते हुए आगे बढ़ी और वहां से गुजर रही एक मोटरसाइकिल से टकरा गई. कार और बाइक के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल पर सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. नई कार लेने के लिए शोरूम पहुंचे ग्राहक के साथ हुई इस घटना ने सभी को हैरान कर दिया.
विज्ञापन
कर्नाटक : सागर में शोरूम से निकलते ही बेकाबू हुई नई कार, बाइक सवार को उड़ाया
इस दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. इसमें देखा जा सकता है कि शोरूम से निकलने के कुछ ही समय बाद कार बेकाबू हो जाती है और मोटरसाइकिल को टक्कर मार देती है. हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि कार चालक का वाहन से कंट्रोल कैसे खो गया. हादसे के पीछे की असली वजह जानने के लिए जांच की जा रही है. फिलहाल, घायल बाइक सवार और उसके साथ बैठे व्यक्ति की पहचान, उम्र और उन्हें किस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है.
सागर पुलिस ने हादसे का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कार अचानक बेकाबू क्यों हुई. जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असल वजह पता चल पाएगी.