Tomorrow Weather: देश में मानसून की रफ्तार भले ही कुछ धीमी पड़ती दिख रही हो, लेकिन मौसम विभाग (IMD) ने एक बार फिर कई इलाकों के लिए मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है. 17 सितंबर को देश के 20 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी चलने का अनुमान है. इस दौरान कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय हो रहा है. साथ ही असम और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में भी तेज हवाएं चलने का अनुमान है. इन मौसमी सिस्टमों के असर से देश के बड़े हिस्से में मौसम करवट लेगा.
इन 20 राज्यों में चेतावनी
उत्तर भारत में अगले कुछ दिनों तक मौसम करवट लेने वाला है, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब, असम, त्रिपुरा, नगालैंड, केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में तेज बारिश के आसार हैं. वहीं मध्य भारत के राज्यों में भी बादलों की आवाजाही जारी रहेगी.
---विज्ञापन---
दिल्ली समेत प्रमुख राज्यों का हाल
दिल्ली-NCR में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 17 सितंबर को गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. पूर्वी राजस्थान में 16 से 19 सितंबर के दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. इसके अलावा उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और पश्चिमी राजस्थान में भी 17 से 18 सितंबर के बीच आंधी और आकाशीय बिजली चमकने का अलर्ट है.
उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में मौसम एक बार फिर बदलने जा रहा है. मौसम विभाग (IMD) की ताजा चेतावनी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के बड़े हिस्से में 17 से 22 सितंबर के दौरान बारिश, तेज हवाओं और बिजली चमकने का दौर देखने को मिलेगा.
---विज्ञापन---
उत्तराखंड के हरिद्वार, नैनीताल और ऋषिकेश में 80 किमी प्रति घंटे तक की तूफानी हवाओं की चेतावनी है. हिमाचल प्रदेश में भी मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 17 से 22 सितंबर तक छिटपुट बारिश का सिलसिला बना रहेगा.
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के कई इलाकों में 16 और 17 सितंबर को व्यापक बारिश के आसार हैं, जबकि 18 सितंबर को कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं पंजाब में भी 17 सितंबर को ज्यादातर इलाकों में अच्छी बारिश का अनुमान है. 18 और 19 सितंबर को यहां छिटपुट बारिश दर्ज की जा सकती है.
---विज्ञापन---
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, आगरा, बरेली, प्रयागराज और गोरखपुर सहित कई जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 17 से 19 सितंबर तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17 से 21 सितंबर के बीच रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान है.
राजस्थान के अजमेर, जोधपुर, बाड़मेर और जयपुर के आसपास 50 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं और बारिश हो सकती है. पूर्वी राजस्थान में 17 सितंबर को व्यापक बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 17 और 18 से 21 सितंबर के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
---विज्ञापन---
वहीं एमपी के जबलपुर, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम और उज्जैन में तेज आंधी के साथ भारी बारिश का अनुमान है. पूर्वी मध्य प्रदेश में 16 से 18 सितंबर और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 18 से 19 सितंबर के दौरान ज्यादातर इलाकों में तेज बारिश के आसार हैं.
छत्तीसगढ़ में 19 से 22 सितंबर के बीच अच्छी बारिश हो सकती है, जिसमें 20 से 22 सितंबर के दौरान कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. 17 से 20 सितंबर तक आंधी और बिजली चमकने का अलर्ट रहेगा. विदर्भ में भी 17 से 21 सितंबर तक छिटपुट बारिश और 22 सितंबर को व्यापक बारिश की संभावना है.
---विज्ञापन---
पूर्वी भारत में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के साथ-साथ गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 17 से 22 सितंबर तक व्यापक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 17 से 18 सितंबर और 22 सितंबर को अधिकांश इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है. 16 सितंबर को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 17 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है. ओडिशा में 19 से 22 सितंबर के दौरान व्यापक बारिश के आसार हैं, जबकि 16 और 18 से 20 सितंबर तक कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. बिहार और झारखंड में 16 से 22 सितंबर तक रुक-रुक कर छिटपुट बारिश दर्ज की जाएगी. इस दौरान बिहार में 17 और 18 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है.
तेज हवाएं और बिजली गिरने का खतरा
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 17 से 22 सितंबर के बीच 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों में 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. 18 सितंबर को यहां बहुत भारी बारिश का भी अलर्ट है. झारखंड में 17 सितंबर को 40 से 60 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने का अनुमान है. गंगा के तटीय पश्चिम बंगाल में भी इन दो दिनों में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के झोंके चल सकते हैं. बिहार में 17 से 18 सितंबर के बीच आकाशीय बिजली चमकने की आशंका जताई गई है.
पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम का हाल
अरुणाचल प्रदेश में 17 सितंबर को तेज बारिश के आसार हैं, साथ ही कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. असम और मेघालय में 17 और 19 सितंबर को भी भारी बारिश की संभावना है. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 19 सितंबर को भारी बारिश के साथ 17 से 18 सितंबर तक गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है.
पश्चिम भारत में बारिश और आंधी का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, कोंकण और गोवा में 17 से 22 सितंबर के बीच छिटपुट बारिश दर्ज की जाएगी. गुजरात क्षेत्र में 17 से 19 सितंबर और सौराष्ट्र व कच्छ में 17 सितंबर को अधिकांश इलाकों में अच्छी बारिश के आसार हैं. 20 से 22 सितंबर के दौरान गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ में रुक-रुक कर बारिश हो सकती है. गुजरात क्षेत्र में 17-18 सितंबर और सौराष्ट्र-कच्छ में 17 से 18 सितंबर के दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी है. मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 16 से 22 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी.
दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत का हाल
केरल और माहे में 17 और 18 सितंबर को झमाझम बारिश की संभावना है, वहीं 17 से 20 सितंबर के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. लक्षद्वीप में 16 से 18 सितंबर के बीच व्यापक बारिश और गरज-चमक का अनुमान है. कर्नाटक में 19 से 22 सितंबर के दौरान मौसम में बड़ा बदलाव दिखेगा. उत्तरी और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में 19 से 22 सितंबर के बीच तेज बारिश हो सकती है, जबकि तटीय कर्नाटक में 20 से 22 सितंबर के दौरान व्यापक वर्षा का अनुमान है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 16 सितंबर और 19 से 22 सितंबर के दौरान भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 16 से 20 सितंबर तक भारी बारिश जारी रह सकती है.
तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 16 से 20 सितंबर के दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं, जो बढ़कर 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. तटीय आंध्र प्रदेश में 19 और 20 सितंबर को ऐसी ही तेज हवाओं का अनुमान है. इसके साथ ही तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, उत्तरी और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में 16 से 20 सितंबर के दौरान तेज सतही हवाएं चलने की आशंका है.