कठुआ में फायरिंग के बीच खोजे जा रहे आतंकवादी, तीसरे दिन भी जारी है तलाशी अभियान

जम्मू के कठुआ जिले में एलओसी के पास सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी है। सुरक्षा बलों की कई टीमें मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके की तलाशी ले रही हैं।

Kathua News

Kathua News

जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर के सानियाल इलाके और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों का पांच आतंकियों की तलाश में तीसरे दिन भी कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन जारी है। इस ऑपरेशन में आतंकियों की तलाश में सेना, पुलिस स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और अन्य सुरक्षाबलों के साथ NSG भी शामिल है। सूत्रों के मुताबिक, आतंकियों ने ठिकाना बदला है, हमारे बहादुर जवानों ने पूरा इलाका घेरा हुआ है।

आपको बता दें, जम्मू रीजन के कठुआ जिले में अंतर्राष्ट्रीय सीमा के हीरानगर सेक्टर में रविवार शाम 6:30 बजे आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई थी। करीब तीन घंटे चला एनकाउंटर विजिबिलिटी कम होने की वजह से रोक दिया गया। सुबह होते ही ऑपरेशन दोबारा शुरू हुआ था और आज तीसरे दिन भी यह ऑपरेशन जारी है। इलाके में सुरक्षाबलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।

इलाके में चलाया गया था सर्च ऑपरेशन 

सुरक्षाबलों को अंतर्राष्ट्रीय सीमा से करीब 5 किमी दूर सान्याल गांव में 4-5 आतंकी छिपे होने की खबर थी। इसके बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। आतंकियों ने पति-पत्नी को पकड़ लिया था। मौका मिलने पर महिला ने भागना शुरू कर दिया। आतंकियों ने उसे गोली मारने की धमकी दी, लेकिन वह भागती रहीं। इसके बाद महिला का पति भी आतंकियों के चंगुल से भाग निकला था। इस ऑपरेशन के दौरान एक बच्ची को मामूली चोटें आईं हैं।

जिस इलाके में यह ऑपरेशन चल रहा है, वहां से चार एम-4 राइफल मैगजीन, 4 आईडी पैक, बुलेटप्रूफ जैकेट, कई जोड़ी जूते, स्लीपिंग बैग और ट्रैक सूट बरामद हुए हैं। बता दें, इस ऑपरेशन में जम्मू कश्मीर पुलिस के डीजीपी नलिन प्रभात न सिर्फ ऑपरेशन को ग्राउंड से मॉनिटर कर रहे हैं, बल्कि खुद इस ऑपरेशन में जवानों के साथ उतरे हैं। इससे पहले शायद ही कभी इस तरीके की तस्वीर देखी होगी। हाथों में एक-47 लिए यह जम्मू कश्मीर पुलिस के डीजीपी नलिन प्रभात हैं, जो कि खुद ग्राउंड ऑपरेशन की मॉनिटरिंग के साथ-साथ खुद ग्राउंड पर आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन में उतरे हैं।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ