जम्मू कश्मीर में दिखा संदिग्ध, गांव वालों ने पकड़ा; पुलिस ले गई थाने
Author: Avinash Tiwari
2025-05-02 20:40:13
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। आतंकियों की तलाश जारी है। इसी बीच, राजौरी जिले के तेरयाठ के गालान क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा और तुरंत पुलिस को सूचित किया। गांव वालों का कहना है कि इस व्यक्ति को उन्होंने पहले कभी गांव में नहीं देखा था।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध को थाने ले गई। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं और आतंकियों की तलाश कर रहे हैं। 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में पहलगाम में 26 पर्यटकों को निशाना बनाया गया था। जिस वक्त ये हमला हुआ था, उस वक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साऊदी अरब के दौरे पर गए थे।
पाकिस्तान ने की फायरिंग, भारत ने दिया जवाब
इसके बाद से ही भारत-पाकिस्तान के बीच जबरदस्त तनाव का माहौल है। पाकिस्तान का कहना है कि भारत उस पर कभी भी हमला कर सकता है। 02-03 मई 2025 की रात को, पाकिस्तानी सेना ने जम्मू और कश्मीर के कुपवाड़ा, उरी और अखनूर क्षेत्रों के सामने नियंत्रण रेखा के पार बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की। भारतीय सेना ने कहा कि भारतीय सेना ने तुरंत और उचित जवाब दिया।
कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल
वहीं इसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चरण जीत सिंह चन्नी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “आज तक मुझे यह नहीं पता चल पाया कि (सर्जिकल) स्ट्राइक कहां हुई, उस समय लोग कहां मारे गए और पाकिस्तान में यह कहां हुआ। क्या हमें पता नहीं चलेगा कि हमारे देश में बम गिराया गया है?”
चन्नी ने आगे कहा कि वे कहते हैं कि उन्होंने पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक की। कुछ नहीं हुआ। कहीं भी सर्जिकल स्ट्राइक नहीं देखी गई। किसी को पता नहीं चला, मैंने हमेशा (सबूत) मांगे हैं। लेकिन आज लोगों के जख्मों पर मरहम लगाने की जरूरत है। हम मांग करते हैं कि सरकार कुछ करे। लोगों को बताएं कि वे (पहलगाम आतंकी हमले के अपराधी) कौन हैं और उन्हें सजा दी जाए।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
Know More: Editorial Guidelines