सोमालिया तट के पास समुद्री डाकुओं से भारतीय नौसेना ने छुड़ाए 20 ईरानी नागरिक

भारतीय नौसेना ने सोमालिया तट के पास 48 घंटे से अधिक चले ऑपरेशन में समुद्री डाकुओं के कब्जे से मछली पकड़ने वाली नौका और 20 ईरानी नागरिकों को सुरक्षित बचाया.

Indian Navy Rescue Operation

सोमालिया तट के पास समुद्री डाकुओं के कब्जे से छुड़ाई गई मछली पकड़ने वाली नांव और उसके पास तैनात भारतीय नौसेना का युद्धपोत. (Image- X/@AIRNewsHindi)

भारतीय नौसेना ने सोमालिया के तट के पास समुद्री डाकुओं के कब्जे से एक मछली पकड़ने वाली नांव और उस पर सवार 20 ईरानी नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया है. यह अभियान 48 घंटे से ज्यादा समय तक चला. नौसेना ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी. नौसेना के मुताबिक, ‘अजीनी’ नाम की इस नांव पर पिछले महीने की शुरुआत में हथियारबंद समुद्री डाकुओं ने कब्जा कर लिया था. इस घटना को समुद्री सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा माना जा रहा था. आशंका थी कि समुद्री डाकू इस नांव का इस्तेमाल करके व्यापारिक जहाजों पर हमले कर सकते हैं.

विज्ञापन

नौसेना और वायुसेना ने मिलकर चलाया अभियान

भारतीय नौसेना ने इलाके में तैनात एक युद्धपोत को बचाव अभियान की जिम्मेदारी सौंपी. इसके साथ ही विमान की भी मदद ली गई. दोनों ने मिलकर लगातार निगरानी की, नांव का पता लगाया और उस पर नजर रखी. साथ ही उसका आना-जाना सीमित किया गया, ताकि समुद्री डाकू वहां से भाग न सकें. इस अभियान में भारतीय वायुसेना के सी-17 विमान की मदद से नौसेना के समुद्री कमांडो को पैराशूट के जरिए तय जगह पर उतारा गया. इसके बाद कमांडो ने तेजी से कार्रवाई करते हुए नांव को अपने कंट्रोल में ले लिया. समुद्री डाकुओं के खतरे को खत्म किया गया और चालक दल के सभी 20 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. नौसेना ने इस अभियान को अपनी तैयारी और तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल का उदाहरण बताया. उसने कहा कि भारत हिंद महासागर में जरूरत पड़ने पर सबसे पहले मदद पहुंचाने वाले देश और भरोसेमंद सुरक्षा साझेदार की भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है. नौसेना ने यह भी कहा कि वह नाविकों की सुरक्षा, समुद्री व्यापार मार्गों की रक्षा और क्षेत्र में सुरक्षित माहौल बनाए रखने के लिए काम करती रहेगी.

विज्ञापन

ईरानी दूतावास ने भारत का जताया आभार

दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर भारत सरकार, नौसेना और वायुसेना का धन्यवाद किया. दूतावास ने भारतीय सैनिकों के साहस और आपसी तालमेल की सराहना की. दूतावास के मुताबिक, यह सफल अभियान भारत और ईरान के बीच दोस्ती, सहयोग और एकजुटता का प्रतीक है.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ