देशभर में धूमधाम से मनाई जा रही दिवाली, पटाखों की वजह से दिल्ली की हवा हुई ‘बहुत खराब’
रविवार को दिल्ली की हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में थी, और दिन चढ़ने के साथ इसके और खराब होने के आसार है. दिन की शुरुआत में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 376 था, जो ‘बहुत खराब’ की श्रेणी में आता है.
देशभर में दिवाली पूरे धूमधाम से मनाई जा रही है. (Image - PTI)
देशभर में दिवाली पूरे धूमधाम से मनाई जा रही है. लोगों ने त्योहार मनाने के लिए अपने घरों को रोशनी से सजाया है, दुकानदारों ने भी अपने प्रतिष्ठानों में दीये जलाए और बीच में पटाखों की आवाज भी सुनाई दे रही है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के नक्सल-मुक्त बस्तर में सुरक्षाकर्मियों के साथ दिवाली मनाई. मोदी ने सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘हमारे बहादुर सुरक्षा बलों के साथ दिवाली मनाने के लिए बस्तर जा रहा हूं.’
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि बस्तर एक ऐसा इलाका है, जहां कभी नक्सलवाद का बोलबाला था, लेकिन अब वहां विकास फल-फूल रहा है. प्रधानमंत्री ने कहा, ‘मैं हमारे बहादुर सुरक्षाकर्मियों को उनके बलिदान, नि:स्वार्थ सेवा और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण के लिए सलाम करने जा रहा हूं.’ उन्होंने शनिवार को देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दी थी और कहा कि पिछले वर्षों की तरह ही, वह यह त्योहार सैनिकों के साथ मनाएंगे.
विज्ञापन
Heading to Bastar to celebrate Diwali with our brave security forces. This is an area where Naxalism once held sway and now, development is flourishing. I am going to salute our brave security personnel for their sacrifices, selfless service and unwavering devotion to the nation. दीपावली के पावन अवसर पर बस्तर जा रहा हूं। कल तक जहां नक्सलियों का कहर था वहां आज विकास की बहार है। वीर जवानों, उनके बलिदान, त्याग और तपस्या को नमन करने जा रहा हूं।
प्रधानमंत्री ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘आप सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं. मेरी कामना है कि आने वाले दिनों में आप सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशहाली आए. मैं भी आप ही की तरह दीपावली को बहुत उत्साह के साथ मनाता हूं.’
Diwali in Bastar…all thanks to our security forces!
Naxalism is history.
Development is the way ahead.
Today was special and memorable. https://t.co/cHok2iVtd8
पीएम मोदी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की भी तारीफ की, जिन्होंने दिवाली के मौके पर नागपुर में सूखे से प्रभावित किसानों के साथ समय बिताया. फडणवीस ने कहा कि किसानों की आंखों से आंसू पोंछना ही उनके लिए असली दिवाली है.
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने याद किया कि इंदिरा गांधी के प्रधानमंत्री काल में जब उनका परिवार 1, सफदरजंग रोड पर रहता था तब वे दिवाली कैसे मनाते थे. घर के बगीचे में अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा और नातिन मिराया वाड्रा के साथ बैठीं सोनिया ने कहा कि उन्हें दिवाली बहुत पसंद है और उन दिनों मनाए जाने वाले जश्न बहुत प्यारे हुआ करते थे.
विज्ञापन
Revisiting my early memories of celebrating Diwali – the traditions, the festivities and the little moments that made it so special 🪔✨
Wishing everyone a Happy Diwali https://t.co/GzFavNc6Vo
सोनिया ने याद किया कि कैसे प्रवेश द्वार पर गणेश जी की मूर्ति को सजाया जाता था, जबकि रास्तों के किनारे और घर की छत पर दीये जलाए जाते थे. वह अपनी नातिन को बताती हैं कि उन दिनों लोग पटाखों को लेकर अत्याधिक उत्साहित होते थे, और साथ ही यह भी बताती हैं कि उन्हें ‘फुलझड़ी’ सबसे ज़्यादा पसंद थी. सोनिया ने ‘उन दिनों’ साल के इसी समय के नीले आसमान और सुहावने मौसम को भी याद किया.
प्रियंका ने याद किया कि कैसे उनके पिता, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी, उन्हें पटाखे खरीदने के लिए पुरानी दिल्ली ले जाया करते थे. सोनिया ने बताया कि परिवार त्योहारों के दौरान कश्मीरी खाना खाता था.
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हनुमानगढ़ी और राम मंदिरों में पूजा-अर्चना की. गोरक्षपीठाधीश्वर आदित्यनाथ ने हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ अपने दौरे की शुरुआत की. मंदिर पहुंचने पर संतों और पुजारियों ने ‘जय श्री राम’ के उद्घोष के साथ उनका स्वागत किया. योगी आदित्यनाथ इसके बाद श्री राम जन्मभूमि परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने रामलला के दर्शन किये.
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने केंद्र शासित प्रदेश के लोगों के साथ-साथ देश-विदेश में यह त्योहार मना रहे सभी लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं. श्रीनगर के लाल चौक पर स्थित मशहूर घंटाघर को हज़ारों दीयों से रोशन किया गया. यहां दिवाली मनाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग जमा हुए और दियों को प्रज्जवलित किया.
विज्ञापन
स्थानीय हिंदुओं और मुसलमानों ने भी पटाखे जलाकर दिवाली के जश्न में हिस्सा लिया. कोलकाता से आए एक पर्यटक अंकुश चटर्जी ने कहा, ‘हमें कश्मीर में दिवाली मनाने में बहुत खुशी हो रही है। यहां का माहौल बहुत बढ़िया है.’
दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में पटाखों पर लगी पाबंदियों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निगरानी बढ़ा दी है, जबकि अग्निशमन विभाग ने आग लगने की घटनाओं से निपटने के लिए एक व्यापक आपातकालीन प्रतिक्रिया योजना लागू कर दी है.
विज्ञापन
एक अधिकारी ने बताया कि सभी जिला पुलिस इकाइयों, विशेष प्रकोष्ठ और क्षेत्र में काम करने वाली इकाइयों को कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, खासकर भीड़-भाड़ वाले बाजारों, रिहायशी इलाकों और अन्य संवेदनशील जगहों पर. उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुसार, दिवाली पर केवल प्रमाणित ‘हरित’ पटाखे ही जलाए जा सकते हैं. इन्हें सुबह छह बजे से सात बजे के बीच और रात आठ बजे से 10 बजे के बीच ही फोड़ा जा सकता है.
रविवार को दिल्ली की हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में थी, और दिन चढ़ने के साथ इसके और खराब होने के आसार है. दिन की शुरुआत में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 376 था, जो ‘बहुत खराब’ की श्रेणी में आता है. शहर पर धूम कोहरे की घनी परत छाई रही, जिससे दृश्यता कम हो गई. दिवाली के जश्न, वाहनों से निकलने वाले धुएं और पराली जलाने के चरम मौसम के कारण, सोमवार को हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंचने की आशंका जताई गई है.