प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर के बीच व्यापक बातचीत हुई. बातचीत के बाद भारत और बेल्जियम ने व्यापार, रक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों, स्वच्छ ऊर्जा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में अपने सहयोग को बढ़ाने पर सहमति हुई.

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने मीडिया बयान में कहा कि पिछली तिमाही में भारत द्वारा 7.8 प्रतिशत की वृद्धि दर दर्ज की गई है, उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक प्रगति दुनिया के लिए यकीन और नये अवसरों का स्रोत है.

---विज्ञापन---

बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के पूरे होने को एक बड़ी उपलब्धि बताया और उन्होंने कहा कि भारत और बेल्जियम के बीच संबंध ऐसे ही बना रहे हैं.

मोदी ने कहा कि आज विश्व उथल-पुथल के बुरे दौर से गुजर रहा है. दुनिया के कई हिस्सों में संघर्ष चल रहा है. भोजन, ईंधन या आपूर्ति शृंखलाओं को लेकर असमंजस से हर क्षेत्र प्रभावित है. उन्होंने कहा कि इस चुनौतीपूर्ण माहौल में भी भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत है. पिछली तिमाही में हमने 7.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है. प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की विकास गाथा दुनिया के लिए विश्वास और नये अवसरों का रास्ता बन रही है.

---विज्ञापन---

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर यूक्रेन और पश्चिम एशिया में जारी संघर्षों को बातचीत और कूटनीतिक प्रयासों के जरिए खत्म करने की पैरवी की.

उन्होंने कहा कि भारत और बेल्जियम कानून के शासन के साथ-साथ संवाद और कूटनीति में विश्वास रखते हैं. मोदी ने कहा कि यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया, भारत संघर्षों को जल्द खत्म करने और शांति कायम करने की दिशा में किए जा रहे हर प्रयास के समर्थन में है.

---विज्ञापन---

प्रधानमंत्री ने आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ भारत और बेल्जियम की प्रतिबद्धता भी दोहराई.

मोदी ने दोनों देशों के बीच उच्च प्रौद्योगिकी और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने को भी प्राथमिकता बताया.

---विज्ञापन---

उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा का भविष्य और भरोसेमंद आपूर्ति श्रृंखला दोनों देशों के साझा हितों में हैं. नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में हुआ एमओयू लगातार विकास के लिए द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करेगा.

उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण खनिजों के प्रसंस्करण (Processing) और पुनर्चक्रण (Recycling) में सहयोग बढ़ाने का फैसला लिया गया है. वहीं, सेमीकंडक्टर क्षेत्र में बेल्जियम की विशेषज्ञता और भारत की व्यापक क्षमताएं एक-दूसरे को मजबूती प्रदान कर सकती हैं.

---विज्ञापन---