---विज्ञापन---

IMD Rain Alert: दिल्ली-यूपी समेत 15 राज्यों में 15 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, 60 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

IMD Rain Alert: देशभर में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो चुका है. देश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में 9 से 15 जुलाई के बीच झमाझम बारिश और तूफान का दौर जारी रहेगा. मौसम विभाग ने उत्तराखंड, यूपी और दिल्ली समेत कई राज्यों में भारी बारिश और 60 प्रति किमी घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी है. जानिए आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम का हाल.

---विज्ञापन---

IMD Rain Alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 9 से 15 जुलाई 2026 के बीच देश के 15 से अधिक राज्यों में मूसलाधार से अति भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. मॉनसून ट्रफ और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तराखंड 10 जुलाई और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों में 60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की गंभीर चेतावनी दी गई है.

उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश का दौर

हिमाचल प्रदेश में 9 से 15 जुलाई तक लगातार व्यापक बारिश का अनुमान है. उत्तराखंड में 9 और 10 जुलाई को ‘अत्यंत भारी वर्षा’ का अलर्ट है, जिससे भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है. पश्चिमी यूपी में 9 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश होगी, जबकि 10 जुलाई को अत्यंत भारी बारिश का अंदेशा है. पूर्वी यूपी में 9-11 जुलाई के दौरान मूसलाधार बारिश और 12 जुलाई को तीव्र बिजली कड़कने की चेतावनी है.
इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 9 और 10 जुलाई को भारी बारिश तथा 10-13 जुलाई के दौरान अलग-अलग स्थानों पर तेज बारिश का दौर जारी रहेगा. पूर्वी राजस्थान और पंजाब में 9 जुलाई को बहुत भारी बारिश दर्ज की जा सकती है. पश्चिमी राजस्थान में 9 जुलाई को 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी और बारिश की संभावना है.

---विज्ञापन---

मध्य और पूर्वी भारत में मानसून की रफ्तार

उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 9 और 10 जुलाई को भारी से बहुत भारी वर्षा होगी. 9-15 जुलाई तक इन इलाकों में 50 किमी/घंटा के झोंकों के साथ तेज हवाएं चलेंगी. बिहार में 9 जुलाई को बहुत भारी बारिश का पूर्वाग्रह है, जबकि 10-12 जुलाई के दौरान भारी बारिश जारी रहेगी. झारखंड में 12-15 जुलाई के बीच मानसूनी बारिश में तेजी आएगी. असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 9 और 10 जुलाई को अत्यधिक भारी बारिश होगी. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 11 जुलाई तक भारी वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा.

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत का हाल

पश्चिमी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 9 जुलाई को भारी बारिश होगी. पूर्वी मध्य प्रदेश में 9-10 जुलाई को अति भारी बारिश का अनुमान है. कोंकण-गोवा में 9-15 जुलाई तक लगातार भारी वर्षा होगी. मध्य महाराष्ट्र में 9 जुलाई को बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. केरल, माहे और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 9 जुलाई को बहुत भारी बारिश की संभावना है. तेलंगाना में 9 जुलाई को 50-60 किमी/घंटा (झोंके 70 किमी/घंटा) की रफ्तार से थंडरस्कवॉल का अलर्ट है.

---विज्ञापन---

एक्सपर्ट इनसाइट्स: क्यों बन रहे हैं ऐसे हालात? 

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस सप्ताह अरब सागर से आने वाली नमी युक्त पछुआ हवाओं और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के आपस में मिलने से उत्तर और मध्य भारत में ‘कन्वर्जेंस ज़ोन’ बन गया है.
समुद्र में उठने वाली ऊंची लहरों और तूफानी हवाओं के चलते IMD ने मछुआरों को तटीय इलाकों में न जाने की सलाह दी है. 9 से 14 जुलाई के दौरान सोमालिया, ओमान के तट, मध्य अरब सागर तथा 9-11 जुलाई के बीच कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप तट पर समुद्र में जाना असुरक्षित है. गुजरात तट पर 11 से 13 जुलाई के बीच रोक रहेगी. 10 से 14 जुलाई के दौरान अंडमान सागर, म्यांमार तट, पूर्वी-मध्य व उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में प्रवेश न करें. 9 से 11 जुलाई के बीच पश्चिम बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटों पर जाने से बचें.

First published on: Jul 09, 2026 06:07 PM

End of Article

About the Author

Vijay Jain

विजय कुमार न्यूज 24 में बतौर सीनियर न्यूज एडिटर कार्यरत हैं. विजय कुमार ने अपने पत्रकारिता के सफर की शुरुआत प्रिंट मीडिया के साथ की. अपने 23 साल के करियर में वह दैनिक जागरण, अमर उजाला और दैनिक भास्कर जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं. विजय कुमार राजनीति, चुनाव, क्राइम और करंट अफेयर्स जैसे विषयों पर तथ्यपरक पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं. विजय कुमार ने दैनिक भास्कर में रिपोर्टिंग के दौरान स्टिंग ऑपरेशन भी किए. 23 साल के अनुभव के दौरान विजय कुमार ने करियर के शुरुआती दौर में डेस्क जर्नलिस्ट रहते हुए की. विजय कुमार को 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के अलावा बिहार, यूपी, बंगाल, राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के विधानसभा चुनाव की ग्राउंड कवरेज का अनुभव है. ग्रामीण उद्योगीकरण में स्नातक की डिग्री होने के कारण विजय कुमार को ग्रामीण इलाकों की समस्याओं और उनसे जुड़ी कवरेज का खासा अनुभव है. अपने लेख के माध्यम से उन्होंने ग्रामीण इलाकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है. पत्रकारिता में अनुभव: 23 साल योग्यता, डिग्री / अन्य उपलब्धियां: शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से ग्रामीण उद्योगीकरण विषय में बीए की डिग्री प्राप्त की है. विजय कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए 2017 में 'श्रीफल जर्नलिज्म नेशनल अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया.

Read More
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola