फरवरी 2019 को एलओसी पर पाकिस्तान के एफ-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने वाले ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान ने भारतीय वायुसेना से रिटायरमेंट ले ली है. हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने अभिनंदन ने 31 मार्च को भारतीय वायुसेना छोड़ दी थी. इसके बाद उन्होंने Fly91 नाम की प्राइवेट एयरलाइन ज्वाइन कर ली. अभिनंदन को पाकिस्तान का लड़ाकू विमान गिराने के बाद ‘वीर चक्र’ से सम्मानित किया गया था.
मिग-21 से F-16 को किया था ढेर
14 फरवरी 2019 को पुलवामा में आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे. इसके जवाब में 26 फरवरी 2019 को भारत ने पाकिस्तान पर बालाकोट एयरस्ट्राइक की थी. उस वक्त विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान श्रीनगर एयरफोर्स स्टेशन पर ‘ऑपरेशनल रेडीनेस प्लेटफॉर्म’ ड्यूटी पर तैनात थे. जब पाकिस्तानी वायुसेना विमान भारतीय हवाई क्षेत्र की ओर आ रहे थे तो अभिनंदन ने मिग-21 के साथ तुरंत उड़ान भरी. इसके बाद उन्होंने पाकिस्तान लड़ाकू विमानों का डटकर मुकाबला किया. इस दौरान उन्होंने एक पाकिस्तानी एफ-16 विमान को मार गिराया था.
लड़ते-लड़ते चले गए थे दुश्मन के इलाके में
जब अभिनंदन पाकिस्तानी विमानों का मुकाबला कर रहे थे, तभी एक पाकिस्तानी विमान ने बीवीआर मिसाइल उनके मिग-21 पर दागी. इस वजह से अभिनंदन को दुश्मन के इलाके में इजेक्ट होना पड़ा. इसके बाद उन्हें वहां बंधक बना लिया गया था. फिर पाकिस्तान ने भारत के आगे झुकते हुए करीब 60 घंटे बाद 1 मार्च 2019 को उन्हें अटारी-वाघा बॉर्डर पर भारतीय सेना को सौंप दिया था.
वीर चक्र से हुए थे सम्मानित
अभिनंदन को इसके बाद अदम्य साहस और दुश्मन का डटकर मुकाबला करने के लिए भारत सरकार ने देश के तीसरे सबसे बड़े युद्धकालीन वीरता पुरस्कार ‘वीर चक्र’ से सम्मानित किया था. इसके साथ ही उन्हें ग्रुप कैप्टन की रैंप पर प्रमोट कर दिया गया था.
अब उड़ाएंगे ATR 72-600 विमान
अभिनंदन अब प्राइवेट रीजनल एयरलाइन FLY91 से जुड़े हैं. इस एयरलाइन के विमान छोटे शहरों के बीच उड़ते हैं. छह ATR 72-600 विमान के बेड़े वाली FLY91 एयरलाइंस ने मार्च 2024 में उड़ान शुरू हुई थी. इसके दो शहरों गोवा और हैदराबाद में बेस हैं.