फेस्टिवल सीजन में जेब पर बोझ! महंगा हो सकता है आपका हवाई सफर, क्या है ATF कनेक्शन

एविएशन फ्यूल (ATF) की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच IndiGo ने हिंडन एयरपोर्ट से कोलकाता, नवी मुंबई और वाराणसी जाने वाली उड़ानों की संख्या कम कर दी है. बढ़ती ईंधन और परिचालन लागत एयरलाइन के लिए दबाव बढ़ा रही है.

IndiGO ATF.jpg

ईंधन की लागत बढ़ने के बीच IndiGo ने हिंडन एयरपोर्ट से संचालित कुछ प्रमुख घरेलू रूटों पर उड़ानों की संख्या कम कर दी है. (फोटो- X)

विज्ञापन

गणेश चतुर्थी, नवरात्रि और दिवाली जैसे त्योहार जल्द ही शुरू होने वाले हैं. त्योहारों के इस सीजन में हवाई यात्रियों के लिए एक बुरी खबर है. हाल ही में, देश की प्रमुख एयरलाइंस ने अपनी उड़ानों की संख्या कम करना शुरू कर दिया है. इस कदम की वजह से सितंबर के लिए तय सीटों की संख्या में काफी कमी आई है. एविएशन डेटा कंपनी OAG के अनुसार, घरेलू उड़ानों में सबसे ज्यादा कटौती की गई है. त्योहारों के दौरान यात्रा की मांग ज्यादा रहने की उम्मीद है, ऐसे में कम उड़ानों का मतलब हो सकता है कि कई रूटों पर कम ऑप्शन और हवाई किराया बढ़ा दिया जाए.

एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की बढ़ती कीमतों का असर अब घरेलू विमान सेवाओं पर भी साफ दिखाई देने लगा है. ईंधन की लागत बढ़ने के बीच देश की प्रमुख एयरलाइन IndiGo ने गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरपोर्ट से संचालित कुछ प्रमुख घरेलू रूटों पर उड़ानों की संख्या कम कर दी है. इसका सीधा असर कोलकाता, नवी मुंबई और वाराणसी जाने वाले यात्रियों पर पड़ेगा.

विज्ञापन

सितंबर में ATF की कीमत में करीब 5.5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है और यह लगभग 121.3 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है. जुलाई में यही कीमत करीब 110 रुपये प्रति लीटर थी, जो अगस्त में बढ़कर लगभग 115 रुपये हो गई थी. लगातार तीसरे महीने ईंधन महंगा होने से एयरलाइंस के परिचालन खर्च पर दबाव बढ़ा है.

कोलकाता और नवी मुंबई की उड़ानें हुईं कम

हिंडन एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए IndiGo की पहले हर दिन चलने वाली सेवा अब सप्ताह में केवल दो दिन रह गई है. शेड्यूल के अनुसार यह सेवा सप्ताह के चुनिंदा दिनों में संचालित की जा रही है. इसी तरह नवी मुंबई की उड़ानें भी हर दिन की जगह अब सप्ताह में सिर्फ चार दिन कर दी गई हैं. वाराणसी के लिए भी उड़ानों की संख्या 6 दिन से घटाकर 5 दिन कर दी गई है. फिलहाल हिंडन से IndiGo की सेवाएं वाराणसी, बेंगलुरु, कोलकाता, चेन्नई और नवी मुंबई के लिए जारी हैं. बेंगलुरु की उड़ान रोजाना जारी है, जबकि चेन्नई के लिए सप्ताह के कुछ दिनों में ही सेवा संचालित की जा रही है.

क्यों उठाना पड़ा यह कदम?

एयरलाइन अधिकारियों के मुताबिक, ईंधन की बढ़ती कीमत और कुल परिचालन लागत में इजाफे के कारण उड़ानों की क्षमता को कम कर दिया गया है. किसी एयरलाइन के कुल परिचालन खर्च में ईंधन की हिस्सेदारी करीब 40 से 60 फीसदी तक हो सकती है. ऐसे में ATF की कीमत बढ़ने का असर सीधे एयरलाइन की लागत पर पड़ता है.

विज्ञापन

वहीं, दूसरी ओर पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार में भी दबाव लगातार बना हुआ है. इसी लागत दबाव के बीच IndiGo ने घरेलू क्षमता में करीब 5 से 7 फीसदी तक कटौती की है.

विज्ञापन

सीटों की संख्या में कितनी कटौती हुई?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, एयरलाइंस ने सितंबर 2026 में लगभग 2.27 करोड़ सीटों का शेड्यूल बनाया है, जबकि पिछले साल सितंबर में यह संख्या 2.38 करोड़ थी. इसका मतलब है कि एक साल में सीटों की संख्या में लगभग 4.5% की कमी आई है. यह गिरावट लगातार तीसरे महीने भी जारी रही है. घरेलू उड़ानों की सीटों में सबसे ज्यादा कटौती हुई है. ये 5.6% घटकर लगभग 1.5 करोड़ रह गई हैं. इंटरनेशनल उड़ानों की सीटों में 2.1% की कमी आई है और ये लगभग 77 लाख हो गई हैं. यह ट्रेंड इसलिए अहम है क्योंकि त्योहारों का मौसम आने वाला है. गणेश चतुर्थी, नवरात्रि और दिवाली के दौरान बड़ी संख्या में लोग यात्रा करते हैं और अपने घर जाते हैं. तो ऐसे में अब उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है.

हिंडन एयरपोर्ट के सामने खड़ी कई चुनौतियां

हिंडन एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ानों का संचालन शुरू होने के बाद यहां कई नए रूट जोड़े गए थे, लेकिन कुछ सेवाएं बाद में बंद भी हो गईं. एयरपोर्ट पर संचालन का समय सीमित है और विमानों की पार्किंग क्षमता भी एक चुनौती है, क्योंकि यह भारतीय वायुसेना के महत्वपूर्ण बेस पर स्थित है. ऐसे में एयरलाइंस के लिए यहां क्षमता बढ़ाना आसान नहीं है. यात्रियों के लिए फिलहाल सबसे जरूरी बात यह है कि हिंडन से टिकट बुक करने से पहले अपनी चुनी हुई तारीख का फ्लाइट शेड्यूल जरूर चेक करें. खासकर कोलकाता, नवी मुंबई और वाराणसी के यात्रियों को पहले की तुलना में अब कम ऑप्शन मिलेंगे.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Versha Singh

Versha Singh

वर्षा स‍िंह News 24 ड‍िजिटल में बतौर सीन‍ियर सब एड‍िटर के पद पर कार्यरत हैं. वर्षा को ड‍िजिटल मीड‍िया में 6 साल से अधि‍क का अनुभव है. राष्‍ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और समसमाय‍िक व‍िषयों पर वर्षा की अच्‍छी पकड़ है. इसके अलावा राजनीत‍िक, क्राइम और ट्रेंडिंग खबरें भी ल‍िखती हैं. वर्षा ने मास्टर इन न्यू मीडिया टेक्नोलॉजी की पढ़ाई माखन लाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी, भोपाल से की है और जर्नलिज्म एवं मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री लखनऊ विश्वविद्यालय से प्राप्त की है. वर्षा अपने करियर में Jagran New Media, Asia News International (ANI) और ETV Bharat जैसे प्रमुख मीडिया संस्थानों के साथ काम कर चुकी हैं. उन्हें हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में लेखन और समसामयिक घटनाओं, राजनीति, हाइपरलोकल खबरों और मानवीय रुचि से जुड़ी कहानियों को डिजिटल दर्शकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का अनुभव है.
... और पढ़ें

/ताज़ा खबरें

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ