Mumbai Traffic Advisory Ganesh Visarjan 2026: आज 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के दिन गणपति बप्पा के विसर्जन के दिन मुंबई में धूम देखने को मिल रही है. मुंबई में बप्पा के विसर्जन के लिए प्राकृतिक स्थलों और कृत्रिम तालाबों की व्यवस्था की गई है. इसके साथ ही समुद्र तटों पर भक्तों की भीड़ है. बप्पा के विसर्जन के लिए विदाई यात्रा अत्यंत धूमधाम से निकाली जा रही है. ऐसे में मुंबई की कई सड़कों पर यातायात प्रभावित होगा.
गणेश विसर्जन के कारण यातायात प्रभावित
आज 25 सितंबर को गणेश विसर्जन के दिन जुहू, गिरगांव, दादर, मलाड, कुर्ला, मुलुंड और चेंबूर सहित कई क्षेत्रों में यातायात पर असर होगा. ऐसे में इन जगहों पर जाम में फंसने से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना अच्छा रहेगा. कई सड़कों को बंद किया गया है. कई क्षेत्रों में मार्ग परिवर्तन, एकतरफा यातायात और पार्किंग निषेध की घोषणा की गई है.
मुंबई में बप्पा की विदाई के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी
गणेश विसर्जन के दिन मुंबई में चारों तरफ धूम देखने को मिलती है. बप्पा की विदाई के दौरान सड़कों पर भक्तों की भीड़ देखने को मिलती है. आज विसर्जन के दिन ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर कई मार्गों के बंद होने और वैकल्पिक मार्गों को इस्तेमाल करने की सलाह दी है. दक्षिण और मध्य मुंबई में सड़कों पर प्रतिबंध 25 सितंबर की दोपहर को 12 बजे से लेकर 26 सितंबर की सुबह 6 बजे तक रहेगा. इस दौरान उत्तर और दक्षिण मुंबई के बीच यात्रा करने वालो को छत्रपति संभाजी महाराज तटीय सड़क का उपयोग करने की सलाह दी है.
दक्षिण मुंबई के कालबादेवी, गिरगांव, ठाकुरद्वार और पायधोनी क्षेत्र में कई सड़के बंद रहेंगी. ऐसे में आपको इन जगहों पर जाने से बचना चाहिए. विसर्जन यात्रा के कारण इन क्षेत्रों में भारी जाम की स्थिति बन सकती है. इन स्थानों पर जाम को कम करने के लिए यातायात को बैरिस्टर नाथ पाई मार्ग, एसवीपी रोड, भिंडी बाजार, इब्राहिम रहमतुल्ला रोड और डॉ. बी.ए. रोड की ओर मोड़ा जा सकता है.
इन क्षेत्रों में नो-पार्किंग लागू
यातायात पुलिस ने विसर्जन यात्रा को सुगम बनाने और जाम की स्थिति को कम करने के लिए जेवीएलआर पर एलएंडटी फ्लाईओवर से आईआईटी मार्केट गेट तक नो-पार्किंग लागू की है. इसके साथ ही आज विसर्जन के दौरान दोनों मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा. इन मार्गों पर आने वाले वाहनों को ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे या वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर डायवर्ट किया जाएगा. लालबाग और कालाचौकी क्षेत्र में यातायात प्रभावित होगा.