Friendship Day Special: 3 दोस्तों की अनोखी कहानी, साथ-साथ पढ़ें और क्रैक किया UPSC, बने IAS-IPS और IRS अफसर

दोस्ती जब जुनून बन जाए, तो बड़ी से बड़ी मंजिल आसान हो जाती है. तीन दोस्तों ने साथ मिलकर कठिन परीक्षा की तैयारी की और एक साथ अफसर बनकर मिसाल कायम की.

Friendship Day Special UPSC Success Story

फ्रेंडशिप डे स्पेशल- UPSC सक्सेस स्टोरी

Friendship Day Special: सपनों की राह कितनी भी कठिन हो, लेकिन अगर सच्चे दोस्तों का साथ हो तो बड़ी से बड़ी चुनौती आसान हो जाती है. इस फ्रेंडशिप डे पर ऐसी ही एक डिजिटल दोस्ती की कहानी सामने आई है, जिसने अकेलेपन और कठिन तैयारी को मात देकर सफलता का इतिहास रच दिया. टेलीग्राम के एक छोटे से स्टडी ग्रुप से शुरू हुई यह अनोखी दोस्ती आज तीन बड़े अधिकारियों की कामयाबी की मिसाल बन चुकी है. यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2023 का रिजल्ट आते ही इन तीनों दोस्तों का सपना एक साथ पूरा हो गया. तीनों अलग-अलग शहरों के रहने वाले हैं, लेकिन उनकी मेहनत और इरादे एक ही थे.

विज्ञापन

ऑनलाइन पढ़ाई और अटूट भरोसा

यूपीएससी की तैयारी को अक्सर बहुत कठिन और अकेला सफर माना जाता है, लेकिन सिद्धार्थ, चंद्रप्रभा और खुशहाली ने इसे अपनी दोस्ती से आसान बना दिया. अलग-अलग शहरों में रहने के बावजूद तीनों रोज रात को 10 बजे ऑनलाइन कॉल पर जुड़ते थे. दिनभर की पढ़ाई पर चर्चा करना, एक-दूसरे के मॉक इंटरव्यू लेना और कमियों को सुधारना उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन गया था. जब भी कोई दोस्त पढ़ाई के दबाव में निराश होता, तो बाकी दो उसका हौसला बढ़ाते थे. इस मजबूत ग्रुप स्टडी और आपसी भरोसे के दम पर ही तीनों ने एक साथ सफलता का स्वाद चखा.

विज्ञापन

संघर्ष से सफलता तक का सफर

वाराणसी के सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने आईआईटी बीएचयू से इंजीनियरिंग के बाद नौकरी छोड़ दी थी. कई बार की असफलता के बाद अपने छठे प्रयास में 118वीं रैंक हासिल कर वह आईपीएस अफसर बने. वहीं महाराष्ट्र की चंद्रप्रभा शर्मा अमेरिका से मास्टर्स की पढ़ाई पूरी कर देश सेवा के लिए भारत लौटी थीं. उन्होंने भी अपने छठे प्रयास में 289वीं रैंक हासिल की और आईआरएस अधिकारी बनीं. चंद्रप्रभा का परिवार पर्यावरण के प्रति बेहद जागरूक है. इन दोनों के साथ तीसरे दोस्त के रूप में बीकानेर की खुशहाली सोलंकी ने भी अपना जलवा बिखेरा और अपने सपने को साकार किया.

विज्ञापन

IAS खुशहाली की शानदार कामयाबी

राजस्थान के बीकानेर की रहने वाली खुशहाली सोलंकी ने एनआईटी सूरत से अपनी पढ़ाई पूरी की थी. उनके पास आईआईटी बॉम्बे से पढ़ाई करने का बेहतरीन मौका था, लेकिन उन्होंने देश सेवा का रास्ता चुना. शुरुआती दो कोशिशों में निराशा मिलने के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी. अपने दोस्तों के सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत से उन्होंने तीसरे प्रयास में 61वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल की और आईएएस अफसर बनीं. खुशहाली का सपना एक ऐसी अधिकारी बनने का है, जो आम जनता की समस्याओं को समझकर उनकी मदद कर सके. इन तीनों दोस्तों की सफलता आज युवाओं को प्रेरित कर रही है.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Raja Alam

Raja Alam

राजा आलम वर्तमान में News 24 हिंदी (B.A.G. Network) में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता में चार वर्षों के अनुभव के साथ नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर बारीकी से लेखन कर रहे हैं. पत्रकारिता की नींव देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU), अलीगढ़ से रखी, जहां से राजा आलम ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद, हिंदी लेखन में गहराई को और विस्तार दिया जब राजा ने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से हिंदी साहित्य में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की. हर रोज़ कुछ नया सीखना और पाठकों तक सही, निष्पक्ष और भरोसेमंद खबर पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है. राजा के लेखन में आपको पत्रकारिता की गंभीरता के साथ-साथ पाठकों से जुड़ने वाली सरल भाषा और कंटेंट की विविधता दोनों मिलेंगे.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ