Biplab Deb: त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब के पुश्तैनी घर पर हमला, आग लगाई; जांच जारी
Author: Om Pratap
Jan 04, 2023 08:53 AM IST
Biplab Deb: त्रिपुरा में पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देव के पुश्तैनी मकान पर भीड़ ने हमला कर दिया और घर में आग लगा दी। मामला गोमती जिले के उदयपुर का है। यहां त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब का पैतृक घर है। मंगलवार देर रात पूर्व मुख्यमंत्री के घर के बाहर भीड़ जुटी और हमला कर दिया।
यह घटना उस समय हुई जब पुजारियों का एक समूह बिप्लब देब के उदयपुर के जामजुरी इलाके में राजनगर स्थित आवास पर पहुंचा। कहा जा रहा है कि आज देब के पिता के वार्षिक श्राद्ध समारोह है। इस मौके पर पुजारी यहां यज्ञ करने आए थे।
आसपास के लोगों ने किया बीच-बचाव
खबरों के मुताबिक, बदमाशों ने पुजारियों पर हमला किया और उनके वाहनों में तोड़फोड़ की। आसपास के लोगों और स्थानीय लोगों ने पुजारियों को बचाया, जिसके बाद बदमाश भाग गए।
पीड़ितों ने क्या बताया
पीड़ित पुजारियों में शामिल जितेंद्र कौशिक ने कहा कि मैं मां त्रिपुर सुंदरी मंदिर के दर्शन करने आया था। यहां मैं अपने गुरुदेव जी के निर्देश पर बुधवार को होने वाले यज्ञ की तैयारियों को देखने आया था। अचानक एक भीड़ आई, उन्होंने मुझ पर हमला किया और मेरे वाहन में तोड़फोड़ की।
उधर, घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। इस बीच, प्रदर्शनकारियों ने हमलावरों की दुकानों में तोड़फोड़ की। इसके बाद भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। स्थिति को संभालने के लिए उप मंडल पुलिस अधिकारी निरुपम देबबर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देबांजना रॉय मौके पर पहुंचे।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
Know More: Editorial Guidelines