3000 रुपये के फास्ट टैग में कैसे होगी 200 ट्रिप की काउंटिंग? इनको नहीं मिलेगा फायदा

सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने ₹3000 में फास्टैग आधारित वार्षिक पास की घोषणा की है, जिसमें 200 ट्रिप फ्री होंगी। यह योजना 15 अगस्त 2025 से लागू होगी। जानें इस पास से कितनी बचत होगी और किसे फायदा नहीं मिल पाएगा।

Toll Tax Fast Tag Noida

नया फास्टैग आधारित वार्षिक पास लॉन्च (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)

नेशनल हाईवे पर अक्सर सफर करने वालों के लिए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने नए फास्टैग आधारित वार्षिक पास की घोषणा की। इस पास की कीमत 3,000 रुपये रखी गई है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि यह पास 15 अगस्त, 2025 से लागू किया जाएगा। हालांकि सवाल यह है कि 3000 रुपये के पास में 200 ट्रिप फ्री हैं, तो इसकी गिनती कैसे की जाएगी? किन लोगों को इसका फायदा नहीं मिलने वाला है?

नए पास की घोषणा करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि इस पास की कीमत 3,000 रुपये है, लेकिन इसके बिना लोगों को 10 हजार रुपये तक टोल देना पड़ता था। इस पास में 200 ट्रिप फ्री होंगी। इस तरह एक टोल को पार करने के लिए महज 15 रुपये चुकाने होंगे।

कैसे होगी ट्रिप की गिनती?

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि इस पास से 200 ट्रिप फ्री होंगी। 200 ट्रिप का मतलब 200 टोल प्लाजा को पार करना है। एक टोल प्लाजा को पार करना यानी एक ट्रिप माना जाएगा। इस तरह 200 टोल प्लाजा साल भर में इस पास के जरिए पार किए जा सकते हैं।

कितना होगा फायदा?

नितिन गडकरी ने बताया कि इस पास से एक टोल को पार करने के लिए महज 15 रुपये चुकाने होंगे। वहीं अभी अगर एक टोल को पार करने के लिए लोग 50 रुपये भी चुका रहे हैं, तो 200 टोल पार करने में उन्हें 10 हजार रुपये चुकाने होंगे।

किन्हें नहीं मिलेगा फायदा?

केंद्रीय मंत्री ने कहा है कि यह पास केवल गैर-व्यावसायिक निजी वाहनों (कार, जीप, वैन आदि) के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है। कमर्शियल वाहनों को इसका फायदा नहीं मिलेगा। यह सिर्फ निजी वाहनों के लिए ही है। इतना ही नहीं, यह सिर्फ नेशनल हाईवे पर ही लागू होगा।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ