Election 2026 Date: 9 अप्रैल को मतदान, 4 मई को आएंगे नतीजे, EC ने किया असम में चुनाव की तारीखों का ऐलान
Author: Varsha Sikri
Mar 15, 2026 05:09 PM IST
चुनाव आयोग के CEC ज्ञानेश कुमार ने 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का आज ऐलान किया. असम की सभी 126 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को एक ही फेज में मतदान होगा. वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी. असम विधानसभा का कार्यकाल मई 2026 में खत्म होने वाला है. असम में 126 विधानसभा सीटों पर होने वाली वोटिंग में से 64 सीटों का आंकड़ा बहुमत के लिए जरूरी माना जाता है.
बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुकाबला
असम में इस बार भी अहम मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन के बीच माना जा रहा है. बीजेपी राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश करेगी, जबकि कांग्रेस सत्ता वापसी के लिए पूरी ताकत झोंक रही है. राजनीतिक दलों ने चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं. उम्मीदवारों की सूची जारी करने, रैलियां करने और चुनावी रणनीति बनाने का दौर भी शुरू हो गया है.
2021 के चुनाव में किसे मिली थी जीत
अगर पिछले विधानसभा चुनाव की बात करें तो 2021 में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने बड़ी जीत हासिल की थी. उस चुनाव में एनडीए ने कुल 126 सीटों में से 75 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी. बीजेपी ने अकेले 60 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस को 29 सीटों पर जीत मिली थी. इसके बाद हिमंत बिस्वा सरमा राज्य के मुख्यमंत्री बने और उन्होंने सरकार की कमान संभाली. 2026 के चुनाव से पहले राज्य में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. बीजेपी विकास और अपनी सरकार की उपलब्धियों के आधार पर जनता के बीच जा रही है, जबकि कांग्रेस सरकार को अलग-अलग मुद्दों पर घेरने की कोशिश कर रही है.
ये भी पढ़ें: केरल विधानसभा चुनाव के लिए इस दिन होगा मतदान, EC ने किया तारीख का ऐलान