देश भर में दिवाली के त्योहार की चहल-पहल के बीच कई राज्यों से भीषण आगजनी की खबरें सामने आई हैं. दिल्ली, गाजियाबाद, पटना, सिक्किम और तेलंगाना में फैक्ट्रियों, गोदामों, कबाड़ की दुकानों और पुराने अस्पताल परिसरों में आग लगने से भारी नुकसान हुआ है. कहीं पटाखों की चिंगारी तो कहीं बिजली के शॉर्ट सर्किट को इन हादसों की शुरुआती वजह माना जा रहा है. दमकल विभाग की टीमों को आग पर काबू पाने के लिए घंटों कड़ी मशक्कत करनी पड़ी.
गाजियाबाद- प्लास्टिक फैक्ट्री में विकराल लपटें
गाजियाबाद के विजयनगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित ‘नोवा बोल्ट’ प्लास्टिक कंपनी में अचानक भीषण आग भड़क उठी. कारखाने में प्लास्टिक की कुर्सियां बनाने के लिए भारी मात्रा में कच्चा और तैयार माल रखा हुआ था, जिससे आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था. सूचना मिलते ही दमकल की एक दर्जन से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगातार पानी की बौछार कर आग को बुझाने की कोशिश की गई.
दिल्ली- नजफगढ़ की गारमेंट फैक्ट्री में आग
दिल्ली के नजफगढ़ स्थित नांगली सकरावती इलाके में रविवार शाम करीब एक गारमेंट फैक्ट्री में अचानक आग लग गई. कपड़ों का बड़ा स्टॉक होने के कारण लपटें तेजी से फैलने लगीं. दमकल विभाग ने तत्परता दिखाते हुए एक के बाद एक 25 फायर टेंडर मौके पर भेजे. घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया और कूलिंग ऑपरेशन शुरू किया गया. घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
पटना- पटाखे की चिंगारी से कबाड़ दुकान में आग
पटना में दो अलग-अलग जगहों पर आग की घटनाएं दर्ज की गईं. पटाखे से निकली एक चिंगारी कबाड़ की दुकान पर जा गिरी, जिससे वहां रखे कबाड़ में भीषण आग लग गई और आसपास अफरा-तफरी मच गई. वहीं, पटना सिटी के बाईपास थाना क्षेत्र के पायजावा इलाके में स्थित एक गोदाम में आग भड़क उठी. हादसे में गोदाम के भीतर रखा लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक और स्टील का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया. दमकल की दर्जनों गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर लपटों को बुझाया.
सिक्किम- नामची के पुराने अस्पताल में आग
दक्षिण सिक्किम के नामची में स्थित ऐतिहासिक पुराने अस्पताल परिसर में देर शाम आग लग गई. 1975 में बना यह अस्पताल दशकों तक दक्षिण और पश्चिम सिक्किम की जनता के इलाज का मुख्य केंद्र रहा था. 2021 में पास ही नया सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल शुरू होने के बावजूद इस पुराने परिसर का संचालन भी आंशिक रूप से जारी था. जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड ने मोर्चा संभाला और आग पर काबू पा लिया. राहत की बात यह रही कि समय रहते कदम उठाने से कोई जनहानि नहीं हुई.
तेलंगाना- रंगारेड्डी में प्लास्टिक फैक्ट्री भी चपेट में
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के कटेदन इंडस्ट्रियल एरिया में प्लास्टिक ग्रैन्यूल बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक आग लग गई. प्लास्टिक का भंडार होने से आग इतनी तेजी से फैली कि उसने पास ही स्थित एक प्लाईवुड बनाने वाली इकाई को भी अपनी चपेट में ले लिया. दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कमान संभाली.