Delhi Liquor Scam: तेलंगाना भाजपा नेता का दावा, बोले- दिल्ली शराब घोटाले में KCR की बेटी की भी जल्द होगी गिरफ्तारी
Edited By Om Pratap

Edited By Om Pratap

Delhi Liquor Scam: तेलंगाना भाजपा के नेता ने दावा किया है कि दिल्ली शराब घोटाला मामले में जल्द ही के कविता को भी गिरफ्तार किया जाएगा। बता दें कि के कविता तेलंगाना के मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव की बेटी हैं। बता दें कि दिल्ली शराब घोटाला मामले में सीबीआई ने रविवार को दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया। सिसोदिया को सोमवार को एक अदालत में पेश किया गया और उन्हें पांच दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया गया।
मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के दो दिन बाद तेलंगाना भाजपा के नेता विवेक वेंकटस्वामी ने दावा किया कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की MLC के कविता ने आम आदमी पार्टी (आप) को 150 करोड़ रुपये दिए थे। भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब और गुजरात चुनाव में कविता ने आम आदमी पार्टी को 150 करोड़ रुपये दिए थे। शराब घोटाले में कुछ और गिरफ्तारियां होने की संभावना है। कविता को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
https://twitter.com/VivekVenkatswam/status/1630129886517153792
(नोट- विवेक वेंकटस्वामी के तेलगू में किए गए ट्वीट का अनुवाद- दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की तरह एमएलसी कलवाकुंतला कविता भी बहुत जल्द जेल जाएंगी।)
इससे पहले, प्रवर्तन निदेशालय ने आबकारी नीति मामले में आरोप पत्र में के कविता का नाम लिया था, जिसमें एक शराब कंपनी में 65 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने का आरोप लगाया था। जांच एजेंसी ने उनसे 11 दिसंबर, 2022 को उनके हैदराबाद स्थित आवास पर पूछताछ की थी।
कविता ने एजेंसी पर निशाना साधते हुए कहा था कि जांच एजेंसी एक ऐसे चुनावी राज्य में दस्तक दे रही है जहां भाजपा का शासन नहीं है। कविता ने कहा, “मोदी सरकार आठ साल पहले चुनी गई थी और तब से विभिन्न राज्यों की कम से कम नौ लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकारें गिराई गईं और भाजपा सत्ता में आई।”
मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने दिल्ली की अब रद्द की जा चुकी आबकारी नीति के निर्धारण और कार्यान्वयन में कथित अनियमितताओं से संबंधित मामले में 8 घंटे लंबी पूछताछ के बाद रविवार को गिरफ्तार किया था। बता दें कि शराब नीति मामले में सीबीआई द्वारा गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए सिसोदिया ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: