हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: Tiger ShroffCJP ProtestGyanesh KumarBigg Boss 20

4 राज्यों में झमाझम बारिश और तेज हवा… बंगाल की खाड़ी से आ रहा चक्रवात अर्नब; UP-बिहार के कई जिलों में भी दिखेगा असर

‘अर्नब’ चक्रवात 28 अक्तूबर को बंगाल की खाड़ी से सटे राज्यों में जोरदार तरीके से टकराने वाला है, जिसको लेकर प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है और जरूर इंतजाम भी किए जा रहे हैं. इसके कारण यूपी और बिहार में भी भारी बारिश की संभावनाएं जताई जा रही है.

विज्ञापन
चक्रवात अर्नब (AI Image)

Cyclone Arnab: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक बीतते वक्त के साथ चक्रवात ‘अर्नब’ बंगाल की खाड़ी में और ज्यादा तेज हो सकता है. इसके 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट पर बापटला और विशाखापत्तनम के बीच टकराने की संभावना है. बहुत भारी बारिश, तेज हवाओं और संभावित बाढ़ को देखते हुए, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. तमिलनाडु, यूपी और बिहार के कुछ हिस्सों के लिए भी मौसम से जुड़े अलर्ट जारी किए गए हैं.

आंध्र प्रदेश में तैयारियां तेज

पूर्वी-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डीप डिप्रेशन चक्रवाती तूफान में बदल सकता है और मंगलवार तक एक बड़ा साइक्लोन का रूप ले सकता है. समुद्री तट से टकराते समय हवा की स्पीड 115-125 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जो झोंकों के साथ 140 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. 27 अक्टूबर से आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में तेज हवाओं का असर शुरू हो सकता है. 27 और 28 अक्टूबर को उत्तरी आंध्र प्रदेश और मध्य तटीय जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.

आंध्र के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वो हर 4 घंटे में चक्रवात से जुड़े बुलेटिन जारी करें, जिला के कंट्रोल रूम को एक्टिव करें और लोगों को सतर्क रहने के लिए अलर्ट भेजें. साथ ही प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि डिलिवरी के करीब पहुंची गर्भवती महिलाओं को अस्पतालों में शिफ्ट किया जाए और खाना, पीने के पानी तथा राहत सुविधाओं का इंतजाम सुनिश्चित किया जाए.

विज्ञापन

ओडिशा में बचाव दल तैनात

हालांकि ओडिशा में चक्रवात के सीधे टकराने की संभावना नहीं है, लेकिन यहां भारी बारिश से दक्षिणी जिले प्रभावित हो सकते हैं और संवेदनशील इलाकों में बाढ़ आ सकती है. राज्य ने ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ODRAF) की 24 टीमें और नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (NDRF) की 6 टीमें तैनात की हैं.

28 अक्टूबर को हद से ज्यादा बारिश के लिए गंजाम, गजपति, रायगडा, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है. पुरी, खुर्दा, कंधमाल और बलांगीर सहित 9 अन्य जिलों में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है. प्रभावित जिलों में स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र 28 और 29 अक्टूबर को बंद रहेंगे. संभावित बाढ़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन हीराकुंड जलाशय से पहले ही पानी छोड़ने पर भी विचार कर रहा है.

विज्ञापन

यह भी पढ़ें- बंगाल की खाड़ी से आ रहे चक्रवात का नाम ‘अर्नब’ कैसे पड़ा? जानिए इसके पीछे की वजह

तमिलनाडु में मछली पकड़ने पर रोक

तमिलनाडु के थूथुकुडी में चक्रवात की चेतावनी के कारण तटीय इलाकों में मछली पकड़ने की गतिविधियों को रोक दिया गया है, जिससे 50000 से अधिक मछुआरे प्रभावित हुए हैं. जैसे-जैसे तूफान करीब आ रहा है, अधिकारी तटीय स्थितियों पर नजर रखे हुए हैं. प्रशासन की कोशिश है कि इस तूफान से जान-माल का नुकसान कम से कम हो.

विज्ञापन

बिहार के लिए मौसम अलर्ट

बिहार में 28 से 31 अक्टूबर के बीच मौसम बदलने की संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र ने 29 अक्टूबर के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है. हवा की गति 40-50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. भागलपुर सहित कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है.

यूपी में बारिश और आंधी-तूफान के आसार

वाराणसी और आसपास के जिलों सहित उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 28 अक्टूबर से आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 से 30 अक्टूबर के बीच आंधी-तूफान, तेज हवाएं और बारिश हो सकती है, जिसमें 29 अक्टूबर को मौसम के और अधिक उग्र होने की संभावना है.

विज्ञापन

संचार व्यवस्था की तैयारी

टेलीकॉम ऑपरेटरों को ‘इंट्रा-सर्कल रोमिंग’ शुरू करने, मोबाइल टावरों पर पावर बैकअप मजबूत करने, और सेंसेटिव इलाकों में सैटेलाइट फोन तथा मोबाइल संचार इकाइयां तैनात करने का निर्देश दिया गया है. इन उपायों का मकसद चक्रवात के दौरान आम लोगों, आपातकालीन सेवा कर्मियों और सरकारी एजेंसियों के लिए कनेक्टिविटी को बनाए रखना है.

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Shariqul Hoda

न्यूज़ 24 डिजिटल में शारिकुल होदा सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. मुख्य तौर पर वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खबरें लिखते हैं. शारिकुल ने 2008 में दूरदर्शन में बतौर इंटर्न अपनी शुरुआत की, इसके बाद वह दैनिक जागरण, टीवी टुडे नेटवर्क, जनसंदेश, श्री न्यूज़, भारत खबर, स्पोर्ट्सकीड़ा, WION और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. उन्होंने 3 लोकसभा चुनाव और कई विधानसभा चुनाव से लेकर देश की बड़ी घटनाओं को कवर किया है. अपने डेढ़ दशक के मीडिया करियर में शारिकुल ने देश की राजनीति, इंटरनेशनल डिप्लोमेसी, खेलकूद से जुड़ी घटनाओं की अच्छी समझ हासिल की है. कितने साल का तजुर्बा: 16 साल शिक्षा: शारिकुल ने बैंगलोर यूनिवर्सिटी (आचार्य इंस्टीट्यूट) से बीए जर्नलिज्म और गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (एपीजे इंस्टीट्यूट) से मास्टर्स इन जर्नलिज्म और मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई की है.
... और पढ़ें

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola