---विज्ञापन---

केरलम के मुख्यमंत्री का काफिला रोकने के आरोप में कांग्रेस नेता गिरफ्तार, पार्टी से किया बाहर

केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन का काफिला रोकने के आरोप में कांग्रेस के एक नेता को गिरफ्तार किया गया है. ये घटना उस समय हुई जब मुख्यमंत्री एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे.

---विज्ञापन---

केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन का काफिला रोकने के आरोप में कांग्रेस के एक नेता को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी. ये घटना उस समय हुई जब मुख्यमंत्री एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे. काफिला रोकने के बारे में मामला दर्ज होने के बाद तिरुवनंतपुरम जिला कांग्रेस कमेटी के नेता अनिल कुमार उर्फ चेंथी अनी को गिरफ्तार कर लिया गया. उन पर और अन्य लोगों पर आरोप है कि उन्होंने शुक्रवार शाम समाज सुधारक श्री नारायण गुरु के जयंती कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे सीएम सतीशन का काफिला रोक दिया.

ये भी पढ़ें: विझिंजम पोर्ट से EXIM ऑपरेशन्स का शानदार आगाज! जानिए भारत के समुद्री व्यापार के लिए क्यों है यह ऐतिहासिक पल

---विज्ञापन---

पार्टी से किया बाहर

कांग्रेस आलाकमान ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए अनी को पार्टी से निकाल दिया. पुलिस के मुताबिक, अनी के खिलाफ स्थानीय थाने में छह आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस ने बताया कि रास्ते में, चेंथी में श्री नारायण गुरु का एक दूसरा कार्यक्रम आयोजित कर रहे लोगों के एक समूह ने मुख्यमंत्री की गाड़ी को रुकने का इशारा किया. सतीशन उनके आग्रह पर गाड़ी से बाहर निकले और फुटेज में कांग्रेस नेता अनी के साथ बहस करते दिखे. पुलिस ने बताया कि उस जगह कुछ मिनट बिताने के बाद सतीशन अपनी गाड़ी में लौटे और चले गए. अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में चेंथी में किसी भी कार्यक्रम का जिक्र नहीं था.

क्या है पूरा मामला?

शिकायत के मुताबिक, शाम लगभग 5.55 बजे मुख्यमंत्री की गाड़ी तब रुकी जब उन्होंने चेंथी में जुटे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को देखा और उनसे बातचीत की. इसमें कहा गया है कि आरोपी ने मुख्यमंत्री से आक्रामक शैली में बात की और उनसे चिल्लाकर पूछा कि तय कार्यक्रम होने के बावजूद वो इसमें क्यों शामिल नहीं हो रहे. जब आरोपी से आक्रामक न होने के लिए कहा गया, तो उन्होंने कहा, ”अगर मुझे गुस्सा आ गया तो आप क्या करोगे?” इस तरह उन्होंने सार्वजनिक रूप से मुख्यमंत्री का अपमान किया और काफिले के साथ मौजूद पुलिसकर्मियों के आधिकारिक कर्तव्य निभाने में बाधा डाली.मामला एक अधिकारी के बयान के आधार पर दर्ज किया गया. पुलिस ने कहा कि बाकी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है.

---विज्ञापन---

आयोजकों ने जारी की तस्वीर

इस घटना के बाद, कांग्रेस कार्यकर्ताओं समेत आयोजकों ने अपनी एक तस्वीर जारी की, जिसमें वो कुछ महीने पहले सचिवालय में मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें चेंथी में होने वाले कार्यक्रम के लिए न्योता देते नजर आ रहे हैं. उन्होंने पत्रकारों को ये भी बताया कि पुलिस गुरुवार को कार्यक्रम स्थल पर गई थी और मंच पर बैठने की अनुमति वाले लोगों की संख्या के बारे में सुझाव दिया था. शुक्रवार देर रात अनी को हिरासत में लेकर श्रीकार्यम थाने ले जाया गया, जहां मामला दर्ज किया गया. पूछताछ के बाद उनकी गिरफ्तारी दर्ज की गई. मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 126(2), 351(2) और 132 के तहत दर्ज किया गया था, जो गलत तरीके से रोकने, आपराधिक धमकी देने और किसी सरकारी कर्मी को दायित्व पूरा करने से रोकने के लिए हमला करने या आपराधिक बल का प्रयोग करने से जुड़ी हैं.

ये भी पढ़ें: Vizhinjam Port EXIM Operations: विझिंजम पोर्ट पर आज से शुरू हुआ फुल-स्केल EXIM कार्गो ऑपरेशन, जानें फायदे

---विज्ञापन---

First published on: Aug 29, 2026 03:39 PM

End of Article
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola