कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शनिवार को दिल्ली में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी से मुलाकात कर संगठन के प्रदर्शनों का समर्थन करने के लिए उनका आभार जताया. उन्होंने ‘वोट चोरी’ के आरोप को लेकर ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली के प्रति भी समर्थन जताया. अभिजीत दीपके ने हालांकि कहा कि कॉजपा अपनी स्वतंत्र पहचान बरकरार रखेगी और रविवार को विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन में शामिल नहीं होगी.
ममता बनर्जी से मिले अभिजीत दीपके
सीजेपी संस्थापक ने कहा कि उन्होंने ममता बनर्जी से मुलाकात कर राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे पर जंतर-मंतर पर संगठन के पहले प्रदर्शन के दौरान समर्थन और सौरभ दास व आशुतोष रांका की दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के समय साथ देने के लिए उनका आभार जताया. उन्होंने कहा, ‘मैं सिर्फ दीदी को धन्यवाद देने आया था क्योंकि जंतर-मंतर पर हमारे पहले आंदोलन के दौरान उन्होंने (ममता बनर्जी ने) हमारा समर्थन किया था. वह हमेशा युवा आंदोलन के साथ मजबूती से खड़ी रहीं. जब दिल्ली पुलिस ने सौरभ और आशुतोष को गिरफ्तार किया, तब भी दीदी ने हमारा मजबूती से साथ दिया.’
रैली में शामिल नहीं होगी कॉकरोच जनता पार्टी
अभिजीत दीपके ने रविवार को रामलीला मैदान में होने वाली रैली में सीजेपी की भागीदारी के बारे में पूछे जाने पर कहा कि संगठन प्रदर्शन का समर्थन करता है लेकिन स्वतंत्र रूप से काम करना जारी रखेगा. उन्होंने कहा, ‘हम कल (रविवार को) के प्रदर्शन का समर्थन करते हैं और उसके प्रति एकजुटता जताते हैं, लेकिन कॉकरोच जनता पार्टी एक स्वतंत्र संगठन है. यह एक तटस्थ मंच है और हम इसे ऐसा ही बनाए रखना चाहते हैं.’
अभिजीत दीपके ने कहा कि यह मुद्दा किसी एक संगठन तक सीमित नहीं है और कॉजपा कथित वोट चोरी के खिलाफ लड़ने वाले सभी संगठनों का समर्थन करेगी. उन्होंने कहा, ‘जो भी इस वोट चोरी के खिलाफ लड़ेगा, हम सभी संगठनों का समर्थन करेंगे.’