CJP Jantar Mantar Protest LIVE: CJP की प्रदर्शनकारियों से विशेष अपील
CJP ने 10 अक्टूबर को होने वाले प्रदर्शन के मद्देनजर प्रदर्शनकारियों के लिए 12 बिंदुओं की एडवाइजरी जारी की है. इसमें सभी से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने और किसी भी तरह की हिंसा से दूर रहने की अपील की गई है. एडवाइजरी में कहा गया है कि प्रदर्शन के दौरान सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं, बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश न करें और एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड समेत आपातकालीन सेवाओं का रास्ता बाधित न करें.
CJP ने प्रदर्शनकारियों को हथियार या खतरनाक वस्तुएं नहीं लाने, भड़काऊ भाषण और अफवाहों से बचने तथा सोशल मीडिया पर किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी पुष्टि करने की सलाह दी है. संगठन ने किसी भी तरह की उकसावे वाली गतिविधि से दूर रहने और तनाव की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील भी की है. पुलिस के साथ बातचीत के दौरान शांत रहने, कानूनी निर्देशों का पालन करने और हिरासत में लिए जाने पर हिरासत का कारण पूछकर कानूनी सहायता लेने की बात कही गई है.
CJP का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को शांतिपूर्ण प्रदर्शन को हिंसक गतिविधियों की ओर ले जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती. संगठन ने संवैधानिक अधिकारों के साथ जिम्मेदार नागरिक व्यवहार बनाए रखने पर जोर दिया है.