Cockroach Janta Party Press Conference: कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने 15 अक्टूबर को अधिकारियों पर आरोप लगाया कि चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मौजूदा विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों, युवा प्रदर्शनकारियों और विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया है. गौरतलब है कि सीईसी पर एसआईआर में गड़बड़ी और वोट चोरी का आरोप लगाया जा रहा है.
‘CEC ज्ञानेश को बचाने के लिए पुलिस कार्रवाई’
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपके ने दावा किया कि छात्र संगठन और युवा पिछले 10-15 दिनों से दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कई प्रदर्शनकारियों को जबरन वहां से हटा दिया गया. उन्होंने ये भी दावा किया कि विरोध प्रदर्शन में शामिल होने वाले विपक्षी नेताओं, जिनमें पूर्व सीएम ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल और पिनाराई विजयन शामिल हैं , उन्हें भी हिरासत में ले लिया गया. सुरक्षा इंतजामों के पैमाने पर सवाल उठाते हुए, दीपके ने बार-बार पूछा कि ऐसी कार्रवाई क्यों की जा रही है. उन्होंने इसका कारण ज्ञानेश कुमार से जुड़े विवाद को बताया.
रेलवे और मेट्रो पर पाबंदियों को लेकर सवाल
दीपके ने ये भी आरोप लगाया कि 10 अक्टूबर के लिए विरोध प्रदर्शन का ऐलान किए जाने के बाद रेलवे सेवाएं रोकी गईं. उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में मेट्रो सेवाएं और कई स्टेशंस में भी दिक्कतें आई, जबकि जम्मू-कश्मीर से सुरक्षा कर्मियों को यहां बुलाया गया. ये आरोप राष्ट्रीय राजधानी में विरोध प्रदर्शनों के बीच कड़े सुरक्षा इंतजामों के दौरान सामने आए हैं.
पत्रकारों को हिरासत में लिए जाने पर चिंता
इस बीच AISA कार्यकर्ता नेहा बोरा ने विरोध प्रदर्शनों को कवर कर रहे पत्रकारों को हिरासत में लेने और उन्हें परेशान करने के लिए अधिकारियों की आलोचना की. बोरा ने दावा किया कि कई जर्नलिस्ट्स के पास वैलिड प्रेस आई कार्ड होने के बावजूद उन्हें घंटों तक हिरासत में रखा गया. उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि पत्रकारों के कैमरे जब्त कर लिए गए और उन्हें विरोध प्रदर्शनों की रिपोर्टिंग न करने की धमकी दी गई.
एक और चिंता जताते हुए नेहा बोरा ने आरोप लगाया कि एक महिला पत्रकार, जो यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराने पुलिस के पास गई थी, उसे ही एक जवाबी शिकायत का सामना करना पड़ा. उन्होंने अधिकारियों पर नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया और कहा कि पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के बजाय प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है.
CJP के अगले प्रोटेस्ट का ऐलान
CJP और दूसरे सहयोगी संगठनों ने लोगों से 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में इकट्ठा होने और राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की है. आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी इस प्रस्तावित कार्यक्रम का समर्थन किया है. माना जा रहा है कि यह जमावड़ा मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन का एक नया स्टेज होगा.