'मैं अपना घर समय से पहले खाली कर दूंगा', CJI बीआर गवई का बड़ा बयान, पूर्व मुख्य न्यायाधीश पर कटाक्ष!

भारत के मुख्य न्यायाधीश बी. आर. गवई ने घोषणा की है कि वे रिटायरमेंट से पहले ही अपना सरकारी आवास खाली कर देंगे। यह बयान उस समय आया है जब पूर्व CJI डी. वाई. चंद्रचूड़ द्वारा समय पर आवास न खाली करने को लेकर विवाद हुआ था। गवई ने कहा कि उन्हें सही घर मिलने की संभावना कम है, फिर भी वे तय समय से पहले स्थानांतरित हो जाएंगे।

CJI BR Gawai

पूर्व CJI चंद्रचूड और मौजूदा CJI BR गवई (फोटो सोर्स- ANI)

भारत के पूर्व न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ द्वारा समय पर सरकारी आवास न खाली किए जाने पर विवाद खड़ा हो गया था। आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय को इस संबंध में पत्र जारी करना पड़ा था। हालांकि, पूर्व CJI ने कहा था कि वह जल्द ही आवास खाली कर देंगे। इसी बीच भारत के मुख्य न्यायाधीश बी. आर. गवई ने गुरुवार को कहा कि वह अपना घर समय से पहले ही खाली कर देंगे।

मुख्य न्यायाधीश बी. आर. गवई ने कहा कि वह नवंबर में रिटायर हो रहे हैं, लेकिन इससे पहले उन्हें अच्छा घर मिलने की संभावना नहीं है। फिर भी, वह निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना आधिकारिक आवास खाली कर देंगे। बता दें कि यह बात CJI गवई ने न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया के रिटायरमेंट पर आयोजित विदाई कार्यक्रम में कही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए CJI गवई ने कहा, “मैं जस्टिस धूलिया को तब से जानता हूं जब वे सुप्रीम कोर्ट आए थे। वे बहुत ही मिलनसार व्यक्ति हैं और उन्होंने अपना करियर न्यायपालिका को समर्पित कर दिया है। हम न्यायपालिका में उनके योगदान को हमेशा याद रखेंगे।” CJI ने कहा कि वे उन न्यायाधीशों में से एक होंगे जो रिटायर होने के तुरंत बाद अपना आवास खाली कर देंगे।

CJI गवई ने कहा कि यह दुर्लभ है कि रिटायर होने के तुरंत बाद लोग आवास खाली कर दें। उन्होंने कहा, “मैं ऐसा करने की स्थिति में हूं, क्योंकि 24 नवंबर तक मुझे सही घर ढूंढने का समय नहीं मिलेगा, लेकिन मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि नियमों के अनुसार जो भी समय मिलेगा, मैं उससे पहले ही वहां शिफ्ट हो जाऊंगा।”

CJI गवई के इस बयान को भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ पर एक कटाक्ष के तौर पर देखा जा रहा है। पूर्व CJI डी. वाई. चंद्रचूड़ 8 नवंबर 2024 को रिटायर हुए थे, लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी वह अपने आधिकारिक आवास से शिफ्ट नहीं हुए थे। इसके बाद 1 जुलाई को आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय ने औपचारिक रूप से पत्र लिखकर आवास को तुरंत खाली करने के लिए कहा था।

इस पर पूर्व CJI डी. वाई. चंद्रचूड़ की सफाई भी आई थी। उन्होंने कहा था कि 31 मई तक आवास में रहने की विशेष अनुमति ली थी। उनका कहना था कि उन्हें दुर्लभ बीमारी से पीड़ित अपनी दो बेटियों की विशेष आवश्यकताओं को देखते हुए आवास की तलाश थी, जो मिल नहीं पा रहा था। उन्होंने आश्वासन दिया था कि उनके घर का काम चल रहा है, और वह जल्द ही शिफ्ट हो जाएंगे।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ