Chandrayaan-3: चंद्रमा पर विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर से संपर्क साधने के लिए अभी करना होगा इंतजार
Edited By Balraj Singh

Edited By Balraj Singh

Chandrayaan-3, नई दिल्ली: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर से संपर्क स्थापित करने के लिए 14 दिन और इंतजार करेगा। इसरो चंद्रमा पर अगले सूर्यास्त तक चंद्रयान-3 के लैंडर और रोवर को फिर से जाग्रत करने के लिए प्रयास जारी रखेगा, जो 6 अक्टूबर को होने वाला है। हालांकि, अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा है कि वह आगे भी उससे संपर्क स्थापित करने के प्रयास जारी रखेगी। लेकिन अभी तक उनसे कोई संकेत नहीं मिला है।
इसरो ने अपडेट साझा करते हुए कहा कि उसने विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर के साथ संचार स्थापित करने के प्रयास किए, ताकि उनकी जागने की स्थिति का पता लगाया जा सके। इसरो के प्रमुख एस सोमनाथ ने कहा कि यह निश्चित नहीं है कि चंद्रयान-3 के उपकरणों से संपर्क कब स्थापित होगा।
चंद्रयान-3 ने अंतरिक्ष पर 40 दिनों की यात्रा की है। चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर विक्रम लैंडर उतरा, जिससे भारत ऐसा करने वाला पहला देश बन गया। चंद्रमा के सतह पर लैंडर विक्रम के संपर्क के स्थान को शिव शक्ति बिंदु कहा गया। चंद्रमा की सतह पर 100 मीटर से अधिक की दूरी पार करने के बाद रोवर प्रज्ञान को 2 सितंबर को सुरक्षित पार्क करके स्लीप मोड में सेट किया गया है।
इसरो के पूर्व वैज्ञानिक और पद्मश्री पुरस्कार विजेता मयिलसामी अन्नादुराई ने कहा कि प्रज्ञान रोवर के फिर से जाग्रत होने की अच्छी संभावना है। उन्होंने कहा कि मैं प्रज्ञान रोवर को लेकर काफी आशान्वित हूं क्योंकि इसका परीक्षण किया जा चुका है, लेकिन विक्रम लैंडर के संबंध में हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) प्रमुख एस सोमनाथ ने एक विशेष संदेश दिया और लोगों से सरकारी साइट MyGov.in पर चंद्रयान 3 महा क्विज में भाग लेने और ऐतिहासिक चंद्र लैंडिंग का जश्न मनाने का आग्रह किया। एक्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में एस सोमनाथ का कहना है कि आप सभी जानते हैं कि MyGov एक मंच है, जिसके माध्यम से आप अंतरिक्ष प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम में भाग लेने में सक्षम हैं। इसलिए mygov.in को देखना न भूलें। लॉग इन करें और अंतरिक्ष प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम खोजें। इसका हिस्सा बनें। हमारा समर्थन करें, हमें प्रेरित करें, प्रेरित हों।
<>
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: