'मुश्किलों के महासागर को पार करने का क्षण...', चंद्रयान-3 की सफलता पर पीएम मोदी ने दी बधाई, पढ़ें- संबोधन की 5 बड़ी बातें

chandrayaan 3 PM Modi Speech

chandrayaan 3 PM Modi Speech

Chandrayaan 3 Landing Updates PM Modi Speech Highlights: भारत का सपना पूरा हो गया है। हमारे मून मिशन चंद्रयान-3 ने चांद की सतह पर सफलतापूर्वक कदम रख लिया है। इसी के साथ भारत दुनिया का ऐसा पहला देश बन गया है, जिसने साउथ पोल पर सॉफ्ट लैंडिंग की है। जबकि चांद पर लैंड करने वाले चौथा देश भी बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करोड़ों देशवासियों और वैज्ञानिकों को इस सफलता की बधाई दी है। वह ब्रिक्स देशों के सम्मेलन में हिस्सा लेने दक्षिण अफ्रीका गए हैं। उन्होंने वहां से वर्चुअली जुड़कर संबोधित किया।

विज्ञापन

ये पल अविश्वसनीय है

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा- जब हम अपनी आंखों के सामने ऐसा इतिहास बनते देखते हैं तो जीवन धन्य हो जाता है। ऐसी ऐतिहासिक घटनाएं राष्ट्र जीवन की चिरंजीवी चेतना बन जाती है। ये पल अविश्वसनीय है। ये क्षण अभूतपूर्व है। ये क्षण विकसित भारत के शंखनाद का है। ये क्षण मुश्किलों के महासागर को पार करने का है। ये क्षण जीत के चंद्रपथ पर चलने का है। ये 140 करोड़ की धड़कनों के सामर्थ्य का क्षण है। ये क्षण भारत के नए उत्साह और चेतना का है। अमृतकाल की प्रथम प्रभा में सफलता की अमृत वर्षा हुई है। हमने धरती पर संकल्प लिया और चांद पर उसे साकार किया। आज हम अंतरिक्ष में नए भारत की नई उड़ान के साक्षी बने हैं।

विज्ञापन

इसरो की टीम को बधाई 

हर देशवासी की तरह मेरा मन भी चंद्रयान महाभियान पर लगा था। नया इतिहास बनते ही हर भारतीय जश्न में डूब गया। हर घर में उत्सव शुरू हो गया। मैं भी अपने देशवासियों और परिवारजनों के साथ इस उमंग और उल्लास से जुड़ा। टीम चंद्रयान, इसरो और देश के सभी वैज्ञानिकों को इस सफलता की बहुत-बहुत बधाई, जिन्होंने वर्षों तक इतना परिश्रम किया। साथ ही मैं इस उत्साह, मन, आनंद और भावुकता से जुड़े पल के लिए 140 करोड़ देशवासियों को कोटि-कोटि बधाई देता हूं।

चांद से जुड़े मिथक और कथानक बदल जाएंगे

पीएम मोदी ने कहा- जहां आज तक दुनिया का कोई भी देश नहीं पहुंच पाया है, हम वहां पहुंच गए हैं। अब चांद से जुड़े मिथक और कथानक बदल जाएंगे। नई पीढ़ी के लिए कहावतें बदल जाएंगी। भारत में हम सभी लोग धरती को मां कहते हैं और चांद को मामा बुलाते हैं। कभी कहा जाता था- चंदा मामा बहुत दूर के हैं। एक दिन वो भी आएगा जब बच्चे कहा करेंगे- चंदा मामा बस एक टूर के हैं।

विज्ञापन

देश का हर नागरिक गौरवान्वित

पीएम मोदी ने कहा- आज हर देश का नागरिक गौरवान्वित है। भारत का सफल मून मिशन सिर्फ इंडिया का नहीं बल्कि दुनिया का है। हमारी एप्रोच एक परिवार की है। हमने मून मिशन में ह्यूमन सेंट्रिक एप्रोच रखी है। हम मानवता का भला करना चाहते हैं। चंद्रयान महाभियान की ये उपलब्धि भारत को चंद्रमा की कक्षा से आगे लेकर जाएगी।

विज्ञापन

भविष्य की योजनाओं की घोषणा 

पीएम मोदी ने इसी के साथ भविष्य की भी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा- हमने भविष्य के लिए कई बड़े और महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किए हैं। जल्द ही सूर्य के विस्तृत अध्ययन के लिए आदित्य एल मिशन लॉन्च किया जाएगा। इसके बाद शुक्र भी इसरो के लक्ष्य में से एक है। गगनयान के जरिए इसरो तैयारी के साथ जुटा है। भारत बार-बार ये साबित कर रहा है कि कोई लिमिट नहीं है। आज के इस दिन को देश हमेशा-हमेशा के लिए याद रखेगा। ये दिन हम सभी को एक उज्जवल भविष्य की ओर बढ़ने में प्रेरित करेगा। हार से सबक लेकर जीत कैसे हासिल की जा सकती है। इसे देश के वैज्ञानिकों ने साबित कर दिखाया है। देश के वैज्ञानिकों को एक बार फिर बधाई।

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Pushpendra Sharma

Pushpendra Sharma

पुष्पेन्द्र शर्मा न्यूज 24 वेबसाइट में 'डेस्क इंचार्ज' की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। लगभग 17 वर्षों से मीडिया (प्रिंट, टीवी, वेब) में काम कर रहे हैं। मूलत: राजस्थान भरतपुर के निवासी हैं। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2008 में प्रिंट मीडिया Dainik Bhaskar से की थी। इसके बाद Rajasthan Patrika, Bhaskar.com और DNA Hindi (Zee Media) जैसे संस्थानों के लिए काम किया। News24 Website में न्यूज टीम को लीड कर रहे हैं। इसके साथ ही स्पोर्ट्स टीम का लीड कर चुके हैं। अपने करियर में लगभग सभी विषयों (राजनीति, क्राइम, देश-विदेश, शिक्षा, क्रिकेट, लाइफस्टाइल, मनोरंजन आदि) पर रिपोर्टिंग का अनुभव रखते हैं। साथ ही एडिटिंग का कार्य कर चुके हैं। न्यूज 24 पर सबसे पहले और सबसे सटीक खबरें प्रकाशित हों और सही तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचें, इसी उद्देश्य के साथ सतत लेखन जारी है।
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ