बिहार सीमांचल पर केंद्र का फोकस, तीन दिन में रणनीति तय करेंगे गृह मंत्री अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह का तीन दिवसीय बिहार दौरा सीमांचल क्षेत्र के लिए बेहद अहम माना जा रहा है. किशनगंज, अररिया और पूर्णिया समेत सीमावर्ती जिलों में घुसपैठ, डेमोग्राफिक बदलाव और सीमा सुरक्षा को लेकर उच्चस्तरीय बैठकों में ठोस रणनीति तैयार की जाएगी. केंद्र सरकार इस मुद्दे को राष्ट्रीय सुरक्षा और प्रशासनिक चुनौती के रूप में देख रही है. पढ़िए प्रशांत देव की ये खास रिपोर्ट

Amit Shah high level meeting

Credit: Social Media

गृह मंत्री अमित शाह का तीन दिवसीय बिहार दौरा बेहद अहम माना जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, इस दौरे का मुख्य फोकस बिहार के सीमांचल इलाके-किशनगंज, पूर्णिया और अररिया में घुसपैठ और डेमोग्राफिक बदलाव पर रणनीति तैयार करना है. सूत्रों का कहना है कि घुसपैठ का मुद्दा सिर्फ बिहार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए पश्चिम बंगाल की चुनावी गणित को भी साधने की कोशिश की जा रही है. खास बात ये है कि बिहार का किशनगंज जिला पश्चिम बंगाल से महज 20 किलोमीटर की दूरी पर है और बांग्लादेश सीमा से भी सटा हुआ है, जिससे ये इलाका सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील बन जाता है.

विज्ञापन

बैठक में क्या होगा खास?

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बिहार के सीमावर्ती जिलों में डेमोग्राफिक बदलाव को रोकने के लिए केंद्र सरकार बड़ी और समन्वित रणनीति पर काम कर रही है. गृह मंत्री अमित शाह 25 से 27 फरवरी तक अपने बिहार दौरे के दौरान जनसांख्यिकीय परिवर्तन, घुसपैठ और अवैध धार्मिक निर्माण जैसे अहम मुद्दों पर उच्चस्तरीय बैठकें करेंगे. आज किशनगंज में गृह मंत्री ने लैंड पोर्ट अथॉरिटी की समीक्षा बैठक की है. कल यानी गुरुवार को अररिया में ‘वाइब्रेंट-विलेज दो’ के तहत गृह मंत्री समीक्षा बैठक करेंगे. अमित शाह की अररिया, किशनगंज में होने वाली समीक्षा बैठक बिहार में इस तरह की पहली उच्चस्तरीय बैठक होगी, जिसमें सीमावर्ती जिलों किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा और सुपौल के जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक शामिल होंगे. बैठक में कानून-व्यवस्था, सीमा सुरक्षा और प्रशासनिक समन्वय को लेकर व्यापक रणनीति पर चर्चा होगी.

विज्ञापन

सीमावर्ती इलाकों पर फोकस क्यों?

सरकार डेमोग्राफिक बदलाव को एक बड़ी चुनौती मान रही है. सूत्रों के मुताबिक, सीमावर्ती इलाकों में लगातार तीन दिन तक गृह मंत्री का प्रवास इस बात का साफ संकेत है कि केंद्र सरकार इस मुद्दे को लेकर गंभीर है. बैठक के एजेंडे में अवैध धार्मिक निर्माण पर कार्रवाई और घुसपैठियों की पहचान प्रमुख मुद्दे होंगे. सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के अधिकारियों के साथ भी बेहतर समन्वय को लेकर चर्चा की जाएगी. घुसपैठ और सीमावर्ती क्षेत्रों में हो रहे डेमोग्राफिक बदलाव को लेकर केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने विस्तृत रिपोर्ट तैयार की है. नेपाल और बांग्लादेश सीमा से जुड़े इन इलाकों में स्थिति को गंभीर मानते हुए केंद्र सरकार एक बड़े प्रशासनिक एक्शन प्लान पर काम कर रही है.

क्या है प्लान?

कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच तालमेल मजबूत करने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं. ये कदम सीमावर्ती क्षेत्रों पर केंद्र के बढ़ते फोकस को दर्शाता है, जो लंबे समय से राजनीतिक और सुरक्षा चर्चाओं के केंद्र में रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक, बैठक में सीमा पार से घुसपैठ रोकने के लिए ठोस ब्लूप्रिंट पर भी मंथन होगा. साथ ही जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया जाएगा. बताया जा रहा है कि चुनावी लिहाज से संवेदनशील इलाकों में डेमोग्राफिक बदलाव का मुद्दा पहले ही जोर-शोर से उठ चुका है. सूत्रों के मुताबिक, इन बैठकों में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन और खुफिया ब्यूरो के निदेशक तपन डेका भी शामिल होंगे.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Varsha Sikri

Varsha Sikri

वर्षा सिकरी News24 हिंदी डिजिटल में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. जर्नलिज्म में 9 साल का अनुभव रखने वाली वर्षा सिकरी राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्यस्तरीय न्यूज और चुनावी कवरेज करती हैं. वर्षा सिकरी ने सितंबर 2017 में इंडिया टीवी से अपने करियर की शुरुआत की थी, जिसके बाद से उन्होंने रिपब्लिक टीवी, जी न्यूज, आज तक जैसे चैनलों में काम किया. फिलहाल वो News24 के डिजिटल में सेवाएं दे रही हैं. 9 साल के करियर में वर्षा सिकरी ने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिकल, क्राइम टॉपिक कवर करने में विशेषज्ञता हासिल की. वर्षा सिकरी का पत्रकारिता में अनुभव: 9 साल योग्यता: NRAI स्कूल ऑफ मास कम्यूनिकेशन से ग्रेजुएशन करने के बाद वर्षा सिकरी ने मीडिया में अपने करियर की शुरुआत की. उन्होंने बतौर एंकर और रिपोर्टर भी काम किया है.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ