दिवंगत सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत मामले में बड़ा अपडेट आया है. करीब 6 साल बाद क्राइम ब्रांच (CBI) ने FIR दर्ज कर ली है, जिससे उम्मीद बंधी है कि 6 साल बाद दिशा सालियान की मौत का सच सामने आएगा. दिशा के पिता सतीश सालियान के बयान CBI ने दर्ज कर लिए हैं और करीब 4 घंटे उनके बयान दर्ज करने में लगे. CBI ने बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश पर केस दर्ज किया है और FIR में शिवसेना UBT अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाके, एक्टर डीनो मोरिया और एक्टर सूरज पंचोली का नाम भी है. CBI मामले में इन तीनों की भूमिका की जांच करेगी.
गैंगरेप के बाद दिशा सालियान की हत्या के आरोप
सतीश सालियान CBI के सामने बयान दर्ज कराने अपने वकील नीलेश ओझा के साथ आए थे. उन्होंने CBI को दिए स्टेटमेंट में आरोप लगाया कि उनकी बेटी दिशा के साथ गैंगरेप हुआ और फिर उसकी हत्या कर दी गई. मामले में CBI की जांच के लिए उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी. उन्होंने जानी-मानी हस्तियां और पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए. बॉम्बे हाईकोर्ट ने 2 सितंबर 2026 को CBI को FIR दर्ज करने का आदेश दिया था. वहीं जांच के लिए अनुभवी और वरिष्ठ अधिकारी को नियुक्त करने को कहा था. जांच पूरी होने तक किसी को आरोपी न मानने का निर्देश भी दिया था.
साल 2020 में हुई थी दिशा सालियान की मौत
बता दें कि दिशा सालियान सेलिब्रिटी मैनेजर थीं और उन्होंने दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत संग भी काम किया था. 8 जून 2020 को उनकी मौत हो गई थी. मुंबई के मलाड इलाके में हाईराइज बिल्डिंग से वे गिर गई थीं और उनका खून से लथपथ शव बरामद हुआ था. मुंबई पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ का केस दर्ज किया था, लेकिन गहन जांच करने पर मामला सुसाइड का निकला. लेकिन पुलिस ने किसी तरह की साजिश होने से इनकार किया. लेकिन दिशा के पिता सतीश ने इसे नहीं माना और बेटी को इंसाफ दिलाने की लड़ाई जारी रखी. आज उन्हीं के प्रयासों से CBI ने केस दर्ज कर लिया है.
आदित्य ठाकरे ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
शिवसेना (UBT) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे पर दिशा के पिता सतीश सालियान ने आरोप लगाए हैं, लेकिन आदित्य ठाकरे ने आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया है. आदित्य ठाकरे का कहना है कि दिशा की मौत से उनका कोई कनेक्शन नहीं है. उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है और बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है.