देश में एक लोकसभा और पांच विधानसभा सीटों पर मंगलवार को हुए उपचुनाव का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से पूरा हो गया. असम की नगांव लोकसभा सीट के साथ-साथ पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी की कुल पांच विधानसभा सीटों पर वोटरों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. मतदान खत्म होने के बाद सभी सीटों के अंतिम आंकड़े सामने आ गए हैं, जिसमें मतदाताओं का भारी उत्साह देखने को मिला.
तमिलनाडु की मदुरांतकम विधानसभा सीट पर सबसे ज्यादा 85.98 फीसदी मतदान दर्ज किया गया. वहीं, पुदुचेरी की थट्टांचावडी सीट पर भी 80.81 फीसदी वोटिंग हुई. पश्चिम बंगाल की बहुचर्चित नंदीग्राम सीट पर 80.69 फीसदी और रेजीनगर सीट पर 79.90 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले. तमिलनाडु की धारापुरम सीट पर 80.30 फीसदी मतदान हुआ. इसके अलावा असम की नगांव लोकसभा सीट पर 76.16 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
सीटवार मतदान के अंतिम आंकड़े
- मदुरांतकम (तमिलनाडु): 85.98%
- थट्टांचावडी (पुदुचेरी): 80.81%
- नंदीग्राम (पश्चिम बंगाल): 80.69%
- धारापुरम (तमिलनाडु): 80.30%
- रेजीनगर (पश्चिम बंगाल): 79.90%
- नगांव लोकसभा (असम): 76.16%
सुबह से ही सभी मतदान केंद्रों पर वोटरों की लंबी कतारें देखी गईं. खासकर ग्रामीण इलाकों और महिला मतदाताओं में वोटिंग को लेकर खासा जोश नजर आया. मतदान संपन्न होने के साथ ही प्रत्याशियों की किस्मत अब ईवीएम में कैद हो चुकी है. सभी सीटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और मतदान प्रक्रिया बिना किसी बड़ी रुकावट के संपन्न हुई.
3:30 बजे तक कहां कितना पड़ा वोट?
सिर्फ पश्चिम बंगाल ही नहीं, बल्कि देश के अन्य राज्यों में खाली पड़ी सीटों पर भी उपचुनाव के तहत वोटिंग जारी है. दोपहर 3:30 बजे तक सामने आए आंकड़ों के अनुसार विभिन्न सीटों पर मतदान की स्थिति इस प्रकार रही:
- पश्चिम बंगाल (नंदीग्राम सीट): 71.79%
- पश्चिम बंगाल (रेजीनगर सीट): 69.29%
- तमिलनाडु (मदुरांतकम सीट): 70.31%
- तमिलनाडु (धारापुरम सीट): 68.08%
- असम (नगांव लोकसभा सीट): 70.25%
- पुदुचेरी (थट्टनचावडी सीट): 68.91%
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नंदनयकबार प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर अपना वोट डाला. विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों ही सीटों से ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी. नियम के मुताबिक, दो जगहों से जीतने के बाद किसी एक सीट से इस्तीफा देना जरूरी होता है.
असम की एकमात्र नगांव लोकसभा सीट पर भी कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है. यहां दोपहर 1:30 बजे तक 56.35 फीसदी मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके हैं. केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर भी लोग बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा ले रहे हैं और यहां 56.27 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है. तमिलनाडु की दोनों विधानसभा सीटों पर भी मतदान की रफ्तार काफी अच्छी है. धारापुरम विधानसभा सीट पर दोपहर 1:30 बजे तक 56.09 फीसदी मतदान हुआ है, जबकि मदुरांतकम विधानसभा सीट पर 55.19 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने वोट डाले.
रेजीनगर में विधायक हुमायूं कबीर हिरासत में
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में उस समय सियासी हलचल तेज हो गई, जब आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख और विधायक हुमायूं कबीर को पुलिस ने उनके दफ्तर से हिरासत में ले लिया. बेलडांगा के एसडीपीओ आनंदजीत होरे ने बताया कि कानून का उल्लंघन करने के चलते यह कार्रवाई की गई है. फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. इससे पहले कबीर ने पुलिस पर मतदान प्रक्रिया प्रभावित करने का आरोप लगाया था.
असम और तमिलनाडु में भी कतारें
असम की नगांव लोकसभा सीट पर दोपहर 1 बजे तक 56.35 प्रतिशत मतदान हो चुका था. यहां भाजपा के देबाशीष शर्मा, कांग्रेस की सिबामोनी बोरा और एआईयूडीएफ के बदरुद्दीन अजमल के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है.
उधर, तमिलनाडु की धारापुरम सीट पर सुबह 11 बजे तक 37.28% और मदुरंतकम में 35.55% मतदान दर्ज किया गया. तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक (AIADMK) उम्मीदवार भानुमति ने प्रतिद्वंद्वी पार्टी टीवीके (TVK) पर पैसे और तोहफे बांटने के आरोप लगाए हैं. सभी सीटों पर मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा.