BRICS Summit 2026: दिल्ली में इस समय BRICS समिट की तैयारियां जोरों पर हैं. भारत की मेजबानी में 18वां BRICS शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में आयोजित होगा. सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत कई देशों के शीर्ष नेता और प्रतिनिधिमंडल शामिल होंगे. विदेशी मेहमानों की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को विशेष रूप से तैयार किया गया है.
11 सितंबर से सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था सख्त
शुक्रवार 11 सितंबर से ही राजधानी में समिट से जुड़ी व्यवस्थाएं प्रभावी हुई हैं. दिल्ली के स्कूलों को बंद रखा गया है. वहीं, VVIP काफिलों की आवाजाही के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक रोका या डायवर्ट किया जा सकता है. ट्रैफिक पुलिस ने 35 से अधिक प्रमुख सड़कों को निगरानी और नियंत्रण व्यवस्था में रखा है और 22 डायवर्जन पॉइंट बनाए गए हैं.
---विज्ञापन---
12 सितंबर को होंगे मुख्य कार्यक्रम
- 12 सितंबर को नई दिल्ली में BRICS सम्मेलन का सबसे महत्वपूर्ण दिन रहेगा. भारत मंडपम में होने वाली बैठक के लिए विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्ष और वरिष्ठ प्रतिनिधि दोपहर करीब 2 बजे से पहुंचना शुरू करेंगे. भारत मंडपम के लेवल-2 पर सभी प्रमुख नेताओं का आधिकारिक फोटो सेशन भी होगा.
- इसके बाद दोपहर 2:35 बजे नेताओं की बंद कमरे में उच्चस्तरीय बैठक होगी. इस दौरान वैश्विक स्तर पर अहम मुद्दों पर चर्चा होगी. बैठक में इस बात पर खास चर्चा होने की संभावना है कि अंतरराष्ट्रीय फैसलों में अधिक से अधिक देशों की भागीदारी कैसे सुनिश्चित की जाए और विभिन्न देशों के बीच सहयोग को किस तरह और मजबूत किया जा सकता है.
- सम्मेलन के कार्यक्रमों का सिलसिला शाम तक जारी रहेगा. शाम 4:25 बजे विदेशी नेताओं को ‘भारत इनोवेट्स’ प्रदर्शनी दिखाई जाएगी, जिसमें भारत की तकनीकी और नवाचार क्षमता को प्रदर्शित किया जाएगा. इसके बाद शाम 5:05 बजे सभी नेताओं का ग्रुप फोटो सेशन होगा. करीब पांच मिनट बाद, 5:10 बजे नेता पौधरोपण कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे.
- 12 सितंबर का दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आयोजित गाला डिनर के साथ समाप्त होगा. शाम 7:30 बजे होने वाले इस विशेष रात्रिभोज में सम्मेलन में शामिल विदेशी मेहमानों के लिए औपचारिक स्वागत का आयोजन किया जाएगा.
- इस दौरान राजधानी में VVIP आवाजाही सबसे अधिक रहने की संभावना है. खासकर नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के इलाकों में यातायात पर इसका असर पड़ सकता है. भारत मंडपम के आस-पास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी. इसके अलावा एयरपोर्ट से नई दिल्ली तक आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों पर भी सुरक्षा जांच और ट्रैफिक प्रबंधन बढ़ाया जाएगा. आम लोगों को इन रास्तों पर निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट देखने और जरूरत के मुताबिक वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें- BRICS समिट में मेहमानों को क्या परोसा जाएगा? जानिए कौन तय करता है पूरा मेन्यू
13 सितंबर को BRICS समिट का समापन
- 13 सितंबर को BRICS शिखर सम्मेलन का दूसरा और अंतिम दिन होगा. सम्मेलन के आखिरी दिन भी भारत मंडपम और आस-पास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे. VVIP मूवमेंट के चलते नई दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात को जरूरत के अनुसार नियंत्रित किया जा सकता है.
- सुबह करीब 9:55 बजे BRICS के साझेदार देशों और अन्य आमंत्रित देशों के नेता भारत मंडपम पहुंचेंगे. इसके बाद सुबह 10:35 बजे सभी प्रमुख नेताओं का सामूहिक फोटो सेशन होगा. कार्यक्रम का अगला अहम चरण सुबह 10:50 बजे शुरू होगा, जब समिट का ओपन सेशन आयोजित किया जाएगा.
- ओपन सेशन में विभिन्न देशों के नेता वैश्विक और अंतरराष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे. इस दौरान BRICS देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने से जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों और संभावित घोषणाओं पर भी दुनिया की नजर रहेगी.
13 सितंबर के कार्यक्रम पूरे होने के बाद भारत की मेजबानी में आयोजित इस साल के BRICS समिट का औपचारिक समापन होगा.
35 से ज्यादा सड़कों पर VVIP मूवमेंट का असर
- BRICS सम्मेलन के दौरान राजधानी की 35 से अधिक प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. सरदार पटेल मार्ग, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, मथुरा रोड, जनपथ, अशोका रोड और बाराखंभा रोड जैसे महत्वपूर्ण मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत ट्रैफिक को कुछ समय के लिए नियंत्रित किया जाएगा.
- हालांकि, इन सभी सड़कों को लगातार बंद रखने की योजना नहीं है. VVIP काफिले की आवाजाही के समय जरूरत के मुताबिक कुछ रास्तों पर वाहनों को थोड़ी देर के लिए रोका जा सकता है या ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जा सकता है. काफिला गुजरने के बाद यातायात सामान्य होगा.
- एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों को भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सड़क मार्ग की बजाय मेट्रो का ज्यादा इस्तेमाल करने की सलाह दी है. सड़क से एयरपोर्ट जाने वालों को VVIP मूवमेंट के चलते घर से ज्यादा समय लेकर निकलने की बात भी कही गई है.
---विज्ञापन---
सुरक्षा में 25 से 30 हजार जवान
BRICS सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा का व्यापक इंतजाम किया गया है. दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के करीब 25 हजार से 30 हजार जवान अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहेंगे. खास तौर पर भारत मंडपम, VVIP रूट और महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा की कई परतें तैयार की गई हैं. सुरक्षा व्यवस्था में आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है. प्रमुख इलाकों में CCTV कैमरों के जरिए निगरानी रखी जा रही है, जबकि संभावित ड्रोन गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एंटी-ड्रोन सिस्टम भी तैनात किए गए हैं. इसके अलावा करीब 4,800 पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था संभालेंगे, ताकि विदेशी मेहमानों की आवाजाही के दौरान राजधानी में ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखा जा सके.
आम लोगों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी
BRICS Summit के चलते नई दिल्ली, भारत मंडपम, एयरपोर्ट और VVIP रूट से जुड़े इलाकों में आवाजाही प्रभावित हो सकती है. सरदार पटेल मार्ग, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, मथुरा रोड, जनपथ, अशोका रोड और बाराखंभा रोड समेत कई रास्तों पर जरूरत के अनुसार यातायात नियंत्रित किया जाएगा. हालांकि इन सड़कों को पूरे समय बंद रखने की व्यवस्था नहीं है. VVIP मूवमेंट के दौरान ही अस्थायी रोक या डायवर्जन किया जाएगा. सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के हजारों जवान तैनात हैं. भारत मंडपम और VVIP रूट पर बहुस्तरीय सुरक्षा के साथ CCTV और एंटी-ड्रोन तकनीक से निगरानी की जा रही है.
---विज्ञापन---