Live Updates
19:31 (IST) 11 Mar 2024
दिखा रमजान का चांद, 12 मार्च से शुरू होंगे रोजे

सोमवार को रमजान का चांद दिख गया। 12 मार्च से देशभर में रोजे शुरू होंगे। कल पाक और मुक़द्दस माह ए रमजानुल मुबारक का पहला रोजा रखा जाएगा। देशभर में लोगों ने रमजान के चांद का दीदार किया है। चांद देखे जाने के बाद मुस्लिम इदारों ने रमजान के चांद देखे जाने की तस्दीक की है।

18:46 (IST) 11 Mar 2024
CAA लागू होने के बाद खुफिया एजेंसी अलर्ट

CAA लागू होने के बाद देशभर में खुफिया एजेंसी अलर्ट पर हैं। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर देश भर की सुरक्षा एजेंसियों की नजरें हैं। देश की राजधानी दिल्ली में पुलिस की साइबर विंग अलर्ट पर। यहां शाहीन बाग समेत दिल्ली भर में जहां सीएए के विरोध में प्रदर्शन हुए थे उन सभी जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

17:42 (IST) 11 Mar 2024

भाजपा सांसद के ‘संविधान बदलने’ वाले बयान पर नरेंद्र मोदी की चुप्पी खतरनाक: राहुल गांधी

राहुल गांधी बोले, भाजपा सांसद के ‘संविधान बदलने’ वाले बयान पर नरेंद्र मोदी की चुप्पी खतरनाक है। एक्स अकाउंट पर राहुल गांधी ने लिखा कि अब चुनाव दो विचारधाराओं के बीच है! संविधान या संघविधान, सामाजिक न्याय या शोषण, धर्मनिरपेक्षता या सांप्रदायिकता,

नागरिक अधिकार या बेबस जनता, बोलने की आज़ादी या डर भरी चुप्पी, मोहब्बत या नफ़रत, विविधता या एकाधिकार, न्यायपूर्ण व्यवस्था या तानाशाही अन्याय, आज़ादी के संघर्ष से मिली भारत की सबसे कीमती धरोहर, संविधान को बदलने का मतलब देश को गुलामी की ओर धकेलना है। आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का फैसला अब आपके हाथों में है।

17:10 (IST) 11 Mar 2024
आज रात 8 बजे CAA पर आएगा नोटिफिकेशन

आज रात 8 बजे CAA पर नोटिफिकेशन आएगा। कुछ देर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को संबोधित करेंगे। बताया जा रहा है कि वह अपने संबोधन में कुछ बड़ा ऐलान करेंगे।

16:50 (IST) 11 Mar 2024
कमर में बांध रखा था 3 करोड़ का सोना, एक गिरफ्तार

गुवाहाटी कस्टम विभाग ने एक शख्स को 3.24 करोड़ रुपये कीमत के तस्करी के सोने के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 4 किलो सोना बरामद हुआ है। कस्टम ने उसे उस समय धर-दबोचा जब वह कामाख्या रेलवे स्टेशन पर अवध असम एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश कर रहा था।

16:03 (IST) 11 Mar 2024
गाजीपुर में बस पर हाईटेंशन तार गिरा, आग लगने से कई लोग जिंदा जले

यूपी के गाजीपुर में बारातियों से भरी बस पर हाईटेंशन तार गिरने की खबर है। तार गिरने के बाद बस में आग लग गई। आग लगने से अब तक 25 लोगों के झुलसने और छह लोगों के मौत की खबर है। स्थानीय प्रशासन बचाव कार्य में जुटा है। फिलहाल मरने वालों की पुष्टि नहीं हुई है। बस में कुल 35 लोग सवार बताए जा रहे थे।

15:40 (IST) 11 Mar 2024
मध्यप्रदेश की धार भोजशाला में होगा आर्कियोलॉजिकल सर्वे

मध्यप्रदेश की धार भोजशाला का आर्कियोलॉजिकल सर्वे होगा। दरअसल, सरस्वती मंदिर भोजशाला के वैज्ञानिक सर्वेक्षण के लिए हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस ने इंदौर हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। हाई कोर्ट ने एएसआई को वैज्ञानिक सर्वेक्षण करने का आदेश दिया।

15:36 (IST) 11 Mar 2024
संविधान बदलना चाहते हैं भाजपा और आरएसएस: मल्लिकार्जुन खड़गे

कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि भाजपा और आरएसएस का भारी बहुमत लेकर संविधान बदलने का इरादा है। एक प्रेस वार्ता में उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पीएम मोदी खुद ऐसा नहीं बोल पाते लेकिन उनकी पार्टी के लोग खुलेआम ऐसा कह रहे हैं। बता दें बीते दिनों कर्नाटक में बीजेपी पार्टी से सांसद अनंत कुमार हेगड़े ने इसे लेकर बयान दिया था।

13:06 (IST) 11 Mar 2024
लोकसभा चुनाव से पहले अजित पवार को झटका

लोकसभा चुनाव से ठीक पहले महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार को बड़ा झटका लगा है। उनके बेहद करीबी माने जाने वाले और अजित के गुट के विधायक नीलेश लंके ने शरद पवार से हाथ मिलाने का फैसला कर लिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार पारनेर से विधायक नीलेश अगले 2-3 दिन के अंदर शरद पवार की पार्टी में शामिल हो जाएंगे।

11:12 (IST) 11 Mar 2024
चुनावी बॉन्ड मामले में सुनवाई शुरू

चुनावी बॉन्ड मामले में एसबीआई की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई शुरू हो गई है। एसबीआई की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे पेश हुए हैं। याचिका में चुनावी बॉन्ड्स का ब्योरा देने के लिए और समय देने की मांग की गई है। साल्वे ने पीठ से कहा कि बॉन्ड खरीदने की तारीख और खरीदने वाले के नाम की जानकारी अलग-अलग कोड की गई थी, इसे डिकोड करने में समय लगेगा।

12:07 (IST) 11 Mar 2024
एसबीआई को सुप्रीम कोर्ट से झटका

सुप्रीम कोर्ट ने एसबीआई की उस मांग को मानने से इनकार कर दिया है जिसमें उसने चुनावी बॉन्ड का डाटा निर्वाचन अधिकारी को भेजने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की थी। शीर्ष अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद एसबीआई को आदेश दिया कि वह पूरा डाटा कल यानी मंगलवार तक उपलब्ध कराए।

11:48 (IST) 11 Mar 2024
प्रक्रिया पलटने की कोशिश कर रही एसबीआई

हरीश साल्वे ने सुप्रीम कोर्ट से कहा कि एसबीआई को केवल एक समस्या है कि यह पूरी प्रक्रिया को रिवर्स करने की कोशिश कर रही है। चुनावी बॉन्ड्स योजना के लिए बनाई गई एसओपी में सुनिश्चित किया गया था कि बैंक के कोर सिस्टम में खरीदार के नाम और बॉन्ड नंबर की जानकारी नहीं होगी। बैंक से यह कहा गया था कि यह एक सीक्रेट था।

11:39 (IST) 11 Mar 2024
एसबीआई की मांग पर क्या बोला सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस बात की जांच किए जाने कि जरूरत है कि क्या एसबीआई सही आधार पर समय बढ़ाने की मांग कर रही है। एसबीआई ने इसके पीछे का कारण यह बताया है कि इलेक्टोरल बॉन्ड्स को डिकोड करने और उन्हें डोनर्स के साथ मैच करने की प्रक्रिया में काफी समय लग रहा है।

11:29 (IST) 11 Mar 2024
सुप्रीम कोर्ट ने एसबीआई पर दागे सवाल

एसबीआई ने अपनी याचिका में चुनावी बॉन्ड्स की जानकारियां निर्वाचन आयोग के साथ साझा करने के लिए और समय की मांग की है। इसे लेकर पीठ ने बैंक के वकील हरीश साल्वे से पूछा कि एसबीआई ने पिछले 26 दिन में क्या किया? यह आपकी अर्जी में नहीां बताया गया है। आपको यह बताना चाहिए था कि कोर्ट के आदेश के बाद इसे लेकर क्या-क्या किया गया है।

11:18 (IST) 11 Mar 2024
एसबीआई ने क्या दी दलील

सुनवाई में एसबीआई की ओर से पेश हो रहे हरीश साल्वे की बात सुनने के बाद मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने उनसे कहा कि आपके एप्लिकेशन में ही बताया गया है कि चंदा देने वालों की जानकारी सील्ड कवर में संबंधित ब्रांच में रखी गई है। इन सभी सील्ड कवर्स को मुंबई मेन ब्रांच भेज दिया गया है। जस्टिस संजीव खन्ना ने साल्वे से कहा कि आपको सील्ड कवर ही तो खोलने हैं, इसमें दिक्कत क्या है?

11:16 (IST) 11 Mar 2024
एसबीआई के खिलाफ याचिका में क्या?

एसबीआई की याचिका के साथ एक और याचिका पर भी सुप्रीम कोर्ट सुनवाई करेगा। इसमें एसबीआई के खिलाफ अवमानना का एक्शन किए जाने की मांग की गई है। एडीआर (एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स) और एक एनजीओ की ओर से दाखिल इस याचिका में कहा गया है कि चुनावी बॉन्ड की जानकारी साझा करने में एसबीआई ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का जानबूझकर उल्लंघन किया है।

11:03 (IST) 11 Mar 2024
चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति को लेकर कांग्रेस की SC से अपील

कांग्रेस नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर मांग की है कि केंद्र सरकार को चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति करने से रोका जाए। मध्य प्रदेश कांग्रेस के एक नेता ने 2023 के एक फैसले का उदाहरण देते हुए दो निर्वाचन आयुक्तों की सुप्रीम कोर्ट में नियुक्ति के फैसले को चुनौती दी है।

10:53 (IST) 11 Mar 2024
इनकम टैक्स मामले में दिल्ली हाईकोर्ट पहुंची कांग्रेस

कांग्रेस पार्टी ने बचे हुए कर के रूप में 105 करोड़ रुपये के इनकम टैक्स नोटिस के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। पार्टी ने इस नोटिस पर रोक लगाने की मांग की है। बता दें कि शुक्रवार को इनकम टैक्स अपीलीय प्राधिकरण ने आयकर विभाग की कार्यवाही और बैंक खातों की रिकवरी व उन्हें फ्रीज किए जाने पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी थी।

09:33 (IST) 11 Mar 2024
अयोध्या पहुंचे राजस्थान के सीएम

राजस्थान के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता भजनलाल शर्मा आज अयोध्या पहुंचे हैं। यहां वह राम मंदिर में भगवान राम के दर्शन करेंगे। शर्मा के साथ उनकी कैबिनेट के मंत्री भी हैं।

09:08 (IST) 11 Mar 2024
मोदी के स्वागत के लिए गुरुग्राम तैयार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए गुरुग्राम में तैयारियां की जा रही हैं। पीएम मोदी आज यहां द्वारका एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे।

Breaking News Live: सोमवार को रमजान का चांद दिख गया। 12 मार्च से देशभर में रोजे शुरू होंगे। देशभर में CAA लागू हो गया है। जिसके बाद CAA लागू होने के बाद देशभर में खुफिया एजेंसी अलर्ट पर हैं। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर देश भर की सुरक्षा एजेंसियों की नजरें हैं। सुप्रीम कोर्ट में आज चुनावी बॉन्ड मामले में एसबीआई की ओर से दाखिल याचिका पर सुनवाई हुई। इसमें शीर्ष अदालत ने एसबीआई को झटका देते हुए चुनावी बॉन्ड का डाटा कल तक उपलब्ध कराने के लिए कहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारका एक्सप्रेसवे समेत 112 नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया। बेंगलुरु में पानी के संकट को लेकर भाजपा के नेता और कार्यकर्ता आज कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। अमेरिका के लॉस एंजिलिस में प्रतिष्ठित ऑस्कर अवार्ड्स कार्यक्रम का आयोजन हुआ।