अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू सहित पांच विधानसभा उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए। आज नामांकन के आख़िरी दिन तक विपक्ष के किसी उम्मीदवार ने नामांकन परचा ही दाखिल नहीं किया। गौरतलब है कि अरुणाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनाव होंगे। इसी साल जून में अरुणाचल प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने वाला है। नई सरकार का गठन उससे पहले होना जरूरी है।
BJP ने लोकसभा चुनावों के मद्देनजर कई राज्यों में पार्टी नेताओं को चुनाव प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त किया है। ओपी धनकड़ को दिल्ली का प्रभारी और अलका गुर्जर को सह प्रभारी बनाया गया है। दिनेश शर्मा को महाराष्ट्र का प्रभारी और निर्मल कुमार और जय भान सिंह पवैया को सह प्रभारी बनाया गया है। बता दें 19 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होगा। 4 जून को मतगणना की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस उपचुनाव समेत 10 सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस को छोड़ कर जो लोग भाजपा में गए है उनके लिए हिमाचल के लोगो में भारी रोष है।
बक्सर से लोकसभा चुनाव का टिकट कटने के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे की नाराजगी दूर करने की कोशिश जारी है। इसी कड़ी के तहत अश्विनी चौबे आज शाम बीजेपी मुख्यालय में एक घंटे से ज्यादा देर तक मौजूद रहे। इस दौरान अश्विनी चौबे की गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और संगठन महामंत्री बी एल संतोष के साथ मुलाकात हुई। पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात के बाद अश्विनी चौबे ने कल की प्रेस कॉन्फ्रेंस को रद्द किया। अश्विनी चौबे ने कल सुबह 11 बजे अपने दिल्ली स्थित आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई थी।
लोकसभा चुनाव के इतिहास में पहली बार महाराष्ट्र में डॉक्टरों की चुनावी ड्यूटी लगी है। बीएमसी के अंतर्गत आने वाले केईएम, सायन, नायर, कूपर अस्पताल के डॉक्टरों और नर्सों को चुनावी ड्यूटी पर लगाया गया है। अस्पताल के डीन भी चुनावी ड्यूटी पर होंगे। बीएमसी अस्पताल के अधिकतर स्टाफ चुनावी ड्यूटी पर रहेंगे। सिर्फ केएम अस्पताल के 900 में से 600 नर्सों की ड्यूटी लगाई गई है।
समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद जावेद अली भी मुरादाबाद रामपुर टिकट विवाद में कूद गए हैं। आज़म खां का नाम किए बिना उन्होंने लिखा है “नवाबों के दौर में भी मुरादाबाद कभी रामपुर के अधीन नहीं था। अब है।” जावेद अली चाहते थे एसटी हसन ही चुनाव लड़ें। पार्टी लाइन के खिलाफ उनके बयान को लेकर काफी चर्चा है। जावेद अली सपा में प्रोफेसर रामगोपाल यादव के करीबी माने जाते हैं।
पश्चिम बंगाल में आसनसोल के रानीगंज स्थित मंगलपुर इलाके मे दिल्ली कोलकाता राष्ट्रीय राज्य मार्ग पर एक ऑयल टैंकर देखते ही देखते जल उठा। हादसे के चलते राष्ट्रीय मार्ग करीब एक घंटे तक पूरी तरह जाम रहा। इसी बीच राहगीरों को यह डर भी सताने लगा कि कहीं टैंकर ब्लास्ट कर गया तो वह बच नहीं पाएंगे। इसी बीच मौके पर पहुंचे दमकल कर्मिंयों ने सूझबूझ दिखाते हुए टेंकर मे लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, फिलहाल टैंकर पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से जुड़ी बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि केजरीवाल को दिल्ली HC से फिलहाल कोई अंतरिम राहत नहीं मिली है। कोर्ट ने 2 अप्रैल तक ED को जवाब दाखिल करने को कहा है। 3 अप्रैल को मामले में आगे सुनवाई होगी।
बीमा भारती पूर्णिया से राजद की होगी उम्मीदवार। पूर्णिया में संवाददाता सम्मेलन कर बीमा भारती ने कहा कि राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उन्हें सिंबल भी दे दिया है और 3 अप्रैल को पूर्णिया सीट से नामांकन करेंगी। उन्होंने कहा कि महागठबंधन में कोई विवाद नहीं है । पूर्णिया में सभी महागठबंधन के दलों का समर्थन उन्हें प्राप्त है। पप्पू यादव के सवाल पर उन्होंने कहा कि पप्पू यादव भी उनके साथ हैं और यह सीट हम भारी मतों से जीतेंगे।
उत्तराखंड के गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल ने आज अपना नामांकन किया। इस दौरान केदारनाथ के पूर्व विधायक मनोज रावत समेत कई कांग्रेस नेता उनके साथ मौजूद रहे।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कंगना रनौत को लेकर कांग्रेस के बयानों पर तीखा पलटवार किया है। सिंधिया का कहना है कि जिस पार्टी या दल में महिलाओं के प्रति ना कोई मान ना कोई सम्मान है,उस पार्टी से और क्या उम्मीद की जा सकती है। भारतीय जनता पार्टी ने भारत माता को माता माना है भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश में चार शक्तियों को उभारने का काम किया है। प्रधानमंत्री जी सदैव कहते हैं कि महिला युवा गरीब और किसान इनके उत्थान के लिए हमें काम करना है। कांग्रेस पार्टी न महिलाओं को सम्मान करती है ना शक्ति का सम्मान करती है, ऐसे में जो शक्तियों का नकारेगा जो मातृशक्तियों को नीचे दिखाने की कोशिश करेगा। उसको स्वतः ही जनता सिखाएगी और जनता ही कांग्रेस पार्टी को जवाब आने वाले 4 जून को पूर्ण रूप से देगी, इसका मुझे पूरा विश्वास है।
पंजाब में आम आदमी पार्टी को झटका लगा है। जालंधर से आम आदमी पार्टी के सांसद सुशील रिंकू बीजेपी में शामिल हो गए हैं। बता दें कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में 13 में से 8 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए थे। इनमें जालंधर से मौजूदा सांसद सुशील रिंकू का नाम भी शामिल था।
महाराष्ट्र के बीड से बीजेपी उम्मीदवार पंकजा मुंडे को एक बार फिर मराठा समाज के लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा है। मराठा समाज ने पंकजा मुंडे की गाड़ी को रोका, जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज तक करना पड़ा। पुलिस की सुरक्षा में पंकजा की गाड़ी को बाहर निकाला गया। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को हल्के लाठीचार्ज का भी सहारा लेना पड़ा। पंकजा बीड के केज तालुका में पावनधाम दर्शन करने पहुंची थी। इसके पहले भी पंकजा को मराठाओं ने काले झंडे दिखाकर उनका विरोध किया था। पंकजा मुंडे पूर्व केंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे की बेटी हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तबीयत अचानक से बिगड़ गई है। ईडी की हिरासत में केजरीवाल का शुगर लेवल लगातार ऊपर नीचे हो रहा है। जानकारी के मुताबिक उनका शुगर लेवल 46 तक गिर गया है। डॉक्टर का कहना है कि शुगर लेवल का इतना नीचे जाना बहुत खतरनाक है।
अरविंद केजरीवाल की याचिका पर कोर्ट 4 बजे आदेश जारी करेगा। ऑर्डर वेबसाइट पर अपलोड होगा। इससे पहले ED के वकील ने कोर्ट से कहा कि मुझे केजरीवाल की याचिका पर जवाब देने के लिए समय चाहिए। अगर कोर्ट मुझे जवाब दायर करने का समय नहीं देता तो मेरी दलीलों को सुनने की जरूरत भी नहीं है। जवाब दायर करने का मेरा अधिकार है इससे वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
यूपी के अमरोहा में गठबंधन प्रत्याशी का लोकसभा क्षेत्र में विरोध जारी है। गठबंधन प्रत्याशी दानिश अली का पुतला फूंका गया है। माना जा रहा है कि ग्रामीणों इलाको में दानिश अली को लेकर भारी आक्रोश है। सांसद दानिश अली के लापता होने के भी पोस्टर लगाए गए थे। प्रधान पति ने ग्रामीणों के साथ प्रत्याशी दानिश अली का पुतला फूंका है। दानिश अली कांग्रेस व सपा गठबंधन से लोकसभा से प्रत्याशी हैं।
उत्तराखंड की नैनीताल लोकसभा सीट से बीजेपी कैंडिडेट अजय भट्ट ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। इस दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।
भारतीय जनता पार्टी के पीलीभीत लोकसभा से प्रत्याशी जितिन प्रसाद ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद बाहर निकले जितिन प्रसाद ने कहा कि यह मेरे लिए बहुत सौभाग्य की बात है कि बीजेपी नेतृत्व में पीलीभीत की सीट से मुझे उम्मीदवार बनाया गया है। जितिन प्रसाद ने कहा कि इस बार प्रचंड बहुमत मिलेगा और फिर से ऐतिहासिक कमल खिलेगा और तीसरी बार रिकॉर्ड सीटों से नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने वीडियो जारी कर संदेश दिया है। देखिए उन्होंने क्या क्या कहा…