बेंगलुरु में मेट्रो से सफर कर रही एक महिला ने एक युवक पर चोरी से उसका वीडियो बनाने का आरोप लगाया. महिला ने युवक को मौके पर ही पकड़ लिया और उससे फोन खोलने के लिए कहा. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. महिला की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
महिला का नाम सौपिका बताया गया है. यह घटना मंगलवार को शाम करीब 4:30 बजे व्हाइटफील्ड-कडुगोडी इलाके में चल रही मेट्रो ट्रेन में हुई. सौपिका ने इंस्टाग्राम पर घटना के वीडियो शेयर किए. वीडियो में वह युवक से पूछती नजर आईं, ‘तुम मेरा वीडियो क्यों बना रहे थे?’ उन्होंने युवक से अपना फोन अनलॉक करने को भी कहा. लेकिन , युवक वीडियो बनाने की बात से इनकार करता रहा .
सौपिका ने बताया कि घटना के दौरान वह काफी घबरा गई थीं. उन्होंने वीडियो में कहा, ‘मैं अभी भी कांप रही हूं. मैंने इस युवक को मेट्रो में चोरी से मेरा वीडियो बनाते हुए पकड़ा’. वीडियो में मेट्रो के सुरक्षा कर्मचारी भी दिखाई दिए. सौपिका के मुताबिक, जब ट्रेन स्टेशन पर पहुंची, तो युवक वहां से भागने की कोशिश करने लगा. उन्होंने उसका फोन सुरक्षा कर्मचारियों को दिया, लेकिन युवक फोन वापस छीनकर भाग गया. सौपिका ने लोगों से युवक की पहचान करने में मदद करने की अपील भी की. उन्होंने बताया कि उन्होंने मेट्रो अधिकारियों से भी शिकायत की थी.
अधिकारियों ने उन्हें सात दिन के अंदर आगे की जानकारी देने की बात कही थी. वीडियो में सौपिका ने अपने कपड़े भी दिखाए. उन्होंने बताया कि घटना के समय उन्होंने पूरे शरीर को ढकने वाले डिसेंट कपड़े पहने थे. उनका कहना था कि उनके कपड़ों का इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है.
इसके बाद मेट्रो की लिफ्ट में भी महिला और युवक के बीच बहस हुई. सौपिका ने युवक से कहा कि वह इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर डाल देंगी. इस पर युवक ने माफी मांगी, लेकिन जब महिला ने पूछा कि क्या वह वीडियो बनाने की बात मान रहा है, तो उसने इससे इनकार कर दिया. सौपिका ने दोबारा युवक से फोन खोलने और उसका पासवर्ड बताने को कहा. लेकिन वीडियो में युवक फोन लेकर वहां से जाता दिखाई दिया.
वीडियो सामने आने के बाद बेंगलुरु पुलिस ने इंस्टाग्राम पर जवाब दिया. पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में FIR दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच चल रही है. बाद में सौपिका ने कडुगोडी पुलिस स्टेशन जाने के बाद एक और वीडियो शेयर किया. उन्होंने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने उनकी शिकायत पर FIR दर्ज की है और जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है. सौपिका के अनुसार, जांच कर रहे अधिकारियों ने वीडियो में दिख रहे युवक से मिलते-जुलते कुछ लोगों की पहचान की है. हालांकि, युवक की पहचान की अभी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस ने कहा है कि पहचान पक्की होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है.