Bypoll Election Results Live : चार राज्यों में एक लोकसभा और पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के वोटों की गिनती जारी है. छह अक्टूबर को पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर, तमिलनाडु की मदुरंताकम और धारापुरम, पुडुचेरी की थट्टनचावड़ी विधानसभा सीटों के साथ-साथ असम की नागांव लोकसभा सीट पर मतदान हुआ था. इस पूरे उपचुनाव में सबसे ज्यादा निगाहें पश्चिम बंगाल पर टिकी हैं. करीब 15 साल बाद टीएमसी को सत्ता से बेदखल कर सरकार बनाने वाली भाजपा के लिए यह पहला बड़ा राजनीतिक इम्तिहान है.
By Election Results 2026 Live Updates in Hindi:
- केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चार उपचुनावों में बीजेपी की जीत को लेकर विपक्ष पर तंज कसा है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए इसे पार्टी की जीत का ‘चौका’ बताया. चौहान ने कहा कि लोकतंत्र में हंगामे की आवाज कुछ समय तक सुनाई देती है, लेकिन जनता के फैसले का असर लंबे समय तक बना रहता है. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि अराजकता फैलाने वालों को भी जनता के फैसले से सबक लेना चाहिए. चौहान के मुताबिक, ऐसे लोग न देश की वास्तविकता को समझ सके और न ही जनता की भावनाओं को पहचान पाए. उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता का जनादेश ही हर सवाल का सबसे बड़ा और निर्णायक जवाब है.
- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में हसी रानी रथ की जीत पर उन्हें शुभकामनाएं दीं. उन्होंने चुनाव में समर्थन देने के लिए क्षेत्र की जनता का आभार जताते हुए कहा कि यह परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व की विकास-केंद्रित राजनीति में लोगों के विश्वास को दर्शाता है. शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल की नई बीजेपी सरकार के प्रति समर्थन जताने वाले मतदाताओं और पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं की भी सराहना की.
- तमिलनाडु उपचुनाव नतीजे : तमिलनाडु में मुख्यमंत्री जोसेफ विजय की अगुवाई वाली TVK मदुरंतकम में लगातार बढ़त बनाए हुए है. TVK की मरगथम कुमारवेल अभी 6000 से ज्यादा वोटों से आगे चल रही हैं. DMK के आई परंथमेन और AIADMK की एस कनिथा संपत दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं.
- तमिलनाडु उपचुनाव रिजल्ट : धारापुरम सीट पर TVK उम्मीदवार पी. सत्यभामा 9,600 से ज्यादा वोटों से आगे है. सत्यभामा अब तक 48,675 वोट मिले हैं. DMK की उम्मीदवार एस. सुगन्य जो पहले तीसरे नंबर पर थीं, अब 39,039 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर आ गई हैं. भानुमति तीसरे नंबर पर खिसक गई हैं, जिन्हें अब तक 31,067 वोट मिले हैं.
- असम उपचुनाव रिजल्ट : असम की नागांव लोकसभा सीट के उपचुनाव में BJP उम्मीदवार देवाशीष शर्मा ने सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल पर बढ़त बना ली है. भाजपा को अब तक 194917 वोट मिले हैं, जबकि अजमल को 115456 वोट मिले और कांग्रेस की सिबामनी बोरा 32643 वोटों के साथ काफी पीछे तीसरे स्थान पर हैं.
- बंगाल उपचुनाव : मुर्शिदाबाद जिले की मुस्लिम-बहुल रेजीनगर सीट पर भाजपा को चौंकाने वाली बढ़त मिली है. तीसरे राउंड की गिनती के बाद शंकरव सरकार आम जनता उन्नयन पार्टी के गुलाम नबी आजाद से 20000 से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं. भाजपा उम्मीदवार को अब तक 28366 वोट मिले हैं. AJUP प्रमुख हुमायूं कबीर के बेटे आजाद को 8109 वोट मिले हैं. कांग्रेस के अब्दुल्लाहिल 1705 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं. ममता की पार्टी के उम्मीदवार रबीउल आलम चौधरी को 1286 वोट मिले हैं.
- बंगाल रिजल्ट LIVE : नंदीग्राम में BJP की हसीरानी रथ ने अपनी बढ़त और बढ़ा ली है. उन्हें अब तक 24000 से ज्यादा वोट मिले हैं और वह 19600 वोटों से आगे चल रही हैं. कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान 4300 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं.
- पुडुचेरी में AINRC के अशोक आनंद जीते : AINRC के अशोक आनंद ने पुडुचेरी की थट्टनचावडी सीट कुल 13358 वोटों से जीत ली है. वहीं, कांग्रेस के ई. विनायगम 4876 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर रहे.
- नंदीग्राम चुनाव परिणाम : नंदीग्राम में शुरुआती दौर में BJP की उम्मीदवार हसीरानी रथ 9600 वोटों से आगे चल रही हैं. कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान दूसरे स्थान पर हैं.
- नागांव चुनाव रिजल्ट : असम के नागांव में भाजपा के देवाशीष शर्मा की बढ़त और बढ़ गई है. ताजा रुझानों के मुताबिक, वह अभी 26000 से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं. AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल दूसरे स्थान पर हैं. कांग्रेस तीसरे स्थान पर है.
- रेजीनगर में BJP की बढ़त : बंगाल की रेजीनगर सीट पर भाजपा के शंकरव सरकार ने अपनी बढ़त और बढ़ा ली है. वह अभी 11000 से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं. उन्हें अब तक 11,614 वोट मिले हैं. कांग्रेस के मोहम्मद अब्दुल्लाहिल 581 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर हैं. आम जनता उन्नयन पार्टी के उम्मीदवार गुलाम नबी आजाद को 446 वोट मिले हैं.
- पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम-रेजीनगर सीट पर भाजपा उम्मीदवार आगे बने हुए हैं. अगर ये रुझान नतीजों में बदलते हैं तो यह कांग्रेस और ममता बनर्जी के लिए बड़ा झटका होगा.
- तमिलनाडु की धारापुरम विधानसभा उपचुनाव : एआईएडीएमके की भानुमति आगे बनी हुई हैं, वहीं, टीवीके के पी सत्यबामा और डीएमके की सुगन्या पीछे चल रहे हैं.
- असम की नागांव सीट : रुझानों के मुताबिक BJP के देवाशीष शर्मा आगे चल रहे हैं. AIUDF अध्यक्ष मोहम्मद बदरुद्दीन अजमल और INC की शिबमोनी बोरा पीछे हैं.
- पुडुचेरी थट्टनचावडी सीट : ऑल इंडिया N.R. कांग्रेस के उम्मीदवार अशोक आनंद आगे चल रहे हैं, कांग्रेस के ई. विनयगम और DMK के के. सेतु पीछे हैं.
- पश्चिम बंगाल के AICC प्रभारी प्रकाश जोशी का कहना है, ‘कांग्रेस पार्टी और उसके कार्यकर्ताओं ने जिस तरह से यह चुनाव लड़ा, उसे देखते हुए हमें पूरी उम्मीद और भरोसा है कि हम चुनाव जीतेंगे. नंदीग्राम के लोगों ने सच्चाई समझ ली है, खासकर यह कि कैसे सुवेंदु अधिकारी ने पूरे चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की और प्रशासन की मदद से वोटरों को डराया-धमकाया गया. हमने चुनाव आयोग को हमारे पक्ष में निष्पक्ष भूमिका निभाते हुए नहीं देखा. इन सबके बीच, बूथ लूटे गए, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की खुलेआम पिटाई और उन पर हमले हुए, दुकानों में आग लगा दी गई, घरों पर हमले हुए और प्रचार वाहनों में तोड़-फोड़ की गई.’
- तमिलनाडु के मदुरंतकम में कड़ी सुरक्षा के बीच मदुरंतकम विधानसभा उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती चल रही है. NTK के मदुरंतकम उम्मीदवार जानकीरमन का कहना है कि असली बदलाव NTK लाएगी, TVK नहीं. हमें लोगों पर भरोसा है.
बंगाल में BJP का पहला इम्तिहान
सबसे ज्यादा नजरे बंगाल की नंदीग्राम सीट पर है. 2011 में वाममोर्चे की विदाई की जमीन तैयार करने वाला नंदीग्राम ही है. 2021 और 2026 में यहां से सुवेंदु अधिकारी जीते थे. इस बार भाजपा ने हसीरानी राठ को मैदान में उतारा है, जिनके बेटे और सीएम के पूर्व सहयोगी चंद्रनाथ राठ की चुनाव नतीजों के दो दिन बाद हत्या कर दी गई थी.
वहीं, विपक्ष को देखें तो नंदीग्राम में एकजुट नहीं है. ममता बनर्जी गुट ने अपना उम्मीदवार वापस लेकर कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को समर्थन दिया है. जबकि ऋतब्रत बनर्जी गुट अलग ताल ठोक रहा है.
इसके अलावा रेजीनगर सीट पर हुमायूं कबीर के बेटे गोलम नबी आजाद, भाजपा, कांग्रेस, सीपीआई(एम) और टीएमसी के दोनों धड़ों के बीच कड़ा मुकाबला है. दोनों सीटों पर करीब 80 फीसदी वोटिंग दर्ज हुई थी.
तमिलनाडु में TVK सरकार की पहली परीक्षा
तमिलनाडु में मई में सरकार बनाने वाली तमिलगा वेत्री कझगम के लिए यह पहला उपचुनाव है. मदुरंताकम और धारापुरम दोनों सीटों पर टीवीके की साख दांव पर लगी है. प्रमुख विपक्षी दल AIADMK इन सीटों को दोबारा अपने पाले में लाने के लिए पूरी ताकत झोंक चुका है, जो अप्रैल के आम चुनाव में टीवीके के खाते में गई थीं. मदुरंताकम में 86.26 फीसदी और धारापुरम में 80.30 फीसदी मतदान दर्ज हुआ था.
असम की नागांव लोकसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला
असम की नागांव संसदीय सीट पर कांटे की टक्कर है. यह सीट तब खाली हुई थी जब कांग्रेस सांसद प्रद्युत बरदोलोई ने पार्टी छोड़कर भाजपा के टिकट पर डिस्पुर विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी. यहां भाजपा के देवाशीष शर्मा, कांग्रेस की सिबामोनी बोरा और AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है. इस सीट पर करीब 76 फीसदी वोट डले थे.
इनके अलावा पुडुचेरी की थट्टनचावड़ी विधानसभा सीट पर 80.8 फीसदी वोट पड़े थे. यह सीट मुख्यमंत्री एन. रंगासामी द्वारा मंगलम सीट अपने पास रखने और इसे छोड़ने के बाद खाली हुई थी, जिसके बाद उपचुनाव करवाया गया.