ममता के विधायकों की शपथ वैध नहीं, जुर्माना भरो, बंगाल के राज्यपाल का अजीबोगरीब फरमान

TMC MLA Oath Taking: बंगाल राजभवन ने टीएमसी के दो विधायकों की शपथ को असंवैधानिक बताते हुए उन पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया है। बता दें कि इस मामले में सीएम और राजभवन के बीच पिछले 2 महीने से टकराव देखने को मिल रहा है।

Bengal Raj Bhavan Fines TMC MLAs

बंगाल गर्वनर और सीएम ममता बनर्जी

Bengal Raj Bhavan Fines TMC MLAs: पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने टीएमसी के 2 विधायकों पर जुर्माना लगाया है। विधायकों ने सोमवार को बताया कि उन्हें राजभवन की ओर से 2 ई-मेल मिले हैं जिनमें शपथ ग्रहण की वैधानिकता पर सवाल उठाते हुए 500 रुपये का जुर्माना भरने को कहा गया है। बता दें कि विधानसभा स्पीकर बिमान बनर्जी ने 5 जुलाई को विधानसभा में 2 विधायकों शपथ दिलाई थी। इन दो विधायकों में रयान हुसैन सरकार और सायंतिका बनर्जी शामिल थे। जबकि शपथ के लिए राजभवन ने विधानसभा के डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी को नियुक्त किया था। ऐसे में इस मामले में राजभवन और सरकार आमने-सामने आ गए थे।

पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार टीएमसी विधायक रयान हुसैन सरकार ने कहा कि ईमेल में दोनों विधायकों पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। दोनों के विधानसभा सत्र के पहले दिन सदन में उपस्थित रहने से संवैधानिक मानदंडों का उल्लंघन हुआ है। वहीं इस मामले में विधायक सायंतिका बनर्जी ने कहा कि हमने विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात की और उन्हें ईमेल दिखाया है।

हम नहीं भरेंगे जुर्माना

विधायक सायंतिका ने कहा कि विधानसभा स्पीकर का कार्यालय इस मामले को देख रहा है। लोकतंत्र का मंदिर कहे जाने वाले विधानमंडल में शपथ लेने के बाद निर्वाचित प्रतिनिधियों के रूप में सत्र में भाग लेने पर हमें कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि वे विधानसभा सत्र में भाग लेती रहेंगी। हालांकि उन्होंने जुर्माना भरने से इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि मैंने कोई अनुचित काम नहीं किया है। वहीं राजभवन के सूत्रों की मानें तो संबंधित विधायकों को ईमेल भेजे गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष से इस मामले को लेकर बातचीत नहीं हो सकी है।

इसलिए हुआ विवाद

शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तृणमूल कांग्रेस सरकार और राज्यपाल बोस के बीच टकराव जून के दूसरे सप्ताह में शुरू हुआ था, जब राज्यपाल ने दोनों विधायकों को शपथ समारोह के लिए राजभवन आने को कहा था, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया था। इसके चलते टीएमसी ने घोषणा की कि वह शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं होगी।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ