Bhupesh Baghel-Gaurav Gogoi Convoy Attacked: असम के नगांव लोकसभा उपचुनाव के कैंपेन के दौरान सोमवार, 21 सितंबर 2026 को समागुड़ी इलाके में कांग्रेस नेताओं के काफिले पर पथराव को लेकर तनाव पैदा हो गया. इस काफिले में छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम और असम कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई, सांसद रकीबुल हुसैन और पार्टी उम्मीदवार सिबामोनी बोरा समेत कई नेता मौजूद थे.
काले झंडे दिखाने के बाद बिगड़ा माहौल
जब बरमा इलाके से कांग्रेस का काफिला गुजर रहा था, तब इस दौरान कुछ लोगों ने कथित तौर पर काले झंडे दिखाए और ‘गो बैक’ के नारे लगाए. इसके बाद कांग्रेस और बीजेपी समर्थकों के बीच विवाद बढ़ गया और काफिले में शामिल कुछ गाड़ियों पर पत्थर फेंके जाने की बात सामने आई. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में नकाब पहने लोगों की तरफ से काफी दूर से पत्थर फेंके जाने का भी जिक्र है. इस पथराव में कई कार के शीशे टूट गए, कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि उसके नेताओं को निशाना बनाया गया. हालांकि हिंसा की शुरुआत किसने की और पूरी घटना के लिए कौन जिम्मेदार है, ये अभी कंफर्म नहीं हो पाया है.
भूपेश बघेल का सीएम हिमंत पर निशाना
भूपेश बघेल ने अपनी कार का वीडियो शेयर करते हुए एक्स पर लिखा, ‘आज नगांव में चुनाव प्रचार के लिए जा रहे कांग्रेस के काफिले पर भाजपा के लोगों ने प्राणघातक हमला किया है. हमारी कारों पर पत्थरों से हमले हुए, कार का शीशा टूट गया. अंदर बैठे एआईसीसी के सचिव मनोज चौहान और अन्य साथियों को चोटें आईं हैं.’
‘मैं और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई जिस कार में थे उस पर तो एसिड तक फेंका गया. गनीमत है कि कार के शीशे बंद थे. मोटर साइकिलों पर बड़ी दूर तक हमारा पीछा तक किया गया. कुछ में भाजपा के झंडे भी लगे थे. बहुत से साथी घायल हुए हैं. हमने थाने में रपट लिखाई है. फिर हम कलेक्टर और एसपी से भी मिले.’
‘आज भाजपा का चेहरा एक बार फिर बेनकाब हुआ है. सीएं हिमंत बिस्वा सरमा के गुंडाराज का पर्दाफाश हुआ है. एक सवाल चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी है क्योंकि आचार संहिता के बाद कानून व्यवस्था चुनाव आयोग की जिम्मेदारी होती है. भाजपा के इस हमले की वजह है लोकसभा उपचुनाव चुनाव में हारने का डर. न कांग्रेस डरने वाली है और न असम की जनता. हम लड़ेंगे और जीतेंगे.’
गौरव गोगोई का बीजेपी पर आरोप
गौरव गोगोई ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि उनके और भूपेश बघेल की कार पर पत्थर और बोतलें फेंकी गईं. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस को पहले ही भीड़ कंट्रोल करने के लिए कहा गया था. कांग्रेस ने घटना की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. नगांव लोकसभा उपचुनाव के लिए 6 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 9 अक्टूबर को वोटों की गिनती होगी. कांग्रेस ने सिबामोनी बोरा को उम्मीदवार बनाया है.
सिक्योरिटी बढ़ाई गई
इस घटना के बाद इलाके में पुलिस और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया. भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया. सुरक्षाबलों पर भी पथराव की खबर सामने आई है. बाद में कांग्रेस नेताओं को सुरक्षा घेरे में वहां से निकाला गया. अब पुलिस आरोपों की जांच और आरोपियों की तलाश कर रही है.
संबंधित खबरें
अरब सागर में भारतीय नौसेना ने लुटेरों से छुड़ाए जहाज समेत 20 क्रू मेंबर्स
3 hrs agoगोकर्ण बीच पर बड़ा हादसा, लहरों में बह गए बेंगलुरु के 3 टेक कर्मचारी
4 hrs ago120 KMPH की हवा, भारी बारिश... अर्नब के बाद चक्रवात 'मुरासु' का विकराल रूप
4 hrs agoNCP विलय की चर्चा क्यों, अमित शाह से अजित गुट के नेताओं को क्या मिली नसीहत?
5 hrs ago'आप विदेशी मदद से PM बने', राहुल का PM मोदी पर पलटवार, खुली बहस की चुनौती
8 hrs agoओडिशा में किसानों पर दोहरी मार, अर्नब के बाद मुरासु साइक्लोन का खतरा
9 hrs ago'हवाई सफर मत करें', प्लेन के किराये में भारी बढ़ोतरी पर SC की दो टूक
11 hrs agoदिवाली पर ग्रीन पटाखे फोड़ने की SC ने दी मंजूरी; घंटे भी किए फिक्स
12 hrs agoआजम खान को SC से तगड़ा झटका, ED की गिरफ्तारी पर तुरंत सुनवाई से इनकार
12 hrs agoक्या स्टिंग ऑपरेशन करना भारत में है कानूनी, क्या कहता है सुप्रीम कोर्ट?
12 hrs agoन्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
Know More: Editorial Guidelines