असम में भूपेश बघेल और गौरव गोगोई की सुरक्षा में बड़ी चूक, काफिले पर हुआ पथराव; गाड़ियों के शीशे टूटे

Nagaon Lok Sabha Bypoll: असम की नगांव लोकसभा सीट पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव के लिए वोटिंग होगी, ऐसे में यहां प्रचार जोरों पर है. इस बीच खबर आई है कि छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल की कार पर पथराव किया गया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हैं.

Bhupesh Baghel @bhupeshbaghel PTI

भूपेश बघेल की कार पर पथराव (Photo-X/@bhupeshbaghel and PTI)

Bhupesh Baghel-Gaurav Gogoi Convoy Attacked: असम के नगांव लोकसभा उपचुनाव के कैंपेन के दौरान सोमवार, 21 सितंबर 2026 को समागुड़ी इलाके में कांग्रेस नेताओं के काफिले पर पथराव को लेकर तनाव पैदा हो गया. इस काफिले में छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम और असम कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई, सांसद रकीबुल हुसैन और पार्टी उम्मीदवार सिबामोनी बोरा समेत कई नेता मौजूद थे.

विज्ञापन

काले झंडे दिखाने के बाद बिगड़ा माहौल

जब बरमा इलाके से कांग्रेस का काफिला गुजर रहा था, तब इस दौरान कुछ लोगों ने कथित तौर पर काले झंडे दिखाए और ‘गो बैक’ के नारे लगाए. इसके बाद कांग्रेस और बीजेपी समर्थकों के बीच विवाद बढ़ गया और काफिले में शामिल कुछ गाड़ियों पर पत्थर फेंके जाने की बात सामने आई. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में नकाब पहने लोगों की तरफ से काफी दूर से पत्थर फेंके जाने का भी जिक्र है. इस पथराव में कई कार के शीशे टूट गए, कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि उसके नेताओं को निशाना बनाया गया. हालांकि हिंसा की शुरुआत किसने की और पूरी घटना के लिए कौन जिम्मेदार है, ये अभी कंफर्म नहीं हो पाया है.

विज्ञापन

भूपेश बघेल का सीएम हिमंत पर निशाना

भूपेश बघेल ने अपनी कार का वीडियो शेयर करते हुए एक्स पर लिखा, ‘आज नगांव में चुनाव प्रचार के लिए जा रहे कांग्रेस के काफिले पर भाजपा के लोगों ने प्राणघातक हमला किया है. हमारी कारों पर पत्थरों से हमले हुए, कार का शीशा टूट गया. अंदर बैठे एआईसीसी के सचिव मनोज चौहान और अन्य साथियों को चोटें आईं हैं.’

‘मैं और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई जिस कार में थे उस पर तो एसिड तक फेंका गया. गनीमत है कि कार के शीशे बंद थे. मोटर साइकिलों पर बड़ी दूर तक हमारा पीछा तक किया गया. कुछ में भाजपा के झंडे भी लगे थे. बहुत ‌से साथी घायल हुए हैं. हमने थाने में रपट लिखाई है. फिर हम कलेक्टर और एसपी से भी मिले.’

विज्ञापन

‘आज भाजपा का चेहरा एक बार फिर बेनकाब हुआ है. सीएं हिमंत बिस्वा सरमा के गुंडाराज का पर्दाफाश हुआ है. एक सवाल चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी है क्योंकि आचार संहिता के बाद कानून व्यवस्था चुनाव आयोग की जिम्मेदारी होती है. भाजपा के इस हमले की वजह है लोकसभा उपचुनाव चुनाव में हारने का डर. न कांग्रेस डरने वाली है और न असम की जनता. हम लड़ेंगे और जीतेंगे.’

गौरव गोगोई का बीजेपी पर आरोप

गौरव गोगोई ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि उनके और भूपेश बघेल की कार पर पत्थर और बोतलें फेंकी गईं. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस को पहले ही भीड़ कंट्रोल करने के लिए कहा गया था. कांग्रेस ने घटना की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. नगांव लोकसभा उपचुनाव के लिए 6 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 9 अक्टूबर को वोटों की गिनती होगी. कांग्रेस ने सिबामोनी बोरा को उम्मीदवार बनाया है.

विज्ञापन

सिक्योरिटी बढ़ाई गई

इस घटना के बाद इलाके में पुलिस और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया. भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया. सुरक्षाबलों पर भी पथराव की खबर सामने आई है. बाद में कांग्रेस नेताओं को सुरक्षा घेरे में वहां से निकाला गया. अब पुलिस आरोपों की जांच और आरोपियों की तलाश कर रही है.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Shariqul Hoda

Shariqul Hoda

न्यूज़ 24 डिजिटल में शारिकुल होदा सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. मुख्य तौर पर वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खबरें लिखते हैं. शारिकुल ने 2008 में दूरदर्शन में बतौर इंटर्न अपनी शुरुआत की, इसके बाद वह दैनिक जागरण, टीवी टुडे नेटवर्क, जनसंदेश, श्री न्यूज़, भारत खबर, स्पोर्ट्सकीड़ा, WION और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. उन्होंने 3 लोकसभा चुनाव और कई विधानसभा चुनाव से लेकर देश की बड़ी घटनाओं को कवर किया है. अपने डेढ़ दशक के मीडिया करियर में शारिकुल ने देश की राजनीति, इंटरनेशनल डिप्लोमेसी, खेलकूद से जुड़ी घटनाओं की अच्छी समझ हासिल की है. कितने साल का तजुर्बा: 16 साल शिक्षा: शारिकुल ने बैंगलोर यूनिवर्सिटी (आचार्य इंस्टीट्यूट) से बीए जर्नलिज्म और गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (एपीजे इंस्टीट्यूट) से मास्टर्स इन जर्नलिज्म और मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई की है.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ