'गालियां देने वाले बच्चों को माफ करना चाहता हूं', PM मोदी का नया VIDEO
Author: Shariqul Hoda
2026-07-31 23:12:15
PM Narendra Modi Forgive Students Who Abused Him: जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी को लेकर काफी बच्चों ने अपशब्द कहे, जिसके बाद वो बीजेपी सर्मथकों के निशाने पर आ गए. कुछ के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई, तो कई लोगों को ऑनलाइन निशाना बनाया गया. इन सब के बीच प्रधानमंत्री ने 31 जुलाई की रात एक वीडियो मैसेज के जरिए इन सभी बच्चों को माफ कर दिया.
पीएम मोदी ने क्या कहा?
पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने वीडियो मैसेज में कहा, ‘Hi Friends, आज तो मन करता है कि बस आपसे ही बातें करूं, जंतर-मंतर पर जो कुछ हुआ देश और दुनिया ने देखा. कुछ शरारती बच्चों ने भद्दी-भद्दी गालियां दीं. किसी भी सभ्य समाज को शोभा न दे, ऐसे शब्दों का प्रयोग किया गया.’
बच्चों को गले लगाने की अपील
पीएम मोदी ने आगे कहा, ‘मुझे तो गालियां दी गईं, मेरी स्वर्गीय माता को भी गालियां दी गईं, न जाने कितना भद्दा स्वरूप था. लेकिन मैं आज बात करना चाहता हूं कि बचपन में गलतियां होती हैं, और बचपन में गलतियों से सुधरने का अवसर भी होता है, और यही तो बचपना है. इसलिए मैं समाज के अंदर, जो आक्रोश है, उसे भलीभांति समझ सकता हूं, एक कल्चरल शॉक है कि हमारी बेटियां इस तरह की भाषा कैसे बोल सकती हैं, लेकिन समय है इन बच्चों को गले लगाकर राह दिखाने का.’
बच्चों को किया माफ
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘ये गुमराह बच्चे हैं उनको राह दिखाना हमारा काम है, उनको सजा देना, अदालतों के चक्कर कटवाना, समाज में उनको प्रताड़ित करना, इससे हम परिस्थितियां नहीं बदल सकते, मैं उन्हें माफ करना चाहता हूं. समाज भी मेरी बात को स्वीकार करे, क्योंकि मेरे मन में एक ही भाव है, कभी-कभी दांतों तले हमारी जीभ आ जाती है, खून निकल आता है, लेकिन हम दांत तोड़ते नहीं हैं, क्यों दांत भी हमारे हैं और जीभ भी हमारी है, बच्चे भी हमारे हैं, उन्हें राह दिखाना हमारा काम है.’
‘देश को मिलकर आगे बढ़ाएं’
पीएम मोदी ने आखिर में कहा, ‘गुमराह को राह दिखाना कठिन होता है, लेकिन ये काम हमको करना है. और इसलिए आओ.. मैं इन बच्चों को कहता हूं आओ, हम देश के लिए साथ मिलकर आगे बढ़ें, कुछ नया सीखें. गलतियों से भी सीखें, अपने सपनों को लेकर चल पड़ें, देश बहुत आगे बढ़ रहा है, आगे बढ़ने वाला है. और आपका भी आगे बढ़ना निश्चित हो, यही मेरा सपना है. मैं आपके लिए जीता हूं, आपके उज्ज्वल भविष्य के लिए खपता हूं. आओ हम देश को मिलकर आगे बढ़ाएं. बहुत बहुत धन्यवाद दोस्तों. बस आओ, गलतियों से सीखो, आगे बढ़ो.’
न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
Know More: Editorial Guidelines